अजय देवगन के घर पर नहीं हुई तोड़फोड़, एक्टर की टीम ने जारी किया बयान, बताया BMC ने किस प्रॉपर्टी पर लिया एक्शन


Last Updated:

अजय देवगन इन दिनों अपनी प्रॉपर्टी पर बीएमसी की कार्रवाई को लेकर चर्चा में बने हुए हैं. खबरें आईं कि बीएमसी ने एक्टर की जुहू स्थित प्रॉपर्टी के एक हिस्से को तोड़ दिया है. इन खबरों के तूल पकड़ने के बाद अब अजय देवगन की टीम ने आधिकारिक बयान जारी कर इस पर सफाई दी है. टीम ने स्पष्ट किया है कि जिस संपत्ति पर यह कार्रवाई की गई है, वह उनका खुद का घर नहीं है, बल्कि एक अलग प्रॉपर्टी है जिसे किराए पर दिया गया है. टीम ने यह भी बताया कि बीएमसी के नियमों के तहत जरूरी बदलाव कर लिए गए हैं.

ख़बरें फटाफट

Top Deals Inside

अजय देवगन के घर पर नहीं हुई तोड़फोड़, एक्टर की टीम ने जारी किया बयानZoom

अजय देवगन की टीम ने बीएमसी की कार्रवाई पर तोड़ी चुप्पी. (फोटो साभार: IMDb)

नई दिल्ली. बॉलीवुड स्टार अजय देवगन की जुहू स्थित प्रॉपर्टी पर बीएमसी की कार्रवाई की खबरों के बाद अब उनकी टीम ने बयान जारी किया है. रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि बीएमसी ने अजय देवगन के मुंबई वाले घर के एक हिस्से को तोड़ दिया है. हालांकि, अब अजय देवगन की टीम ने इन सभी खबरों को खारिज कर दिया है. टीम का कहना है कि जिस प्रॉपर्टी पर यह कार्रवाई हुई है, वह अजय देवगन का रिहायशी घर नहीं है बल्कि एक अलग प्रॉपर्टी है, जिसे उन्होंने किराए पर दिया हुआ है.

हिन्दुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अजय देवगन की टीम ने बयान में कहा, ‘हम यह साफ कर देना चाहते हैं कि जिस प्रॉपर्टी की बात हो रही है, वह अजय देवगन का घर नहीं है, बल्कि एक अलग प्रॉपर्टी है जिसे किराए पर दिया गया है. हमने अपनी एक प्रॉपर्टी के सिलसिले में बीएमसी के पास जरूरी अनुमतियों के लिए आवेदन किया है और सभी नियमों व दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन कर रहे हैं. बीएमसी की तरफ से जो भी बदलाव और सुधार करने को कहे गए थे, उन्हें नियमानुसार पूरा कर लिया गया है.’

बीएमसी ने जारी किया था नोटिस

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अजय देवगन की यह प्रॉपर्टी करीब 7,802 वर्ग फीट में फैली हुई है, जो मुंबई की कपोल कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी में स्थित है. इस संपत्ति के मालिक अजय देवगन और उनकी मां वीणा देवगन हैं. बीएमसी के के-वेस्ट वार्ड ने 10 सितंबर 2026 को मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन एक्ट की धारा 354A के तहत नोटिस जारी किया था. इसमें आरोप लगाया गया कि इस प्रॉपर्टी में बिना अनुमति के अवैध निर्माण किए जा रहे हैं. नोटिस में मालिकों को तुरंत काम रोकने और 24 घंटे के भीतर जरूरी परमिशन दिखाने को कहा गया था. साथ ही चेतावनी दी गई थी कि ऐसा न करने पर निर्माण को गिरा दिया जाएगा, जिसका पूरा खर्च और जोखिम मालिकों का होगा.

म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन ने निर्माण को बताया अवैध

इसके बाद 6 अक्टूबर को एक आदेश में बीएमसी के अधिकारी ने मालिकों के जवाब को खारिज कर दिया. अधिकारी का कहना था कि निर्माण की वैधता साबित करने या मिली अनुमति से जुड़ा कोई भी दस्तावेज पेश नहीं किया गया. इसी वजह से म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन ने इस काम को अवैध करार देते हुए इसे तुरंत हटाने के निर्देश दिए.

‘दृश्यम 3’ की सक्सेस को एंजॉय कर रहे अजय देवगन

अजय देवगन इन दिनों अपनी थ्रिलर फ्रेंचाइजी की फिल्म ‘दृश्यम 3’ की सफलता का आनंद ले रहे हैं. इस फिल्म ने रिलीज के महज 16 दिनों के भीतर घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 336.55 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है और दुनियाभर में 500 करोड़ का आंकड़ा पार कर इतिहास रच दिया है. यह उनके करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्म भी बन गई है. अब वह रोहित शेट्टी की ‘गोलमाल 5’ के अलावा निर्देशक जगन शक्ति की एक्शन-एडवेंचर फिल्म ‘रेंजर’ में नजर आएंगे, जिसमें संजय दत्त विलेन की भूमिका निभाएंगे. इसके अलावा उनके पास नीरज यादव के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘चौहान’ भी कतार में है.



Source link