Last Updated:
UP Teacher Promotion 2026: उत्तर प्रदेश में 10 साल बाद 70 हजार परिषदीय शिक्षकों के प्रमोशन का रास्ता साफ हो गया है. इसकी प्रक्रिया 7 नवंबर तक पूरी होगी. वहीं माध्यमिक शिक्षकों को साल में दो बार चयन और प्रमोशन वाली सैलरी मिलेगी. 335 शिक्षकों का अटका एरियर 5 नवंबर तक क्लियर होगा.
UP Teacher Promotion 2026: यूपी में स्कूली शिक्षकों को दिवाली से पहले बड़ा तोहफा मिलेगा
लखनऊ (UP Teacher Promotion 2026). उत्तर प्रदेश के बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग में काम कर रहे हजारों शिक्षकों के लिए गुड न्यूज़ है. लंबे समय से प्रमोशन का इंतजार कर रहे परिषदीय शिक्षकों के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. लगभग 70 हजार शिक्षकों के प्रमोशन का रास्ता साफ हो गया है. करीब एक दशक यानी 10 साल के लंबे इंतजार के बाद शुरू हुई इस प्रक्रिया से शिक्षकों में भारी उत्साह है. बेसिक शिक्षा परिषद ने 7 नवंबर तक प्रमोशन की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं.
इस फैसले के साथ ही प्रदेश के राजकीय और एडेड माध्यमिक विद्यालयों में तैनात लगभग 6000 शिक्षकों को भी फायदा मिलने जा रहा है. अब शिक्षकों को चयन और प्रोन्नत वेतनमान का लाभ साल में 2 बार यानी हर जनवरी और जुलाई में दिया जाएगा. पहले यह ज्यादातर जिलों में साल में केवल एक बार ही मिलता था. इतना ही नहीं, विभाग ने सख्त रवैया अपनाते हुए 335 शिक्षकों के अटके हुए एरियर का भुगतान 5 नवंबर तक करने का आदेश जारी किया है. इससे शिक्षकों के लंबित वित्तीय मामले भी अब समय पर सुलझ सकेंगे.
यूपी में शिक्षकों की बल्ले-बल्ले: 70000 पदों पर प्रमोशन की तैयारी
उत्तर प्रदेश के बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ा रहे शिक्षकों के लिए यह खबर किसी बड़े उत्सव से कम नहीं है. सालों से अटके प्रमोशन और वेतनमान की फाइल पर अब तेजी से धूल झाड़ी जा रही है. सरकार और बेसिक शिक्षा परिषद के जॉइंट प्रयास से प्रदेश की प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा व्यवस्था में नया उत्साह देखने को मिल रहा है.
10 साल का इंतजार खत्म: 7 नवंबर तक पूरी होगी प्रमोशन प्रक्रिया
यूपी परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों के प्रमोशन का मामला करीब 10 वर्षों से विभिन्न कारणों से लटका हुआ था. अब यूपी बेसिक शिक्षा परिषद ने सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों (BSA) को 23 अक्टूबर तक फाइनल सीनियॉरिटी लिस्ट परिषद कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए हैं.
- कमेटी का गठन: वरिष्ठता सूची की निष्पक्ष जांच के लिए जिला स्तर पर जिला शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थान (DIET) प्राचार्य की अध्यक्षता में विशेष समिति गठित की गई है.
- मानक और पात्रता: प्रमोशन के लिए ‘अध्यापक पात्रता परीक्षा’ (TET) उत्तीर्ण होना अनिवार्य किया गया है.
- अनुभव की शर्त: जूनियर बेसिक स्कूल के प्रधानाध्यापक/सहायक अध्यापक पद के लिए न्यूनतम 5 साल और सीनियर बेसिक स्कूल के प्रधानाध्यापक पद के लिए कम से कम 3 साल का लगातार टीचिंग एक्सपीरियंस जरूरी होगा.
साल में दो बार मिलेगा सिलेक्शन और प्रमोशनल पे स्केल का लाभ
माध्यमिक शिक्षा विभाग ने राजकीय और सहायता प्राप्त माध्यमिक स्कूलों के करीब 6,000 शिक्षकों को बड़ी राहत दी है. पहले चयन और प्रोन्नत वेतनमान के लिए अध्यापकों को सालों तक जिला कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ते थे. अब यह प्रक्रिया साल में 2 बार- जनवरी और जुलाई में नियमित रूप से संचालित होगी.
- चयन वेतनमान: 10 वर्ष की संतोषजनक सेवा पूरी होने पर.
- प्रोन्नत वेतनमान (Promotional Grade): 22 वर्ष की कुल सेवा पूरी करने वाले शिक्षकों को इसका सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा.
5 नवंबर तक अकाउंट में आएगा अटका हुआ एरियर, DIOS को सख्त निर्देश
शिक्षकों के लंबे समय से लंबित पड़े वित्तीय मामलों और एरियर भुगतान को लेकर विभाग ने सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों (DIOS) को अल्टीमेटम जारी किया है. राज्य के 335 शिक्षकों के बकाये एरियर का निस्तारण 5 नवंबर तक हर हाल में करने को कहा गया है. विभाग के इस सख्त कदम से स्पष्ट है कि अब लालफीताशाही और हीलाहवाली के कारण शिक्षकों के हक का पैसा नहीं रुकेगा.