करवा चौथ कब है? जानें तारीख, मुहूर्त, अर्घ्य देने का समय, पारण, महत्व
Last Updated:
Karwa Chauth 2026 Date: करवा चौथ का व्रत कार्तिक कृष्ण चतुर्थी तिथि को रखा जाता है. इसमें महिलाएं पति की लंबी आयु के लिए निर्जला व्रत रखती हैं. इस बार व्रत 13 घंटे 46 मिनट का होने वाला है. चंद्रमा को अर्घ्य देने के बाद महिलाएं पारण करके व्रत को पूरा कर लेती है. आइए जानते हैं करवा चौथ की तारीख, मुहूर्त, अर्घ्य देने का समय और पारण के बारे में.
करवा चौथ 2026 तारीख, मुहूर्त और चांद निकलने का समय.
Karwa Chauth 2026 Date: अखंड सौभाग्य की कामना वाला करवा चौथ व्रत कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को रखा जाता है. इसमें सुहागन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और सुखी वैवाहिक जीवन के लिए निर्जला व्रत रखती हैं, करवा माता यानि माता पार्वती, भगवान शिव और गणेश जी की पूजा करती हैं. रात के समय चांद निकलने पर पूजा और अर्घ्य देते हैं, उसके बाद पति के हाथों जल ग्रहण करके पारण करते हैं. कुछ स्थानों पर अगले दिन सूर्योदय के बाद पारण करने का विधान है. इस बार करवा चौथ पर महिलाओं को 13 घंटे 46 मिनट का निर्जला व्रत रखना होगा. आइए जानते हैं कि करवा चौथ कब है? करवा चौथ का मुहूर्त, चांद निकलने का समय और अर्घ्य देने का मुहूर्त क्या है?
करवा चौथ 2026 तारीख
करवा चौथ की सही तारीख के लिए आपको कार्तिक कृष्ण चतुर्थी तिथि का समय जानना होगा. वैदिक पंचांग से देखें तो कार्तिक कृष्ण चतुर्थी तिथि 29 अक्टूबर को 1 बजकर 6 एएम पर शुरू हो रही है और 29 अक्टूबर को ही रात 10 बजकर 9 मिनट पर खत्म हो रही है.
उदयातिथि के आधार पर चतुर्थी तिथि 29 अक्टूबर दिन बृहस्पतिवार को है और उस दिन ही चतुर्थी का चंद्रोदय हो रहा है. ऐसे में करवा चौथ 29 अक्टूबर दिन गुरुवार को है. इस दिन कार्तिक संकष्टी चतुर्थी का व्रत भी रखा जाएगा.
करवा चौथ 2026 मुहूर्त
करवा चौथ के दिन पूजा का शुभ मुहूर्त शाम को 5 बजकर 38 मिनट से है, जो शाम 6 बजकर 56 मिनट तक रहेगा. यह प्रदोष काल का समय है क्योंकि करवा चौथ की पूजा सूर्यास्त बाद ही करते हैं. उस दिन पूजा के लिए आपको 1 घंटा 17 मिनट का शुभ समय प्राप्त होगा.
13 घंटे 46 मिनट का करवा चौथ निर्जला व्रत
इस साल करवा चौथ पर महिलाओं को 13 घंटे 46 मिनट का निर्जला व्रत रखना होगा. करवा चौथ का व्रत सुबह में 06 बजकर 31 मिनट से शुरू होगा और रात 8 बजकर 17 मिनट तक रहेगा. यह समय उन लोगों के लिए है, जो सूर्योदय से चंद्रोदय तक व्रत रहते हैं, वहीं जो सूर्योदय से सूर्योदय तक व्रत रखते हैं, उनके लिए निर्जला व्रत 24 घंटे का होगा.
करवा चौथ 2026 चांद निकलने का समय
करवा चौथ की रात चांद 8 बजकर 17 मिनट पर निकलेगा. व्रती महिलाओं को चंद्रमा के अर्घ्य का सामान तैयार रखना चाहिए. चंद्रोदय होने पर विधिपूर्वक अर्घ्य दें.
करवा चौथ 2026 पारण समय
करवा चौथ व्रत का पारण 29 अक्टूबर को रात 8:17 बजे के बाद होगा. जो लोग अगले दिन करते हैं, वे 30 अक्टूबर शुक्रवार को सूर्योदय बाद यानि 06:31 ए एम के बाद पारण करेंगे.