Last Updated:
Akhilesh Yadav – Azam Khan Meeting News :अखिलेश यादव के जेल के बाहर दिए गए इस बयान से संकेत मिलता है कि आजम खान से मुलाकात के दौरान चुनावी रणनीति और गठबंधन से जुड़े विषयों पर भी दोनों के बीच खासा चर्चा हुई. हालांकि, उन्होंने सूची में शामिल प्रस्तावों या संभावित सीटों के बारे में जानकारी नहीं दी. आइये जानते हैं डिटेल में…
अखिलेश यादव ने जेल में आजम खान से मुलाकात की.
रामपुर : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रामपुर जेल में पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान से मुलाकात की. इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने बीजेपी और चुनाव आयोग पर निशाना साधा. अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी का पढ़ाई-लिखाई और इल्म से 36 का आंकड़ा है. अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी के लोग भ्रष्ट अधिकारियों का साथ लेते हैं और हाल ही में वोट चोरी के मामले में पकड़े गए हैं. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी 2022 से आरोप लगा रही है कि चुनाव आयोग बीजेपी से मिला हुआ है. अब यह बात धीरे-धीरे साफ होती जा रही है कि चुनाव आयोग सीधे बीजेपी से मिला हुआ है.
आजम खान से चुनाव को लेकर हुई चर्चा
आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन को लेकर चर्चा के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि आजम खान से उनकी काफी लंबी बातचीत हुई है. उन्होंने बताया कि गठबंधन के सहयोगियों की ओर से चुनाव को लेकर एक बड़ी सूची आई है. वह उस सूची को लेकर आजम खान से चर्चा करने पहुंचे थे.
आजम खान की सेहत पर क्या बोले अखिलेश?
आजम खान की तबीयत को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि उनका स्वास्थ्य बेहतर है, लेकिन जेल की परेशानियां बनी रहेंगी. उन्होंने बताया कि वह आजम खान के परिवार से मिलने भी जा रहे हैं. विपक्ष के इस आरोप पर कि अखिलेश यादव को चुनाव के समय आजम खान की याद आई है, सपा प्रमुख ने कहा, “वो परिवार है और परिवार के बीच में कोई पहली बार नहीं आया.
यूपी चुनाव से पहले अहम मानी जा रही मुलाकात
रामपुर में अखिलेश यादव और आजम खान की मुलाकात को आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. बातचीत में गठबंधन के सहयोगियों की सूची का जिक्र और आजम खान की सेहत पर दिया गया बयान इस मुलाकात के प्रमुख पहलू रहे. हालांकि, सीटों के बंटवारे, गठबंधन की अंतिम रणनीति या चुनावी फैसलों को लेकर अभी कोई साफ घोषणा नहीं की गई है.