Last Updated:
Fuel Price : भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतें देखकर आपको भी लगता होगा कि खाड़ी देशों में ईंधन काफी सस्ता मिल रहा होगा. खाड़ी देशों में तेल का उत्पादन सबसे ज्यादा होता है तो यह ख्याल आना गलत नहीं है. लेकिन, अगर आप दुबई और दिल्ली की तुलना करें तो पता चलेगा कि दुबई में पेट्रोल-डीजल दिल्ली से कहीं ज्यादा महंगा है.
दुबई में पेट्रोल और डीजल की कीमत दिल्ली से भी ज्यादा है.
नई दिल्ली. सुनने में अटपटा जरूर लग सकता है लेकिन यह 100 फीसदी सच है कि भारत में दुबई से भी सस्ता पेट्रोल-डीजल बिक रहा है. यूएई का शहर दुबई वैसे तो दुनियाभर में तेल की सप्लाई करने के लिए जाना जाता है, लेकिन यहां के लोगों को खुद महंगा तेल खरीदना पड़ता है. भारत के मुकाबले देखें तो दुबई में पेट्रोल और डीजल दोनों महंगा है. इनकी कीमतों में अंतर इतना बड़ा है कि आप एक बार कार की टंकी फुल कराते हैं तो सैकड़ों रुपये की बचत हो जाती है. हालांकि, भारत में अलग-अलग राज्यों में तेल की कीमत भी अलग है लेकिन राजधानी दिल्ली के मुकाबले देखा जाए तो दुबई में ईंधन काफी महंगा है.
वैसे तो दुबई में कई ग्रेड के पेट्रोल बिकते हैं, लेकिन हम ऐसे ग्रेड से तुलना करेंगे जो भारत में भी बिकता है. दुबई में Special 95 ग्रेड वाले पेट्रोल की कीमत 4.28 दिरहम है. दिरहम को भारतीय करेंसी में बदलें तो एक दिरहम करीब 25.80 रुपये का होता है. इस लिहाज से पेट्रोल की कीमत 110.42 रुपये लीटर होती है. इसी ग्रेड का पेट्रोल दिल्ली में 102.12 रुपये लीटर बिक रहा है. इसका मतलब है कि दुबई में स्पेशल 95 ग्रेड वाला पेट्रोल दिल्ली के मुकाबले 8 रुपये लीटर महंगा बिक रहा है. एक कार की टंकी अगर 40 लीटर की है तो उसे फुल कराने में दुबई के मुकाबले दिल्ली में करीब 320 रुपये की बचत होगी.
डीजल पर कितने पैसे बचेंगे
पेट्रोल की तो बात छोड़ें अगर डीजल की कीमतें देखें तो दुबई में मामला और भी संगीन है. यहां डीजल की एक ही ग्रेड मिलती है और यह 4.80 दिरहम प्रति लीटर है. भारतीय करेंसी में देखें तो यह कीमत 123.84 रुपये लीटर आती है. अगर दिल्ली में डीजल की कीमत देखें तो अभी 95.20 रुपये प्रति लीटर है. इस लिहाज से एक लीटर डीजल की कीमत 28.50 रुपये ज्यादा है. इसका मतलब है कि 40 लीटर वाली कार की टंकी फुल कराने पर करीब 1,140 रुपये की बचत होगी. जाहिर है कि यह दिल्ली के मुकाबले काफी ज्यादा है.
यूएई में क्यों महंगा है डीजल
यूएई में डीजल महंगा होने का कई कारण है, लेकिन सबसे ज्यादा असर ग्लोबल मार्केट में सप्लाई कम होने की वजह से दिख रहा है. कच्चा तेल पैदा होने का मतलब यह नहीं है कि उस देश में ईंधन भी सस्ता होगा. यूएई में क्रूड बड़ी मात्रा में निकाला जाता है, लेकिन इसे रिफाइन करने की क्षमता नहीं है. यूएई भी दूसरे देशों से रिफाइन तेल का आयात करता है और अभी सप्लाई पर असर पड़ने की वजह से वहां डीजल की कीमतें बढ़ गई हैं. इसके मुकाबले भारत में रिफाइनिंग क्षमता काफी बड़ी है. साथ ही सरकार भी डीजल की कीमतों पर नियंत्रण बनाए हुए है.
अन्य खाड़ी देशों में क्या है तेल का दाम
- ओमान में सामान्य ग्रेड का पेट्रोल 56 और डीजल 63 रुपये लीटर बिक रहा है.
- बहरीन में भी सामान्य ग्रेड का पेट्रोल 56 और डीजल 61 रुपये लीटर है.
- सऊदी अरब में सामान्य ग्रेड वाले पेट्रोल की कीमत 52 और 43 रुपये लीटर है.
- कुवैत में पेट्रोल 27 रुपये लीटर और डीजल 36 रुपये लीटर बिक रहा है.
- कतर में पेट्रोल 14 रुपये तो डीजल 15 रुपये लीटर बिक रहा है.