शेर बूढ़े नहीं हुए… सिमंस की फिफ्टी से वेस्टइंडीज ने जीता WCL का खिताब
Last Updated:
वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स के फाइनल में वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को 9 विकेट से हरा दिया. फाइनल में इंग्लैंड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर के खेल में मोइन अली की दमदार अर्धशतकीय पारी से 7 विकेट पर 159 रन का स्कोर खड़ा किया था. इसके जवाब में वेस्टइंडीज ने 17 ओवर में 165 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया.
वेस्टइंडीज ने जीता WCL का खिताब
नई दिल्ली: मौजूदा समय में बेशक वेस्टइंडीज को एक कमजोर टीम के तौर पर आंका जाता हो, लेकिन एक समय था जब क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में इस कैरेबियाई टीम का दबदबा था. यही कारण है कि वेस्टइंडीज के रिटायर हो चुके प्लेयर आज भी जब मैदान पर उतरते हैं तो, उनमें वही दमखम नजर आता है, जिसका सबसे बड़ा उदाहरण वर्ल्ड चैंपियंस ऑफ लेजेंड में देखने को मिला.
वर्ल्ड चैंपियंस ऑफ लेजेंड एक रिटायर्ड प्लेयर का लीग है, जिसका फाइनल वेस्टइंडीज चैंपियंस और इंग्लैंड चैंपियंस के बीच खेला गया. मुकाबला यूएई के शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में हुआ. मैच में इंग्लैंड चैंपियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर के खेल में 7 विकेट के नुकसान पर 159 रन का स्कोर खड़ा किया था. इसके जवाब में वेस्टइंडीज चैंपियंस की टीम ने सिर्फ 17 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 165 रन बनाकर ट्रॉफी को अपने नाम कर लिया.
लेंडल सिमंस और चाडविक वाल्टन किया कमाल
इंग्लैंड के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करने उतरे लेंडल सिमंस और चाडविक वाल्टन ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया. 41 साल के सिमंस ने 53 गेंद में धुआंधार खेल दिखाते हुए 77 रनों की नाबाद पारी खेली. अपनी इस पारी में उन्होंने 8 चौके और 3 छक्के भी लगाए. इसके अलावा वाल्टन ने 35 गेंद में 58 रन कूट दिए. वाल्टन ने अपनी पारी में 4 छक्के और 3 चौके जड़े. वहीं, 47 साल के क्रिस गेल ने 14 गेंद में 21 रनों का योगदान दिया.