Last Updated:
Bhagalpur News: भागलपुर में डबल मर्डर की घटना से सनसनी फैल गई. इस्माइलपुर में दुकान में सो रहे पति-पत्नी को बदमाशों ने गोली मार दी. बताया जा रहा है कि दंपति अपनी चाय-नाश्ते की दुकान में सो रहे थे. तभी बदमाशों ने पति को गोली मारी. जान बचाकर भागती हुई पत्नी के ऊपर फायरिंग कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई. घटना से ग्रामीणों में भारी गुस्सा है. आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है.
इस्माइलपुर में पति-पत्नी की गोली मारकर हत्या.
भागलपुरः बिहार के भागलपुर से दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई. जहां एक दंपति की गोली मारकर हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि दोनों अपनी चाय-नाश्ते की दुकान में सो रहे थे. तभी बदमाशों ने घुसकर उन पर गोलियां बरसा दीं, जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई. घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस महकमा मौके पर जा पहुंचा, लेकिन बौखलाए ग्रामीणों ने गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया.
मामला नवगछिया के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के हटिया का है. जहां सुबह अपराधियों ने पति-पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतकों की पहचान रंजन और उनकी पत्नी किरण देवी के रूप में की गई. दोनों चाय-नाश्ते की दुकान चलाते थे. स्थानीय लोगों के मुताबिक, दंपती दुकान में सो रहे थे. तभी अपराधियों ने रंजन को गोली मार दी. इसके बाद घर की ओर जा रही किरण देवी पर भी गोलीबारी की, जिससे उनकी मौत हो गई.
डबल मर्डर से बौखलाए ग्रामीण
घटना की सूचना पर इस्माइलपुर और गोपालपुर थाने की पुलिस, सहायक पुलिस अधीक्षक सायम रजा मौके पर पहुंचे. आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया. ग्रामीणों के अनुसार, दो दिन पहले मृतक के भाई की ढाई वर्षीय बच्ची भी लापता हो गई थी. हालांकि, बच्ची के लापता होने और दंपती की हत्या के बीच किसी संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के बाद से परिवार वालों को रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार का कहना है कि बदमाशों ने दोनों को गोली मारकर हत्या कर दी. इससे पहले भी बदमाशों ने परिवार को डराने धमकाने की कोशिश की थी. इसके साथ ही कहा जा रहा है कि दो दिन पहले परिवार की एक बच्ची लापता हो गई थी. उसकी गुमशुदगी को लेकर भी बदमाशों पर शक जताया जा रहा है. परिजनों ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.