सूडान में ड्रोन हमलों में 160 से ज्यादा मौतें, बच्चों से लेकर आम लोग बने निशाना, गृहयुद्ध हुआ खतरनाक

सूडान में ड्रोन हमलों में 160 से ज्यादा मौतें, बच्चों से लेकर आम लोग बने निशाना, गृहयुद्ध हुआ खतरनाक


होमदुनियाअन्य देश

सूडान में ड्रोन हमलों में 160 से ज्यादा मौतें, बच्चों से लेकर आम लोग बने निशान

Last Updated:

सूडान में सेना और अर्धसैनिक संगठन रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (RSF) के बीच जंग जारी है. इस दौरान अलग-अलग ड्रोन हमलों में 160 से ज्यादा लोगों की मौत की खबर है. वेस्ट कोर्डोफान के अल-दिबाब में बाजार के पास हुए हमले में 80 लोगों की जान गई. राजधानी खार्तूम में तीन बच्चों की मौत हुई, जबकि न्याला और ब्लू नाइल में भी हमले हुए.

Zoom

सूडान में गृहयुद्ध बढ़ता जा रहा है. (Reuters/सांकेतिक)

सूडान में चल रही जंग अब आम लोगों के लिए और खतरनाक होती जा रही है. घर लौटने के लिए सवारी का इंतजार कर रहे लोग हों या बाजार में खरीदारी करने पहुंचे लोग, ड्रोन हमलों ने किसी को नहीं बख्शा है. हाल के दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में हुए हमलों में 160 से ज्यादा लोगों की मौत की खबर है. अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक मरने वालों में बच्चे भी शामिल हैं. सूडान में सेना और अर्धसैनिक संगठन रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (RSF) के बीच अप्रैल 2023 से लड़ाई जारी है. हाल के महीनों में ड्रोन हमलों के बढ़ने से आम नागरिकों की जान पर खतरा और बढ़ गया है.

बाजार से घर लौट रहे लोगों पर हमला

हाल के हमलों में सबसे ज्यादा मौतों की खबर दक्षिण-पश्चिमी सूडान के वेस्ट कोर्डोफान राज्य के अल-दिबाब शहर से आई. रविवार शाम बाजार के पास एक बस स्टॉप पर ड्रोन हमला हुआ. यहां गांवों से आए लोग बाजार का दिन खत्म होने के बाद घर लौटने के लिए सवारी का इंतजार कर रहे थे. स्थानीय लोगों और स्वास्थ्यकर्मियों के मुताबिक, इस हमले में 80 लोगों की मौत हुई. समाचार एजेंसी AFP के मुताबिक, हमले में घायल 47 लोगों को पास के अल-मुज्लाद शहर ले जाया गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक इनमें से 30 लोगों ने बाद में दम तोड़ दिया. RSF के स्वघोषित प्रशासन तासिस और नागरिकों पर हिंसा की निगरानी करने वाले संगठन इमरजेंसी लॉयर्स ने इस हमले के लिए सूडानी सेना को जिम्मेदार ठहराया है.

राजधानी खार्तूम में भी बच्चों की मौत

सूडान की राजधानी खार्तूम में सोमवार को हुए ड्रोन हमलों में तीन बच्चों की मौत हो गई. इमरजेंसी लॉयर्स ने यह जानकारी दी. यह संगठन देश में चल रहे गृहयुद्ध के दौरान आम नागरिकों के खिलाफ हिंसा की घटनाओं पर नजर रखता है. पूर्वी सूडान के गेदारेफ राज्य में भी ड्रोन हमलों की खबर है. एक सैन्य सूत्र के मुताबिक, रविवार को सेना की वायु रक्षा प्रणाली ने अतबारा और सेतित बांधों को निशाना बनाने आए RSF के कई ड्रोन रोक दिए. ये बांध राजधानी खार्तूम से करीब 420 किलोमीटर पूर्व में स्थित हैं. इस घटना पर RSF की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं आई.

सोमवार तड़के दक्षिण दारफुर राज्य की राजधानी न्याला में भी ड्रोन हमला हुआ. यह शहर RSF का मजबूत गढ़ माना जाता है. मेडिकल और RSF सूत्रों के मुताबिक, हमले में 17 लोगों की मौत हुई, जिनमें RSF के सात अधिकारी शामिल थे. 23 लोग घायल हुए.

विस्थापित लोगों के शिविर पर भी हमला

शुक्रवार को सूडान के ब्लू नाइल प्रांत में विस्थापित लोगों के एक समूह पर ड्रोन हमला हुआ था. इमरजेंसी लॉयर्स के मुताबिक, इस हमले में 41 लोगों की मौत हुई. संगठन ने इसे मानवीय त्रासदी बताया. इसी बीच, सूडान और दक्षिण सूडान की सीमा पर स्थित विवादित अबेई क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में लोगों की मौत की खबर आई. क्षेत्र के कार्यवाहक सूचना मंत्री योहाना अकोल न्गोर ने रॉयटर्स को बताया कि सोमवार को एक बाजार पर ड्रोन हमले में करीब 73 लोगों की मौत हुई और 19 लोग घायल हुए. उन्होंने सूडानी सेना पर हमले का आरोप लगाया, लेकिन अपने दावे के समर्थन में सबूत नहीं दिया.



Source link