DDA Housing Scheme 2026: दिल्ली में 15 लाख रुपये से कम में घर खरीदने का मौका, आज से फ्लैट्स की बुकिंग शुरू, जान लें प्रोसेस

DDA Housing Scheme 2026: दिल्ली में 15 लाख रुपये से कम में घर खरीदने का मौका, आज से फ्लैट्स की बुकिंग शुरू, जान लें प्रोसेस


दिल्ली में कम बजट में अपना घर तलाश रहे लोगों के लिए डीडीए (DDA) ने एक नई योजना पेश की है. इसके तहत राजधानी के नरेला इलाके में 2,516 फ्लैट रियायती कीमतों पर खरीदे जा सकते हैं. दिल्ली विकास प्राधिकरण की आवास निवेश योजना 2026 में फ्लैटों पर 25 फीसदी की छूट दी जा रही है, जिसके बाद इनकी कीमत करीब 14.95 लाख रुपये से शुरू होती है. इन घरों को खरीदने के इच्छुक लोग 20 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12 बजे से ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं. हालांकि, आवेदन से पहले एलिजिबिलिटी, पेमेंट और अलॉटमेंट से जुड़े नियमों को समझना जरूरी है.

इस योजना की खास बात यह है कि फ्लैटों का आवंटन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा. यानी उपलब्धता के अनुसार बुकिंग करने वाले लोगों को फ्लैट मिलेंगे. इसके लिए आवेदन और बुकिंग प्रोसेस ऑनलाइन रखी गई है. हालांकि, बुकिंग करने से पहले आवेदकों को फ्लैट की लोकेशन, कीमत, भुगतान से जुड़े नियम और डीडीए की ओर से तय शर्तों को समझना जरूरी है. योजना के तहत रजिस्ट्रेशन पहले ही शुरू हो चुका है और आवेदन करने की अंतिम तारीख 31 जनवरी 2027 बताई गई है.

नरेला में कहां मिलेंगे फ्लैट?

मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, डीडीए की आवास निवेश योजना के तहत सभी 2,516 फ्लैट दिल्ली के नरेला इलाके में सेक्टर जी-2 से जी-6 के बीच पॉकेट 3 और पॉकेट 6 में उपलब्ध हैं. इन फ्लैटों को दो हिस्सों में बांटा गया है. पॉकेट 3 में 1,020 फ्लैट हैं, जबकि पॉकेट 6 में 1,496 फ्लैट उपलब्ध कराए जा रहे हैं. हर फ्लैट का प्लिंथ एरिया करीब 49.90 वर्ग मीटर है. डीडीए की ओर से दी जा रही 25 फीसदी छूट के बाद इनकी कीमत 15 लाख रुपये के आसपास रखी गई है.

जानकारी
योजना का नाम DDA आवास निवेश योजना 2026
कुल फ्लैट 2,516
लोकेशन नरेला, दिल्ली
पॉकेट 3 में फ्लैट 1,020
पॉकेट 6 में फ्लैट 1,496
पॉकेट 3 की कीमत करीब 15.01 लाख रुपये
पॉकेट 6 की कीमत करीब 14.95 लाख रुपये
छूट 25 फीसदी
रजिस्ट्रेशन फीस 2,500 रुपये (नए आवेदकों के लिए, नॉन-रिफंडेबल)
बुकिंग राशि 1 लाख रुपये प्रति फ्लैट
बुकिंग शुरू 20 अक्टूबर 2026, दोपहर 12 बजे
आवेदन की अंतिम तारीख 31 जनवरी 2027
बुकिंग का आधार पहले आओ, पहले पाओ
आधिकारिक वेबसाइट https://eservices.dda.org.in
हेल्पलाइन नंबर 1800 110 332

20 अक्टूबर से कैसे करें फ्लैट की बुकिंग?

  • डीडीए की इस योजना में फ्लैट बुक करने की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन है.
  • इच्छुक आवेदक डीडीए की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर योजना से जुड़ी जानकारी देख सकते हैं और बुकिंग की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं.
  • योजना के तहत रजिस्ट्रेशन 14 अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुका है, जबकि फ्लैटों की बुकिंग 20 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से शुरू हो रही है.
  • आवेदन और बुकिंग की अंतिम तारीख 31 जनवरी 2027 है.

अगर आपने पहले से डीडीए के आवास पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराया हुआ है, तो दोबारा रजिस्ट्रेशन करने की जरूरत नहीं होगी. नए आवेदकों को पहली बार रजिस्ट्रेशन कराने के लिए 2,500 रुपये की फीस देनी होगी. यह राशि वापस नहीं की जाएगी.

फ्लैट बुक करने के लिए कितने रुपये जमा करने होंगे?

मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसा, डीडीए की आवास निवेश योजना 2026 के तहत एक फ्लैट बुक करने के लिए 1 लाख रुपये जमा करने होंगे. इसके अलावा, नए आवेदकों को रजिस्ट्रेशन फीस भी देनी होगी. इसलिए बुकिंग से पहले जरूरी रकम की व्यवस्था कर लेना बेहतर होगा.

ध्यान रखें कि बुकिंग राशि और रजिस्ट्रेशन फीस के अलावा फ्लैट खरीदने की कुल लागत में अन्य लागू शुल्क भी शामिल हो सकते हैं. इसलिए केवल शुरुआती कीमत देखकर फैसला न करें. आवेदन से पहले डीडीए की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध ब्रोशर में भुगतान की शर्तें, पात्रता, अन्य शुल्क और फ्लैट से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी पढ़ लें.

कहां से मिलेगी सारी जानकारी?

योजना से संबंधित जानकारी या बुकिंग प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी होने पर आवेदक डीडीए की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध निर्देश देख सकते हैं. इसके अलावा, दी गई जानकारी के मुताबिक, टोल-फ्री नंबर 1800 110 332 पर भी संपर्क किया जा सकता है.

अगर आप दिल्ली में कम बजट में घर खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो आवेदन करने से पहले अपनी पात्रता और आर्थिक स्थिति का एनालिसिस जरूर करें. साथ ही, फ्लैट की लोकेशन और सभी भुगतान शर्तों को समझने के बाद ही बुकिंग करें.



Source link