Last Updated:
Instant Jalebi Recipe: दशहरे का त्योहार हो और मिठाई की बात न हो, ऐसा कैसे हो सकता है! इस खास मौके पर घरों में कई तरह के पकवान और मिठाइयां बनाई जाती हैं. अगर आप भी दशहरे पर कुछ मीठा और स्वादिष्ट बनाने की सोच रहे हैं, तो जलेबी एक बेहतरीन विकल्प है. आमतौर पर जलेबी बनाने के लिए घोल को कई घंटों तक खमीर उठाने के लिए रखना पड़ता है. लेकिन अगर आपके पास इतना समय नहीं है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. आप बिना खमीर उठाए भी झटपट जलेबी बना सकते हैं.
इस इंस्टेंट जलेबी की खासियत ये है कि इसे बनाने में लगभग 20 मिनट लगते हैं. बाहर से कुरकुरी और अंदर से चाशनी में डूबी रसीली जलेबी खाने में बेहद स्वादिष्ट लगती है. इसे बनाने के लिए आपको मैदा, दही, घी और ईनो जैसी चीजों की जरूरत होती है, जो आमतौर पर ज्यादातर घरों के किचन में मौजूद होती है. सही तरीके से घोल तैयार करके और गर्म चाशनी में जलेबी डालकर आप घर पर ही मिठाई की दुकान जैसी जलेबी का आनंद ले सकते हैं. आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी. (फोटो क्रेडिट- Chef Neha Deepak Shah इंस्टाग्राम)
इंस्टेंट जलेबी बनाने के लिए सामग्री: जलेबी का घोल बनाने के लिए – आधा कप मैदा, आधा छोटा चम्मच ईनो, एक चौथाई कप से थोड़ा ज्यादा पानी, एक बड़ा चम्मच दही, एक छोटा चम्मच घी, जरूरत के अनुसार तलने के लिए तेल. चाशनी बनाने के लिए – चीनी और पानी
अप्पे पैन में इंस्टेंट जलेबी बनाने का तरीका: स्टेप 1- सबसे पहले घोल तैयार करें. इसके लिए मैदा और ईनो को एक बर्तन में डालें. इसमें घी मिलाकर अच्छी तरह मसलें, ताकि मिश्रण में मोयन लग जाए. अब इसमें दही और थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर मिलाएं. घोल को तब तक फेंटें, जब तक वह चिकना और चमकदार न हो जाए.
Add News18 as
Preferred Source on Google
स्टेप 2- जलेबी बनाने की तैयारी करें. इसके लिए तैयार घोल को पाइपिंग बैग या सॉस की बोतल में भर लें. इससे जलेबी को गोल आकार देना आसान होगा. दूसरी तरफ एक तार की चाशनी बनाकर उसे हल्का गर्म रखें.
स्टेप 3- जलेबी को आकार दें अगर आप पारंपरिक तरीके से जलेबी बना रहे हैं, तो मध्यम से तेज आंच पर तेल गर्म करें. तेल बहुत ठंडा नहीं होना चाहिए, वरना जलेबी ठीक से फूलेगी नहीं. घोल को गोल-गोल घुमाते हुए तेल में डालें. जलेबी डालते ही ऊपर तैरने लगे, तो समझें कि तेल का तापमान सही है. वहीं, अगर आप अप्पे पैन का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो उसके गड्ढों में थोड़ा घी या तेल लगाकर गर्म करें. फिर घोल को गोल आकार में डालें और दोनों तरफ से सुनहरा होने तक पकाएं.
स्टेप 4- चाशनी में डालें जलेबी सुनहरी और कुरकुरी हो जाए, तो उसे तुरंत गर्म चाशनी में डाल दें. कुछ देर चाशनी में रहने दें, ताकि मिठास अंदर तक पहुंच जाए और जलेबी रसीली बने.
इन बातों का रखें ध्यान- जलेबी को स्वादिष्ट बनाने के लिए घोल न ज्यादा पतला रखें और न ही बहुत गाढ़ा. चाशनी हल्की गर्म होनी चाहिए, ताकि जलेबी उसमें अच्छी तरह मिठास सोख सके. जलेबी को चाशनी में डालने में ज्यादा देर न करें. इसे तुरंत परोसें, ताकि इसका कुरकुरापन और स्वाद बरकरार रहे.