राधा के बैग में क्या था, बबीता को नहीं मालूम… टाइगर श्रॉफ के अटैक केस में बहन नीलम का खुलासा

राधा के बैग में क्या था, बबीता को नहीं मालूम… टाइगर श्रॉफ के अटैक केस में बहन नीलम का खुलासा


Last Updated:

टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के मामले में गिरफ्तार बबीता की बहन ने जानकारी दी है कि उसकी दीदी को यह मालूम ही नहीं था कि उसकी सहेली राधा के बैग में पिस्टल है. इसके अलावा उसने यह भी बताया कि पुलिस वाले ने बोला है कि उसने कुछ नहीं किया है, बस राधा के साथ थी, इसलिए गिरफ्तार किया गया है.

Zoom

टाइगर श्रॉफ अटैक केस में गिरफ्तार बबीता की बहन का खुलासा.

आज़मगढ़ः फिल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए अटैक के मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं. इस बीच टाइगर पर हमला करने वाले शूटरों की मदद करने वाली बबीता को लेकर नई जानकारी सामने आई है. आजमगढ़ जिले कि रहने वाली बबीता की बहन ने कई नई जानकारी दी है. बबीता की बहन नीलम ने कहा, ‘हमें पता ही नहीं चला कि घटना कब हुई. मंगलवार सुबह करीब 11 बजे मेरे भाई को फोन आया और बताया गया कि उनकी बहन को हिरासत में ले लिया गया है. मेरे भाई ने पूछा कि उन्हें किस जुर्म में हिरासत में लिया गया है और उन्होंने क्या गलती की है. उन्होंने बताया कि उनकी सहेली राधा के बैग में कुछ मिला था और चूंकि वह राधा के साथ थीं, इसलिए उन्हें भी हिरासत में ले लिया गया.’

नीलम ने कहा, ‘उन्होंने मान लिया कि दोनों इस मामले में साथ थीं. इसके बाद मेरे भाई ने अपनी बहन से बात करने को कहा. बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि वह निर्दोष हैं और उन्हें राधा के बैग में क्या था, इसकी कोई जानकारी नहीं थी. राधा ने बस उन्हें मंदिर चलने के लिए कहा था. वह मंदिर जाने के बहाने उन्हें ले गई थीं. वापस आते समय उन्हें एहसास हुआ कि वे कुछ गड़बड़ कर रही हैं, लेकिन गांव की लड़की को कितनी समझ हो सकती है.’

कुल 8 लोग हुए गिरफ्तार
पुलिस ने तीन शूटरों के अलावा कुल पांच लोगों की गिरफ्तारी की है. पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राज तिलक रोशन ने यहां प्रेसवार्ता में बताया था कि इन पांच लोगों को मुंबई लाया जा रहा है, जिससे इस मामले में अब तक गिरफ्तार लोगों की कुल संख्या आठ हो गई है. इससे पहले श्रॉफ की कार पर गोलीबारी में कथित तौर पर शामिल तीन मुख्य आरोपियों को राजस्थान के कोटा से मुंबई लाया गया और 31 अक्टूबर तक उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया गया. डीसीपी ने बताया कि लगातार तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ के आधार पर अपराध शाखा उस बड़े सिंडिकेट तक पहुंच गई, जो गोलीबारी में इस्तेमाल किए गए हथियारों को जुटाने और उनकी आपूर्ति करने के लिए जिम्मेदार था.

राधा-बबीता के साथ और कौन-कौन पकड़े गए
उन्होंने बताया कि सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर तथा दिल्ली एवं हरियाणा पुलिस के सहयोग से, एक साथ कई जगहों पर छापेमारी की गई  उन्होंने कहा कि इस दौरान दो पुरुषों और दो महिलाओं को पकड़ा गया, जबकि एक पांचवें संदिग्ध को हरियाणा के सोनीपत से हिरासत में लिया गया. दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत के कुणाल (21) और सुमित (19) तथा उत्तर प्रदेश की राधा (23) तथा बबीता (23) के रूप में की है.



Source link