आंगन में खेल रही थी बच्ची, कुत्ते ने सिर और पीठ पर बुरी तरह से नोचा, बड़े घाव होने से मौत


Last Updated:

Ratlam News: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में उस समय दर्दनाक हादसा हो गया, जब एक घर के आंगन में खेल रही एक बच्ची पर कुत्ते ने हमला कर दिया. कुत्ते ने उसे बुरी तरह से नोच लिया. बाद में आवाज सुनकर पड़ोसी पहुंचे थे और वह उसे अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक बच्ची की मौत हो गई थी.

Top Deals Inside

आंगन में खेल रही थी बच्ची, कुत्ते ने सिर और पीठ पर नोचा, बड़े घाव होने से मौतZoom

कुत्ते ने बच्ची को नोंचा (AI तस्वीर)

मध्य प्रदेश के रतलाम के पलसोड़ी गांव में तीन साल की मासूम पर कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया. तीन साल की मनीषा घर के आंगन में खेल रही थी. सिर और पीठ पर बुरी तरह नोचे जाने से बच्ची की मौत हो गई. घटना के वक्त दादा-दादी खेत में थे, जबकि माता-पिता अजमेर में मजदूरी करने गए हैं.

कुत्ते ने बच्ची को बुरी तरह से नोचा
मामला गुरुवार शाम करीब 5 बजे का है. मनीषा जब घर के आंगन में खेल रही थी. वहां गाय भी बंधी थी. इसी दौरान एक बाहरी कुत्ता आंगन में घुस आया और बच्ची पर हमला कर दिया. कुत्ते के हमले से मासूम संभल नहीं पाई. कुत्ते ने उसके सिर और पीठ पर बुरी तरह से नोच लिया. कुत्ते ने आंगन में बंधी गाय पर भी हमला किया.

बच्ची की आवाज से पहुंची महिलाएं
बच्ची के रोने की आवाज सुनकर आसपास रहने वाली महिलाएं मौके पर पहुंचीं और कुत्ते को भगाया. इसके बाद बच्ची को अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई. लेकिन घायल बच्ची ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. शव को पीएम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया है. डीडीनगर थाना पुलिस जांच में जुटी है.

पुलिस कर रही मामले की जांच
अस्पताल के डॉक्टर जीवन चौहान ने बताया कि बच्ची के सिर और पीठ पर कुत्ते ने बुरी तरह नोचा था और दोनों जगह बड़े घाव थे. थाना प्रभारी अनुराग यादव ने बताया कि उन्हें आवारा कुत्ते के हमले में बच्ची की मौत की सूचना मिली है और अब शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि पुलिस इस घटना की जांच करेगी.

पड़ोसी ने बताया सच
बच्ची को अस्पताल लेकर आए उसके पड़ोसी राजू ने बताया कि घटना के समय बच्ची के दादा-दादी खेत पर थे, जबकि उसके माता-पिता मजदूरी के लिए अजमेर में थे. संभवतः अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में बच्ची की मौत हो गई थी.



Source link