Last Updated:
Malini Gaur: इंदौर में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पानी के संकट से निपटने के लिए एक बैठक बुलाई थी. इसमें इ्ंदौर के ही 5 विधायक नहीं पहुंचे. इस पर बड़े सवाल खड़े हुए कि बीजेपी के अंदर क्या सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है. अब बैठक में नहीं जाने वाली मालिनी गौड़ ने कहा कि बैठक में जाने का क्या फायदा है. कोई समाधान होता नहीं है.
इंदौर में जल संकट की मीटिंग पर घमासान
इंदौर में इस बार सामान्य से कम बारिश हुई है. इसी वजह से इंदौर में जल संकट गहरा सकता है. इसी वजह से मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने एक मीटिंग बुलाई थी, लेकिन अब इसी को लेकर घमासान मचा हुआ है. दरअसल, विजयवर्गीय की बैठक में इंदौर के 9 में से 5 विधायक पहुंचे ही नहीं थे, जब मीडिया ने उनसे सवाल पूछा, तो उन्होंने उखड़ते हुए कहा कि मुझसे क्यों पूछते हो, जो नहीं आए हैं. उनसे ही पूछो. बैठक में बीजेपी विधायक मालिनी गौड़ का भी टो टूक जवाब सामने आया है.
बीजेपी विधायक ने लगाए गंभीर आरोप
बीजेपी विधायक मालिनी गौड़ ने कहा कि काम नहीं होते हैं, तो बैठक में जाने का क्या मतलब है. बार-बार शिकायत करते हैं. फिर भी समाधान नहीं होता है. बैठकें करने से कुछ नहीं होता है. धरातल पर काम होना चाहिए, इसलिए बैठक में जाना मैंने उचित नहीं समझा. हमारी विधानसभा में गोंदावले धाम में टंकी तैयार है, लेकिन इसमें अभी तक डिस्ट्रिब्यूशन लाइन नहीं डाली गई है. जिस दिन अधिकारी का दौरा होता है. उस दिन पानी की टंकी पूरी भर दी जाती है. कई बार बैठकों में ये बात रखी है, लेकिन उचित सुनवाई नहीं हुई है. जो शहर में अब काम कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि वह यह समझे कि शहर को कैसा रखा जाए, मेरी विधानसभा को पूरी तरह से अनदेखा किया जा रहा है. अति होने पर मैंने यह बात रखी है पानी को लेकर गंभीर समस्या है. महापौर के सामने भी मैं इस बात को उठा चुकी हूं.
मालिनी गौड़ बोलीं-जनता की आवाज उठाना हमारा काम
बीजेपी विधायक मालिनी गौड़ ने कहा कि मैं मेयर भी रह चुकी हूं. अधिकारियों पर कमांड होना जरूरी है. 125वें नंबर से हम नंबर वन लेकर आए हैं. कई बार मैंने प्रदेश स्तर पर भी यह बात रखी है. मेरे समय ठेकेदारों के पेमेंट भी हो रहे थे और सभी चीज सही भी चल रही थी. अभी क्या हो रहा है? किसी को नहीं मालूम, लेकिन जनता की आवाज को उठाना हमारा काम है.
उन्होंने कहा कि इस साल बारिश भी नहीं हुई है, तो और अधिक समस्या होने वाली है, जिस तरह से नर्मदा का पानी आ रहा है. उसका डिस्ट्रीब्यूशन ठीक करने की जरूरत है. मैं मुख्यमंत्री मोहन यादव से भी इस बारे में चर्चा करूंगी.
(रिपोर्ट-मिथिलेश गुप्ता)