Last Updated:
Raipur News: छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए दो नई रेल सेवाओं को शुरू किया गया है. अब रावघाट-रायपुर और रायपुर-कुरूद के बीच नई ट्रेन चलेंगी. सीएम विष्णु देव साय की तरफ से बताया गया है कि आने वाले समय में रायपुर से धमतरी तक भी ट्रेन सेवा शुरू हो जाएगी. उन्होंने कहा कि पहले छत्तीसगढ़ के रेलवे क्षेत्र के लिए केवल करीब 300 करोड़ रुपए का बजट दिया जाता था. वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में यह राशि कई गुना बढ़कर करीब 7500 करोड़ रुपए तक पहुंच गई.
छत्तीसगढ़ में दो नई रेल सेवाओं को सौगात
छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में आज एक नया लिखा गया है, जब केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दो नई रेल सेवाओं को रायपुर रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाई है. पहली ट्रेन ट्रेन रायपुर से रावघाट चलेगी. वहीं दूसरी ट्रेन रायपुर से कुरूद के बीच चलेगी. इससे यात्रियों काफी फायदा होगा. इसी मौके पर ताड़ोकी-रावघाट, अभनपुर-कुरूद रेलखंडों का उद्घाटन किया गया. रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी की नींव भी रखी गई है.
आजादी के बाद पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़ा ये इलाका
ताड़ोकी से रावघाट तक रेल लाइन का निर्माण पूरा हुआ है. इसी के साथ आजादी के बाद पहली बार रावघाट रेल नेटवर्क से जुड़ गया है. बस्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ के जनजातीय अंचलों के लिए यह उपलब्धि विशेष रूप से अहम है. नई रेल सेवाओं से इन क्षेत्रों का राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के अन्य प्रमुख केंद्रों से संपर्क बेहतर होगा. इसके अलावा व्यापार, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी.
दल्लीराजहरा-रावघाट रेल परियोजना छत्तीसगढ़ की अहम रेल परियोजनाओं में से एक है. लगभग 1628 करोड़ रुपए की लागत वाली इस परियोजना की कुल लंबाई लगभग 95 किलोमीटर है. ताड़ोकी से रावघाट के बीच 17.5 किलोमीटर रेल लाइन का काम पूरा होने के साथ रावघाट तक रेल संपर्क स्थापित हो गया है.
क्या बोले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि रावघाट तक पहली बार रेल पहुंचना बस्तर के विकास की नई संभावनाओं का द्वार खुलना है. रेल जहां पहुंचती है, वहां विकास की गति बढ़ती है. रावघाट-रायपुर और रायपुर-कुरूद रेल सेवाएं प्रदेश में विकास की नई गाथा लिखेंगी.
रायपुर से कुरूद भी चलेगी ट्रेन
अभनपुर-धमतरी गेज परिवर्तन प्रोजेक्ट के तहत अभनपुर से कुरूद तक लगभग 22 किलोमीटर रेल लाइन का गेज परिवर्तन पूरा किया गया है. इसके साथ रायपुर से कुरूद के बीच नई यात्री रेल सेवा शुरू होने से इस क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिली है. मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पहले रायपुर और धमतरी के बीच नैरो गेज रेल सेवा चलती थी. अब इस रेलमार्ग को ब्रॉडगेज में परिवर्तित किए जाने से यात्रियों को फायदा होगा. कुरूद से धमतरी तक बाकी काम पूरा होने के बाद रायपुर से धमतरी तक रेल सेवा के विस्तार का हो जाएगा.
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में 32 रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से विकसित करने का काम किया जा रहा है. इनमें से आठ रेलवे स्टेशन विकसित होकर तैयार हो चुके हैं. इन स्टेशनों में यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाओं, बेहतर परिसर और सुविधाजनक वातावरण के विकास पर विशेष जोर दिया गया है.