Last Updated:
Business Success Story: 15 साल की उम्र में शादी और 47 की उम्र में बिजनेस शुरू करने वाली दिल्ली की उर्मिला गिल आज एक सफल बिजनेसवुमेन हैं. मिलेट्स और मोटे अनाज से बने उनके प्रोडक्ट्स की मांग देश-विदेश तक है. इस स्टार्टअप से उनकी रोजाना की कमाई 50 हजार से डेढ़ लाख रुपये तक होती है.
नई दिल्लीः कहते हैं कि अगर आपके पास हुनर हो तो आप जिंदगी के किसी भी मोड़ पर वह मुकाम हासिल कर सकते हैं जिसका आपने सपना देखा था. दरअसल यह सिर्फ कहावत ही नहीं है बल्कि असल जिंदगी में भी दिल्ली की रहने वाली उर्मिला गिल ने इसे सच साबित करके दिखाया है. उनकी जिंदगी बहुत ही उतार-चढ़ाव से भरी हुई रही. 15 साल की उम्र में शादी हो गई. बचपन खेती किसानी में ही बीता था. 16 साल की उम्र में मां बन गई थी. 18 साल की उम्र में दो बच्चे हो गए थे जिनकी जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई थी. शादी और फिर बच्चों की जिंदगी बनाने में उन्होंने अपने खुद के सपनों को कहीं पीछे छोड़ दिया था.
उन्होंने घर परिवार को ही अपनी जिंदगी बना लिया था. सब कुछ सही चल रहा था तभी पति को ब्रेन स्ट्रोक हुआ जिस वजह से पति का आधा शरीर लकवा ग्रस्त हो गया. इससे भी उर्मिला टूटी नहीं बल्कि उन्होंने अपनी हिम्मत जारी रखी. बड़ी बहन की एक सलाह ने उनकी और उनके परिवार की जिंदगी बदल दी. उन्हें एक गृहिणी से बना दिया बिजनेस वूमेन और आज उनकी कमाई 50,000 रुपए से लेकर डेढ़ लाख रुपए तक की हो रही है. एक महीने में या यूं कहें कभी-कभी एक सप्ताह में ही वह इतना कमा लेती हैं. चलिए आपको बताते हैं उनकी सफलता की कहानी.
साल 2023 में शुरू किया बिजनेस
उर्मिला गिल ने बताया कि वह अपने बच्चों के लिए मिलेट्स यानी मोटे अनाज और आटे के तमाम प्रोडक्ट बनाती थी जिसमें बिस्किट से लेकर काफी कुछ खाने पीने का होता था. घर आने वाले मेहमानों को वह इसे गिफ्ट कर देती थी. तब एक दिन उनकी बहन रोशनी ने उनसे कहा कि अब फ्री में किसी को भी कुछ गिफ्ट मत करना. अब इसे तुम अपना बिजनेस बनाओ. बहन ने सलाह दी और साथ दिया और यहीं से शुरू हुआ साल 2023 में उर्मिला गिल का खुद का बिजनेस जिसे उन्होंने अपने ही नाम पर रखा.
साल 2024 में उन्हें दस्तकारी में पहला स्टॉल लगाने का मौका मिला. जहां पर रोज उनका पूरा स्टॉक बिक जाता था. रोजाना उनकी 50000 रुपए से लेकर डेढ़ लाख रुपए तक की कमाई हो रही थी. आज 2026 में एक बार फिर वह दस्तकारी आ चुकी हैं और उन्होंने अपना स्टॉल लगाया है. उर्मिला गिल ने खास बातचीत में बताया कि ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों तरीके से वह अपने प्रोडक्ट को बेचती हैं. घर से उनकी कमाई 50000 रुपए की है जबकि इस तरह के इवेंट में उनकी कमाई डेढ़ लाख रुपए तक पहुंच जाती है.
दिल्ली हाई कोर्ट की कैंटीन में भी बिकता है इनका प्रोडक्ट
उर्मिला गिल ने बताया कि दिल्ली हाई कोर्ट के जज भी उनके इस मोटे अनाज के बने हुए प्रोडक्ट को बहुत इस्तेमाल करते हैं और काफी पसंद करते हैं. यही वजह है कि दिल्ली हाई कोर्ट के एक जज ने उन्हें पहला आर्डर दिया था. उसके बाद उन्होंने ही दिल्ली हाई कोर्ट की कैंटीन तक उनके प्रोडक्ट को पहुंचा दिया था. आज दिल्ली हाई कोर्ट से भी उनके पास तमाम ऑर्डर आते हैं. इसके अलावा उनका यह प्रोडक्ट हैदराबाद, मध्य प्रदेश, भोपाल और बेंगलुरु से लेकर ढाका तक जाता है, इसलिए अब उनका टर्नओवर लगातार बढ़ रहा है.