Last Updated:
Kota Wire Theft Gang Arrested 77 Cases Solved कोटा ग्रामीण पुलिस ने 11 और 33 केवी की हाईटेंशन विद्युत लाइनों से एल्युमिनियम व जर्मन तार चुराने वाली गैंग का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर 1200 किलो चोरी का तार बरामद किया है. बदमाश ट्रांसफार्मर से बिजली ठप कर चंद मिनटों में चोरी को अंजाम देते थे. इस गिरोह से अब तक कोटा, बारां और एमपी से जुड़ी 77 वारदातों का खुलासा हो चुका है.
Kota High Tension Wire Theft Gang Arrested: कोटा में 33 केवी लाइन से तार चुराने वाली गैंग गिरफ्तार, 77 खुलासे
Kota: कोटा जिले में जान हथेली पर रखकर हाईटेंशन विद्युत लाइनों से एल्युमिनियम और जर्मन तार चुराने वाले शातिर गिरोह से पुलिस पूछताछ में अब कई चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. यह गिरोह इतना शातिर और खतरनाक था कि मौत रूपी करंट से दौड़ती विद्युत लाइनों की सप्लाई बाधित करके चंद मिनटों में हजारों किलोग्राम तार काटकर फरार हो जाता था. पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के किसानों और विद्युत विभाग ने राहत की सांस ली है.
पुलिस जांच में बदमाशों के काम करने के बेहद अनोखे और खतरनाक तरीके का खुलासा हुआ है. गिरोह के सदस्य सबसे पहले खेतों और सुनसान इलाकों में पहुंचकर हाईटेंशन विद्युत लाइनों की रेकी करते थे. इसके बाद वे तारों पर रस्सी फेंककर स्पार्किंग के जरिए बिजली सप्लाई की जांच करते थे. यदि लाइन में स्पार्किंग होती तो ट्रांसफार्मर से डंपर (जंपर) उड़ाकर पूरी सप्लाई को तुरंत ठप कर देते थे. खेतों और सुनसान इलाकों में सीसीटीवी कैमरों की अनुपस्थिति का फायदा उठाते हुए बदमाश अपनी गाड़ी में पहुंचते थे और मिनटों में तार काटकर रफूचक्कर हो जाते थे.
तीन गैंग के 5 आरोपी गिरफ्तार, 1200 किलो तार बरामद
कोटा ग्रामीण पुलिस ने विशेष टीम का गठन कर इस गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच शातिर आरोपियों पूरण बागरी, सुल्तान बागरी, गोलू बागरी तथा चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी जाहिद और शाहिद को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये कीमत का 1200 किलोग्राम से अधिक चोरी का विद्युत तार बरामद किया है. आरोपी मुख्य रूप से खेतों में लगे खंभों से 33 केवी और 11 केवी की विद्युत लाइनों को निशाना बनाते थे.
77 वारदातों का हुआ खुलासा, क्षेत्र को मिली राहत
इस गिरोह ने कोटा ग्रामीण, बारां और मध्य प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में भारी आतंक मचा रखा था. यह गैंग कोटा ग्रामीण के सिमलिया, देवलीमांझी, कैथून और आसपास के क्षेत्रों में किसानों तथा विद्युत विभाग के लिए बड़ा सिरदर्द बनी हुई थी. कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर के कुशल निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के बाद अब तक 77 चोरियों का खुलासा हो चुका है. पुलिस फिलहाल आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है, जिससे अन्य कई मामलों के भी खुलने की संभावना जताई जा रही है.