लैम्बोर्गिनी के शोरूम के बाहर फोटो खिंचा रहे थे बच्चे, मालिक ने बुलाया और फिर
Last Updated:
हैदराबाद में लैम्बोर्गिनी शोरूम के बाहर फोटो खिंचवा रहे स्कूली बच्चों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. इस वीडियो में देखा जा सकता है कि मालिक ने बच्चों को अंदर बुलाया और वे खुशी से नाच उठे. बच्चों का खुशी से जुड़ा यह प्यारा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
बच्चों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है जिसमें वे लग्जरी कार के साथ फोटो खिंचाते हैं.
जिस चीज को हम सपनों में देखते हैं और पाना चाहते हैं अगर वह सामने दिख जाए तो बड़ों-बड़ों का रिएक्शन देखने लायक होता है, लेकिन यहां तो स्कूल जाने वाले छोटे बच्चे हैं, जिनकी खुशी और अचंभा सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. लैम्बोर्गिनी कार के शोरूम के बाहर खड़े होकर फोटो खिंचवा रहे इन बच्चों को जब शोरूम में अंदर बुलाया जाता है, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहता. उनकी यही खुशी अब काफी वायरल हो रही है.
बता दें कि हैदराबाद के व्यवसायी निशांत साबू ने सोशल मीडिया पर एक दिल छू लेने वाला वीडियो शेयर किया है जो काफी वायरल हो रहा है. इस वीडियो में दो छोटे-छोटे बच्चे दिखाई दे रहे हैं जो स्कूल यूनिफॉर्म पहने हुए हैं और लक्जरी कार शोरूम के बाहर फोटो खिंचवाते हैं. उनके गाड़ी के प्रति उत्साह को देखते हुए शोरूम मालिक उन्हें अंदर बुला लेते हैं, जहां एक शानदार लैम्बोर्गिनी खड़ी होती है.
इसके बाद वे बच्चे लग्जरी गाड़ी को देखकर तारीफ करते हैं और उसके सामने खड़े हो जाते हैं. पहले भाई और बहन दोनों मिलकर फोटो खिंचवाते हैं, उसके बाद भाई अपनी बहन को हल्का सा धक्का देकर हटाता है और कहता है कि उसे अकेले कार के साथ तस्वीर खिंचवानी है.
जब फोटो खिंचवाने के बाद दोनों बच्चे बाहर निकलने लगते हैं तो वे जाते-जाते भी लैम्बोर्गिनी कार के पहियों को हाथ लगाते हैं और कार को छूते हुए ऐसे बाहर निकलते हैं जैसे उन्होंने अपनी सबसे पसंदीदा चीज को छूकर जा रहे हैं. इस तरह वे दोनों उछलते हुए बाहर निकलते हैं.
इस वीडियो के सोशल मीडिया पर आते ही लोग बच्चों की मासूमियत और खुशी को एकदम प्योर और निर्दोष बताते हुए तारीफ कर रहे हैं और दुआएं दे रहे हैं कि बच्चे बड़े होकर अपनी इस प्यारी कार को खरीदकर अपने घर ले जा सकें.