Last Updated:
मध्य प्रदेश के नगरीय निकायों में हुई खरीदी में सामने आई करोड़ों की गड़बड़ियों पर अब मंत्री प्रतिमा बागरी का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि विभाग हर खरीद और निर्माण पर नजर रखता है. इस दौरान किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है. उसमें बताया गया कि 200 LED साठ लाख रुपए में खरीदे गए हैं.
एमपी में नगर निकाय की खरीदी में बड़ा झोल (AI तस्वीर)
मध्य प्रदेश में उस समय सियासी भूचाल आ गया, जब एमपी के नगरीय निकायों में सरकारी खरीद में गड़बड़ी की बात सामने आई. इसमें कचरा वाहन खरीदने में भी लापरवाही सामने आई. कहीं कचरा गाड़ी 2 लाख रुपए में खरीदी गई, तो वही कचरा गाड़ी एक जगह 6 लाख रुपए में खरीदी गई. अब इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. वीडियो पुराना बताया जा रहा है. लेकिन सामने अभी आया है. अब मंत्री प्रतिमा बागरी ने इसकी जांच करवाने की बात कही है, क्योंकि कांग्रेस लगातार इस पर हमलावर हो रही है.
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जो भोपाल के भौरी में मौजूद एक ट्रेनिंग सेशन की समीक्षा बैठक का बताया जा रहा है. इसमें मध्य प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव संजय दुबे गड़बड़ियों पर बोलते हुए दिखाई दे रहे हैं. उन्होंने बताया कि पिछले तीन सालों के दौरान शहरी स्थानीय निकायों द्वारा ‘गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस’ पोर्टल के माध्यम से की 1134 करोड़ रुपए की खरीदारी की.
60 लाख में खरीदे 200 LED बल्ब
इसी में बताया गया कि एक नगर निकाय ने दो लाख रुपए में कचरा गाड़ी खरीदी. इसके बाद इसमें चार डस्टबिन लगा दिए और वहीं कचरा गाड़ी दूसरे निकाय ने 6 लाख रुपए में खरीदी. कई लोगों ने इतनी कचरा गाड़ी खरीद ली, जितने कि वार्ड भी नहीं हैं. इसकी बुकिंग हुई है. खरीदी गई हैं. लेकिन पता नहीं कहां चल रही है. अब इस पर कार्रवाई की जाएगी. वीडियो में बताया गया कि 200 LED बल्ब 60 लाख में खरीदे गए.
मंत्री प्रतिमा बागरी ने जांच की कही बात
नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि इस तरह के मामलों में कार्रवाई की जाएगी. GeM पोर्टल पर होने वाली खरीद में अगर किसी भी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है, तो उसकी जांच कराई जाएगी. इसके साथ ही, समय-समय पर पोर्टल को अपग्रेड भी किया जाता है, ताकि अनियमितताओं के कारणों और उनके तरीकों का पता लगाया जा सके. उन्होंने कहा कि यदि किसी उत्पाद की कीमत में ज्यादा अंतर पाया जाता है, तो उसकी भी जांच कराई जाएगी.
उन्होंने कहा कि विभाग हर खरीद और निर्माण पर नजर रखता है. इस दौरान किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. उसकी भी जांच करवाई जाएगी. जांच के बाद दोषियों पर पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. सभी चीजें विभाग की निगरानी में हैं.