Last Updated:
Alwar News: अलवर के साठ फीट रोड क्षेत्र में नाई का काम करने वाले 30 वर्षीय लोकेश ने घरेलू विवाद के बाद घर पर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. घटना के वक्त परिवार के सदस्य बाहर गए हुए थे. परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. मृतक के तीन मासूम बच्चे हैं. इस अचानक हुई दुर्घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.
Alwar Crime News: पत्नी से विवाद के बाद युवक ने उठाया खौफनाक कदम, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
अलवर: अलवर जिले से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है, जहां पति-पत्नी के बीच हुए घरेलू विवाद के बाद एक व्यक्ति ने घर पर ही फांसी लगाकर जीवन समाप्त कर लिया. इस हृदयविदारक घटना में करीब 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई है. मृतक अपने पीछे तीन मासूम बच्चों को छोड़ गया है. अचानक हुई इस घटना के बाद पूरे परिवार और गांव में शोक की लहर छा गई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान लोकेश (पुत्र राजू, निवासी केमाला गांव) के रूप में हुई है. वह अलवर के साठ फीट रोड क्षेत्र में नाई का काम करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. बताया जा रहा है कि किसी घरेलू बात को लेकर पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद हो गया था. इसके बाद जब परिवार के अन्य सदस्य काम के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे, तब पीछे से लोकेश ने घर के अंदर यह कदम उठाया.
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना का पता उस समय चला जब परिजन वापस घर लौटे. आनन-फानन में परिजन उसे गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने ईसीजी सहित अन्य आवश्यक जांच करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से अचानक पिता का साया उठ जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. पुलिस इस मामले की आगे की जांच में जुटी है.