Last Updated:
Tiger Shroff Firing: मुंबई में टाइगर श्रॉफ पर हमले के मामले में बिहार के ऋतिक को भी अरेस्ट किया गया है. उसकी मां का कहना है कि उनका बेटा निर्दोष है उसे फंसाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि- ऋतिक मुंबई में ज्योति नाम की लड़की से शादी करने वाला था. उसी के परिवार ने ऋतिक को फंसाया होगा. मां संयुक्ता देवी ने बताया कि 1 अक्टूबर को ऋतिक क्या-क्या कहकर गया था…
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के आरोपी ऋतिक की मां ने क्या बताया?
बेगूसरायः बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग केस में बिहार के बेगूसराय का ऋतिक कुमार उर्फ रोशन पुलिस की गिरफ्त में है. उसकी गिरफ्तारी के बाद परिवार परेशान है. मां संयुक्ता देवी का कहना है कि उनका बेटा बेकसूर है. उसे इस मामले में फंसाया गया. उन्होंने बताया कि ऋतिक 1 अक्टूबर को मुंबई जाने की बात कहकर घर से निकला था. उसने वहां गेस्ट हाउस खोलने की बात कही थी. परिवार को क्या पता था कि मुंबई जाने के बाद उसका नाम इतने बड़े मामले से जुड़ जाएगा.
कोटा से गिरफ्तार हुआ ऋतिक
मुंबई पुलिस ने ऋतिक को 19 अक्टूबर को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया था. उसके साथ दो अन्य आरोपियों को भी पकड़ा गया. इनमें हरियाणा के सोनीपत का रेहान उर्फ सुक्का और हरियाणा का फूल सिंह शामिल हैं. तीनों को बुधवार तड़के मुंबई लाया गया. इसके बाद मुंबई की एक अदालत ने उन्हें 31 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया. टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में पुलिस जांच कर रही है. इस मामले में सात और आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है. अब तक कुल 10 आरोपी पकड़े जा चुके हैं.
मां बोलीं- मेरा बेटा बेकसूर
ऋतिक की मां संयुक्ता देवी ने बेटे की गिरफ्तारी की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि 20 अक्टूबर को कोटा पुलिस ने उन्हें फोन किया था. पुलिस ने बताया कि उनके बेटे को मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया है. संयुक्ता के मुताबिक, पुलिस ने कहा कि ऋतिक एक बदमाश को लिफ्ट देने के चक्कर में फंस गया है. उन्होंने मामले की पूरी जांच कराने की मांग की है. हालांकि, 19 अक्टूबर को जब ऋतिक की गिरफ्तारी की खबर आई थी, तब उसकी मां ने उसे पहचानने से इनकार कर दिया था. तस्वीर देखकर उन्होंने कहा था कि यह उनका बेटा नहीं है. बाद में कोटा पुलिस के फोन के बाद उन्हें गिरफ्तारी की जानकारी मिली.
मुंबई में शादी करने वाला था ऋतिक
संयुक्ता देवी ने बताया कि उनका बेटा मुंबई में एयरपोर्ट पर काम करने वाली ज्योति नाम की लड़की से प्यार करता था. दोनों की जल्द शादी होने वाली थी. मां ने आशंका जताई कि लड़की के घर वालों ने उनके बेटे को फंसा दिया होगा. मालूम हो कि, ऋतिक पहले दिल्ली में एक कैटरर के यहां खाना बनाने का काम करता था. उसकी मां के मुताबिक, एक अक्टूबर को वह मुंबई जाने की बात कहकर घर से निकला था. उसने कहा था कि वहां गेस्ट हाउस खोलेगा. 17 अक्टूबर को दोपहर करीब तीन बजे ऋतिक की अपने पिता रामू महतो से बात हुई थी. इसके बाद उससे संपर्क नहीं हो पाया. उसका मोबाइल भी बंद बता रहा था.
बेगूसराय में छोटी दुकान चलाता है परिवार
ऋतिक का परिवार बेगूसराय के सिंघौल थाना क्षेत्र के डुमरी गांव के वार्ड-7 में रहता है. हालांकि, उसका मूल गांव मटिहानी थाना क्षेत्र का बदलपुरा है. उसके पिता रामू महतो और मां संयुक्ता देवी पिपरा चौक पर चाय-नाश्ते और कॉस्मेटिक्स की छोटी दुकान चलाते हैं. करीब दो साल पहले परिवार ने डुमरी में आठ धुर जमीन पर घर बनाया था. बेगूसराय के सदर एसडीपीओ-1 प्रशांत कुमार ने बताया कि मामले की जांच मुंबई पुलिस कर रही है. ऋतिक के माता-पिता से पूछताछ की जा चुकी है.