अमेरिका के हर बच्चे को फ्री में 1 शेयर देंगे एलन मस्क, इस ‘दरियादिली’ की क्या है वजह?


Last Updated:

Elon Musk Free Share : एलन मस्‍क ने अगले साल अमेरिका के हर बच्‍चे को अपनी कंपनी स्‍पेस्‍एक्‍स का एक शेयर मुफ्त देने की घोषणा की है. मस्‍क के पास स्पेसएक्स के कुल 6.42 अरब शेयर हैं. इनमें से वे करीब 7.2 करोड़ शेयर बच्‍चों को देंगे.

Top Deals Inside

अमेरिका के हर बच्चे को फ्री में 1 शेयर देंगे एलन मस्क, क्‍यों बने दानवीर,जानेंZoom

एलन मस्क ने X पर एक पोस्‍ट शेयर कर अपने इस निर्णय की जानकारी दी है.

नई दिल्‍ली. दुनिया के सबसे रईस आदमी और टेस्‍ला और स्‍पेसएक्‍स के मालिक एलन मस्क ने अगले साल अमेरिका के हर बच्चे को अपनी कंपनी SpaceX का एक शेयर मुफ्त देने की घोषणा की है. अमेरिकी बच्चों की झोली में अरबों डॉलर के शेयर डालने की इस ‘दरियादिली’ ने टेक और फाइनेंस वर्ल्ड में खलबली मचा दी है. एक अनुमान के अनुसार, अमेरिका में 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों की कुल संख्या लगभग 7.2 करोड़ है. इसका सीधा मतलब यह है कि मस्क अपनी कंपनी के 7.2 करोड़ शेयर अमेरिकी बच्चों को मुफ्त बांटने जा रहे हैं.

एलन मस्क ने X पर एक पोस्‍ट शेयर कर अपने इस निर्णय की जानकारी दी है. उन्‍होंने लिखा, “अगले साल, मैं अमेरिका के हर बच्चे को स्पेसएक्स का एक शेयर दूंगा. यह ऐसी कई पहलों में से पहली होगी.” विशेषज्ञों का मानना है कि मस्क का यह कदम बच्चों में फाइनेंशियल लिटरेसी बढ़ाने और उन्हें बचपन से ही निवेश व संपदा निर्माण की अहमियत समझाने का एक क्रांतिकारी तरीका हो सकता है.

दरियादिली या प्रतिद्वंद्वी को जवाब?

एलन मस्क के इस कदम की पटकथा दरअसल सिलिकॉन वैली के एक कड़े कॉरपोरेट मुकाबले ने लिखी है. दरअसल, AI टूल Claude बनाने वाली कंपनी एंथ्रोपिक (Anthropic) के सीईओ डारियो अमोदेई ने अपनी कंपनी की इक्विटी का एक हिस्सा पब्लिक बेनिफिट फंड यानी लोक कल्याण कोष में देने की घोषणा पिछले दिनों की थी. मस्क को अमोदेई का यह विचार रास नहीं आया.

मस्‍क ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर दौलत बांटनी ही है तो किसी ट्रस्ट, फाउंडेशन या बिचौलिए के जरिए देने के बजाय सीधे जनता के जेब में डालनी चाहिए. मस्क ने सिर्फ बात नहीं की, बल्कि अपनी बात साबित करने के लिए खुद सीधे आने वाली पीढ़ी को शेयर बांटने का ऐलान कर दिया.

मस्क के पास शेयरों का महा-भंडार

12 जून को 85.7 अरब डॉलर के रिकॉर्ड-तोड़ IPO के बाद स्पेसएक्स का मार्केट कैपिटलाइजेशन 2 ट्रिलियन डॉलर के पार निकल चुका है. कंपनी का आकार जितना विशाल है, मस्क की अपनी हिस्सेदारी उससे भी ज्यादा मजबूत है. फाइलिंग्स के अनुसार, एलन मस्क के पास स्पेसएक्स के कुल 6.42 अरब शेयर हैं. इनमें 84.95 करोड़ क्लास A शेयर, ट्रस्ट के जरिए 3.92 अरब क्लास B शेयर, 1.30 अरब रिस्ट्रिक्टेड क्लास B शेयर और 350 मिलियन स्टॉक ऑप्शन शामिल हैं.



Source link