16000 इंटरनेशनल रन… इंजमाम-मियांदाद के क्लब में पहुंचे बाबर आजम, रावलपिंडी में रचा इतिहास

16000 इंटरनेशनल रन… इंजमाम-मियांदाद के क्लब में पहुंचे बाबर आजम, रावलपिंडी में रचा इतिहास


नई दिल्ली. बाबर आजम ने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 16000 रन पूरे कर लिए. उन्होंने यह उपलब्धि श्रीलंका के खिलाफ रावलपिंडी में वनडे सीरीज में हासिल की. दाएं हाथ के बल्लेबाज बाबर को इस मैच में उतरने से पहले इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए केवल सात रनों की दरकार थी. बाबर ने पारी के पांचवें ओवर की छठी गेंद पर अपना सातवां रन बनाते ही यह बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली. इसी के साथ वह इंटरनेशनल क्रिकेट में पाकिस्तान के लिए 16,000 या उससे अधिक रन बनाने वाले पांचवें बल्लेबाज बन गए .

मई 2015 में वनडे मैच के जरिए इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखने वाले बाबर आजम (Babar Azam) ने अपने 355वें अंतरराष्ट्रीय मैच में यह मुकाम हासिल किया. दिलचस्प बात यह है कि इस लिस्ट में उनसे आगे पाकिस्तान के चार महान खिलाड़ी ही हैं, जिनमें इंजमाम-उल-हक का नाम सबसे ऊपर आता है. पूर्व कप्तान इंजमाम ने 1991 से 2007 के बीच 495 मैचों में 20,541 रन बनाए थे और वह पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं.

पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दिग्गज
इंजमाम के बाद इस एलीट लिस्ट में पूर्व दिग्गज यूनिस खान का नाम है, जिन्होंने 2000 से 2017 के बीच 408 मैचों में 17,790 रन बनाए. तीसरे स्थान पर मोहम्मद यूसुफ मौजूद हैं, जिन्होंने 374 मैचों में 45.81 की शानदार औसत से 17,134 रन जोड़े. जावेद मियांदाद ने 1975 से 1996 के बीच 357 मैचों में 16,213 रन बनाए और वह चौथे स्थान पर हैं. अब बाबर आजम 16,000 से अधिक रनों के साथ इस खास फेहरिस्त में पांचवें पायदान पर मजबूती से खड़े हो गए हैं. इन दिग्गजों के अलावा सलीम मलिक (12,938 रन), सईद अनवर (12,876 रन), मोहम्मद हफीज (12,780 रन), शोएब मलिक (11,855 रन) और शाहिद अफरीदी (11,148 रन) भी पाकिस्तान के लिए 10,000 से ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों में शामिल हैं.

तीनों फॉर्मेट में बाबर आजम का शानदार प्रदर्शन
बाबर आजम के करियर पर नजर डालें तो उन्होंने पाकिस्तान के लिए तीनों फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन किया है. टेस्ट क्रिकेट के 66 मैचों की 122 पारियों में उन्होंने 4,771 रन बनाए हैं, जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर 196 रन रहा है और उनका औसत लगभग 43 का है. वनडे फॉर्मेट में उनका बल्ला जमकर बोला है, जहां उन्होंने 143 मैचों की 140 पारियों में 6,626 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका औसत 53 से अधिक का रहा है और उनके नाम 20 शतक भी दर्ज हैं. टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की बात करें तो बाबर ने 145 मैचों की 136 पारियों में 38.94 की औसत से 4,596 रन बनाए हैं, जिसमें 3 शतक और 39 अर्धशतक शामिल हैं. वह पाकिस्तान के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं.

इंटरनेशनल क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर सबसे आगे
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सबसे ज्यादा रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम है, जिन्होंने 1989 से 2013 के बीच 34,357 रन बनाए. उनके बाद भारत के ही विराट कोहली 28,527 रनों के साथ दूसरे स्थान पर हैं. पूरी दुनिया में अब तक 14 खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 20,000 से ज्यादा रन बनाए हैं, जिनमें पाकिस्तान से एकमात्र खिलाड़ी इंजमाम-उल-हक शामिल हैं.



Source link