क्वाड की मीटिंग कब होगी, क्या भारत आएंगे ट्रंप? US विदेश मंत्री ने दिया जवाब
Last Updated:
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो इस साल भारत की दूसरी यात्रा पर आए हैं. इस दौरान उन्होंने न्यूज-18 इंडिया के एडिटर-इन-चीफ राहुल जोशी के साथ Exclusive बातचीत की. इस दौरान उनसे क्वाड शिखर सम्मेलन को लेकर सवाल किया गया. वहीं उनसे यह भी पूछा गया कि क्या अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इसमें शामिल होंगे. पढ़ें उन्होंने क्या जवाब दिया.
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने नेटवर्क18 के एडिटर इन चीफ राहुल जोशी से खास बातचीत की.
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने उम्मीद जताई है कि क्वाड देशों के नेताओं की बैठक इस साल के अंत से पहले हो सकती है. नेटवर्क18 के एडिटर-इन-चीफ राहुल जोशी के साथ एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में रूबियो ने क्वाड की बैठक को लेकर जानकारियां दीं. उन्होंने कहा कि क्वाड समिट कराने पर सहमति बन चुकी है और इसकी बैठक मनीला में होने वाले आसियान सम्मेलन के दौरान होगी. हालांकि, अभी बैठक की तारीख तय नहीं हुई है.
सवाल: सितंबर 2024 के बाद से क्वाड देशों के नेताओं का कोई शिखर सम्मेलन नहीं हुआ है. अब इसकी मेजबानी भारत को करनी है. क्या यह सम्मेलन जल्द होने वाला है? क्या राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले क्वाड शिखर सम्मेलन के लिए भारत आएंगे?
क्वाड समिट पर मार्को रूबियो ने क्या कहा?
रूबियो ने कहा, ‘हमारी उम्मीद है कि क्वाड समिट इस साल के अंत से पहले हो जाएगा. अब इस बैठक को आयोजित करने पर सहमति बन चुकी है. यह मनीला में आसियान सम्मेलन के दौरान होगी. अभी इसकी तारीख तय नहीं हुई है, लेकिन बैठक जरूर होगी और हम इसे लेकर काफी उत्साहित हैं.’
क्वाड की अब तक कितनी मीटिंग हुई?
विदेश मंत्री ने क्वाड के साथ अपने जुड़ाव का जिक्र करते हुए बताया कि अमेरिकी विदेश मंत्री के तौर पर उनकी पहली मीटिंग क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों के साथ ही हुई थी. उन्होंने कहा कि शपथ लेने के तुरंत बाद उन्होंने यह बैठक की थी. रूबियो ने कहा, ‘विदेश मंत्री के तौर पर मैंने जो पहली बैठक की थी, वह क्वाड की बैठक थी. शपथ लेने के तुरंत बाद मैं ऊपर गया और हमने बैठक की. इसके बाद से अब तक हमारी सात या आठ बैठकें हो चुकी हैं.’
उन्होंने आगे बताया कि क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की एक और बैठक अटलांटा में जी-20 के दौरान होने वाली है. इसके अलावा, उन्होंने कुछ हफ्तों में आसियान सम्मेलन के दौरान होने वाली बैठक में शामिल होने की उम्मीद भी जताई. हालांकि, इंटरव्यू में रूबियो ने क्वाड नेताओं की अगली बैठक की तारीख बताने के साथ-साथ यह भी साफ नहीं किया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इसमें शामिल होने के लिए भारत आएंगे या नहीं.