सतना में भूतों का पंडाल! माता के दर्शन से पहले गुजरना पड़ेगा नर्क से, बच्चों ने कबाड़ से बनाया डरावना संसार

सतना में भूतों का पंडाल! माता के दर्शन से पहले गुजरना पड़ेगा नर्क से, बच्चों ने कबाड़ से बनाया डरावना संसार


Last Updated:

Satna News: सतना में नवरात्रि के बीच अनोखा भूतिया पंडाल लगा है, जहां माता के दर्शन से पहले लोगों को नर्क जैसी डरावनी गुफा से गुजरना पड़ता है. खास बात यह है कि बच्चों और युवाओं ने अपनी पॉकेट मनी और कबाड़ से हॉरर थीम पर इसे तैयार किया है.

सतना. नवरात्रि में आपने मां दुर्गा के कई खूबसूरत पंडाल देखे होंगे, कहीं माता का भव्य दरबार सजा है, तो कहीं रंग-बिरंगी लाइटों से पूरा इलाका जगमगा रहा है लेकिन मध्य प्रदेश के सतना में एक ऐसा पंडाल भी लगा है, जहां माता के दर्शन करने जाने से पहले आपको भूतों और डरावनी गुफा के बीच से गुजरना पड़ेगा. यहां भूतों के पुतले ही नहीं बल्कि इंसानों को भी ऐसा मेकअप और गेटअप दिया गया है कि देखकर अच्छे-अच्छों के पसीने छूट जाएं. शहर के सिंधी कैंप में शिव चौक के पास बना यह भूतिया पंडाल लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. सबसे खास बात यह है कि इसे किसी बड़ी कंपनी या पेशेवर टीम ने नहीं बल्कि मोहल्ले के बच्चों और युवाओं की बालक मंडली ने अपनी पॉकेट मनी और कबाड़ की मदद से तैयार किया है.

सतना के सिंधी कैंप में इस बार नवरात्रि पर लोगों को कुछ अलग देखने को मिल रहा है. यहां शिव चौक के पास तैयार किए गए पंडाल में पहले डरावनी गुफा और नर्क जैसा माहौल बनाया गया है. इसके अंदर भूतों के रूप में बैठे लड़के अचानक सामने आकर लोगों को डराने का काम करते हैं. इसके बाद जब लोग इस डरावने रास्ते से आगे बढ़ते हैं, तो माता रानी का दरबार स्वर्ग जैसे सुंदर माहौल में सजा नजर आता है. डर और भक्ति का यह अनोखा मेल लोगों को अपनी ओर खींच रहा है. परिवार के साथ माता के दर्शन करने पहुंच रहे लोग इस अलग तरह की सजावट को देखकर हैरान हो रहे हैं.

पॉकेट मनी से तैयार किया पंडाल
इस पंडाल की सबसे दिलचस्प बात इसे बनाने वाले लोग हैं. यहां की सजावट के पीछे किसी बड़े इवेंट ऑर्गेनाइजर का हाथ नहीं है बल्कि मोहल्ले के छोटे-छोटे बच्चों और युवाओं ने मिलकर इसे तैयार किया है. अपनी पॉकेट मनी खर्च करने के साथ ही उन्होंने कबाड़ में मिलने वाली चीजों का भी क्रिएटिव तरीके से इस्तेमाल किया. भूतिया गुफा, डरावनी झांकियां और अलग-अलग तरह के कैरेक्टर तैयार करने में इस टोली ने अपनी मेहनत और नए आइडिया लगाए हैं. कम उम्र में इस तरह की तैयारी ने मोहल्ले के लोगों को भी प्रभावित किया है. स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने भी इस आयोजन में अपना सहयोग दिया है ताकि नवरात्रि पर आने वाले लोगों को कुछ नया देखने को मिले.

पिछले साल भी वायरल हुई थी हॉरर थीम
लोकल 18 से बातचीत में समिति के सदस्य अनिकेत लालवानी ने बताया कि पिछले साल भी मोहल्ले के लोगों ने हॉरर थीम पर पंडाल तैयार किया था. उस समय इसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए थे. लोगों की अच्छी प्रतिक्रिया मिलने के बाद इस बार पहले से बड़े आकार में डरावना पंडाल बनाने का फैसला लिया गया. इस बार गुफा और झांकियों को पहले से ज्यादा आकर्षक बनाने की कोशिश की गई है. यही वजह है कि नवरात्रि के दौरान यहां आने वाले लोगों के लिए यह पंडाल खास आकर्षण बन गया है.

199 रुपये के कूपन में 11 तरह के इनाम
यहां आने वाले लोगों के लिए एक और खास आकर्षण भी रखा गया है. आयोजकों के मुताबिक, 199 रुपये का कूपन लेने पर 11 तरह के इनाम जीतने का मौका मिलता है. जिसमें पहला इनाम नई स्कूटी है. इस इनाम की वजह से भी लोग पंडाल के बारे में जानने और यहां पहुंचने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं.

पूरे मोहल्ले ने मिलकर संभाली आयोजन की जिम्मेदारी
समिति के सदस्य मनीष चंदवानी ने लोकल 18 को बताया कि नवरात्रि के कार्यक्रम में समिति के हर सदस्य का पूरा सहयोग रहता है. मोहल्ले के व्यापारी और रहवासी भी आयोजन को सफल बनाने में अपनी भूमिका निभाते हैं. बच्चों की मेहनत, युवाओं के नए आइडिया और स्थानीय लोगों के सहयोग से तैयार हुआ यह पंडाल दिखाता है कि कुछ अलग करने के लिए बड़े बजट की ही जरूरत नहीं होती. सतना के सिंधी कैंप में भूतिया गुफा और माता के दरबार का यह अनोखा मेल अब नवरात्रि के चर्चित आकर्षणों में शामिल हो गया है.



Source link