Kim Jong Un New Pictures: अरे जिंदा हूं मैं मौत की अफवाहों के बीच प्रकट हुए किम जोंग उन दिखे कपड़े-जूते की दुकान में

Kim Jong Un New Pictures: अरे जिंदा हूं मैं मौत की अफवाहों के बीच प्रकट हुए किम जोंग उन दिखे कपड़े-जूते की दुकान में


Last Updated:

Kim Jong Un Alive: उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन को लेकर पिछले कुछ दिनों से अफवाह थी कि या तो उनकी मौत हो गई है या फिर वे कोमा में हैं. हालांकि अब कुछ नई तस्वीरें जारी करके बताया गया है कि वो न सिर्फ जिंदा हैं बल्कि स्वस्थ भी हैं.

ख़बरें फटाफट

Zoom

किम जोंग उन की तस्वीरों ने लगाई अटकलों पर विराम.

Kim Jong Un Alive: उत्तर कोरिया के लीडर किम जोंग उन की मौत को लेकर सोशल मीडिया पर कई दिनों से अफवाहें फैल रही हैं. दावा किया जा रहा था कि उन्हें ब्रेन हैमरेज हुआ, जिसके बाद वे कोमा में चले गए और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. उत्तर कोरिया ने इस पर कोई जवाब तो नहीं दिया था लेकिन वहां की सरकारी मीडिया ने किम जोंग उन की कुछ नई तस्वीरें जारी की हैं, जिनमें वे जूते और कपड़ों की प्रदर्शनी का निरीक्षण करते दिखाई दे रहे हैं.

न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक ये तस्वीरें सोमवार को उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी केसीएनए की ओर से जारी की गईं. तस्वीरों में किम बच्चों के जूते देखते, अधिकारियों से बातचीत करते और महिलाओं के कोट का निरीक्षण करते नजर आ रहे हैं. एक तस्वीर में वे गुलाबी रंग के छोटे जूते को झुककर देखते दिखाई देते हैं. दूसरी तस्वीर में वे अधिकारियों की ओर हाथ से इशारा कर रहे हैं. उत्तर कोरियाई मीडिया ने किम के प्रदर्शनी दौरे की जानकारी दी है, लेकिन उनकी मौत से जुड़ी अफवाहों पर सीधे तौर पर कोई बयान नहीं दिया है.

किम जोंग उन की ताजा तस्वीरें आईं सामने.

सोशल मीडिया पर कैसे फैली मौत की खबर?

किम जोंग उन की मौत का दावा अमेरिका में रहने वाले चीन में सीडीपी के चेयरमैन वानजुन शी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किया था. उन्होंने 19 अक्टूबर को कई पोस्ट में दावा किया कि किम को गंभीर ब्रेन हैमरेज हुआ था और वे कोमा में चले गए थे. शी के मुताबिक चीन के पेकिंग यूनियन मेडिकल कॉलेज अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों को किम के इलाज के लिए उत्तर कोरिया भेजा गया था. बाद में उन्होंने दावा किया कि किम को बेहतर इलाज के लिए बीजिंग ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके. उन्होंने यह भी कहा कि किम का शव गुप्त रूप से उत्तर कोरिया वापस लाया गया है.

हालांकि इन दावों के समर्थन में कोई मेडिकल रिपोर्ट, विश्वसनीय प्रत्यक्षदर्शी या अन्य स्वतंत्र रूप से जांचे जा सकने वाले सबूत सामने नहीं आए हैं.

बहन के सत्ता संभालने की भी अफवाह 

शी ने यह दावा भी किया कि किम की मौत के बाद उनकी बहन किम यो जोंग ने देश की कमान संभाल ली है. उन्होंने उत्तर कोरिया में संभावित सत्ता परिवर्तन और चीन की सैन्य गतिविधियों को लेकर भी कई दावे किए. इनमें प्योंगयांग में चीन के 9000 सैनिक भेजे जाने की बात शामिल है. न तो उत्तर कोरिया और चीन की ओर से इन खबरों पर कोई प्रतिक्रिया दी गई है.

किम जोंग की सेहत को लेकर अटकलें पहले भी 

किम जोंग उन की सेहत को लेकर पहले भी कई बार अटकलें लग चुकी हैं. साल 2020 में भी उनकी मौत की अफवाह फैली थी. उस समय दक्षिण कोरिया के एक पूर्व सांसद ने उनकी मौत की संभावना जताई थी, लेकिन बाद में किम सार्वजनिक रूप से दिखाई दिए थे. फिलहाल उनकी मौत से जुड़ी खबरों की पुष्टि नहीं हुई है. सरकारी मीडिया की ओर से जारी नई तस्वीरें सामने जरूर आई हैं, लेकिन इस पर कोई तारीख नहीं दी गई है.



Source link