Last Updated:
Ground Report: पूर्वी चंपारण के मधुबन में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद इलाके में डर और आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि इस घटना ने पूरे इलाके को शर्मसार कर दिया है. खासकर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है. स्थानीय ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
महिला से हैवानियत करने वाले आठों आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं.
मोतिहारीः 18 अक्टूबर को एक महिला के साथ 8 युवकों ने गैंगरेप किया. हैवानियत की हद तक पार कर दी, जब महिला के पति को पेड़ से बांधा और उसके सामने ही महिला से घिनौना काम करते रहे. पुलिस ने एक्शन लेते हुए अगले ही दिन आठों आरोपियों को धरदबोचा था. अब लोग उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. इस घटना ने मधुबन इलाके के लोगों को झकझोर कर रख दिया. महिलाओं में अपनी सुरक्षा को लेकर दहशत है. एक ग्रामीण महिला ने घटना पर बात करते हुए कहा कि- अब हम घर स कैसे निकलेंगे, हमारी रक्षा कौन करेगा?
पूर्वी चंपारण के मधुबन थाना क्षेत्र में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद इलाके में शर्मिंदगी और डर का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस घटना को अंजाम देने वाले युवक शिवहर जिले के रहने वाले हैं, लेकिन वारदात मधुबन थाना क्षेत्र में होने के कारण चंपारण के लोगों को शर्मिंदगी महसूस करनी पड़ रही है. ग्रामीणों के मुताबिक, इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.
8 लोगों ने महिला से की थी हैवानियत
दरअसल, नवरात्र के दौरान शिवहर जिले के श्यामपुर भटहां में दुर्गा पूजा का मेला देखने आई एक महिला के साथ आठ युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था. पीड़ित महिला और सभी आरोपी शिवहर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं. हालांकि, घटनास्थल शिवहर जिले की सीमा से कुछ ही दूरी पर मधुबन थाना क्षेत्र में होने के कारण मामला मधुबन थाने में दर्ज किया गया. जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की. इस घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश हैं. वे पकड़े गए सभी आठ आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
महिलाओं ने कहा- हमारी सुरक्षा कौन करेगा?
स्थानीय युवक दिनेश कुमार यादव, राकेश सिंह और खेत में काम करने वाली महिला रानी देवी ने इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि वे खुद को शर्मसार महसूस कर रहे हैं. उनका कहना है कि एक महिला के साथ आठ युवकों की इस करतूत ने पूरे इलाके को शर्मिंदा कर दिया है. ग्रामीणों ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि अब घर से निकलने में भी डर लग रहा है. यह चिंता बनी हुई है कि आखिर उनकी सुरक्षा कौन करेगा. इसी डर और आक्रोश के बीच ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.