Astrologer Fraud: अमावस्या के आसपास घर आता, पूजा के नाम पर मांगता था सोना, बेंगलुरु की ये घटना हर आम आदमी के ल‍िए सबक

Astrologer Fraud: अमावस्या के आसपास घर आता, पूजा के नाम पर मांगता था सोना, बेंगलुरु की ये घटना हर आम आदमी के ल‍िए सबक


नई द‍िल्‍ली. बेंगलुरु में ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें एक सड़क छाप ज्योतिषी ने पूजा-पाठ के नाम पर बुजुर्ग महिला से 329 ग्राम से ज्यादा सोना ठग लिया. इस सोने की कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है. आरोपी ने पहले महिला को नींबू देकर पूजा करने की सलाह दी और फिर परिवार की परेशानियां दूर करने का भरोसा दिलाया. फ‍िर इस ठग ने भरोसा जीता और अमावस्‍या के आसपास घर में आना शुरू कर द‍िया. फ‍िर ठग पूजा के नाम पर सोना मांगता था. जब महिला ने अपने गहने वापस मांगे तो उसने अपने हादसे का एक एआई वीड‍ियो बुजुर्ग मह‍िला को भेजा ज‍िसमें वह घायल दिखा रहा है. महिला की बेटी को शक हुआ कि यह वीडियो एआई की मदद से बनाया गया है. बेंगलुरू की यह घटना हर आम आदमी के ल‍िए एक सबक है.

कैसे शुरू हुई ठगी की कहानी?
यह मामला बेंगलुरु के ब्यातरायनपुरा पुलिस स्टेशन से जुड़ा है. पुलिस ने 55 वर्षीय वेंकटेश को एक बुजुर्ग महिला से सोने के गहने ठगने के आरोप में गिरफ्तार किया है. महिला शारदा (बदला हुआ नाम) गिरिनगर इलाके में रहती हैं. कुछ साल पहले वह अक्सर बीमार रहती थीं और इलाज के लिए विक्टोरिया अस्पताल जाती थीं. इसी दौरान उनकी मुलाकात वेंकटेश से हुई. वह अस्पताल के पास फुटपाथ पर बैठकर लोगों को ज्योतिष संबंधी सलाह देता था. शारदा की सेहत से जुड़ी परेशानियों के बारे में जानने के बाद वेंकटेश ने उन्हें एक नींबू दिया और घर पर पूजा-पाठ करने की सलाह दी. इसके बाद में शारदा को लगा कि उनकी तबीयत में सुधार हुआ है. इससे उनके मन में वेंकटेश के प्रति भरोसा बढ़ गया.

बेटे की शराब की लत और बेटी की शादी का दिया भरोसा
करीब डेढ़ साल पहले शारदा के परिवार में कुछ परेशानियां बढ़ गईं. उनका बेटा शराब का आदी हो गया था और उसे काम करने में भी दिक्कत होने लगी थी. दूसरी ओर, बेटी के लिए अच्छा रिश्ता ढूंढने में भी परेशानी आ रही थी. परिवार की इन समस्याओं का समाधान तलाशते हुए शारदा ने वेंकटेश को खोजने की कोशिश की लेकिन वह नहीं मिला. इसके बाद उन्होंने आसपास के ऑटो चालकों को अपना मोबाइल नंबर दिया और कहा कि वे यह नंबर वेंकटेश तक पहुंचा दें. करीब एक हफ्ते बाद वेंकटेश का फोन आया. उसने शारदा को भरोसा दिलाया कि वह उनकी सभी परेशानियां दूर कर सकता है. इसके बाद वह उनके घर पहुंचा और कहा कि ‘चौदेश्वरी अम्मा’ की पूजा करने से परिवार की समस्याएं ठीक हो जाएंगी.

अमावस्या के आसपास घर आता, पूजा के नाम पर मांगता था सोना
पुलिस के मुताबिक, वेंकटेश धीरे-धीरे शारदा का भरोसा जीतता गया. वह हर अमावस्या के आसपास उनके घर आने लगा और पूजा-पाठ के लिए सोने के गहने मांगने लगा. वह कथित तौर पर कहता था कि पूजा के बाद गहने वापस कर देगा. शुरुआत में उसने शारदा से 50 ग्राम की सोने की चेन ली. इसके बाद वह धीरे-धीरे दूसरे गहने भी लेता गया. इनमें सोने की चेन, चूड़ियां, झुमके, अंगूठियां, ब्रेसलेट और एक पेंडेंट शामिल थे. इस तरह कथित तौर पर 329 ग्राम से ज्यादा सोना उसके पास पहुंच गया. इस सोने की कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है. शारदा को उम्मीद थी कि पूजा-पाठ से उनके बेटे की शराब की लत छूट जाएगी और बेटी के लिए अच्छा रिश्ता मिल जाएगा। इसी भरोसे में वह आरोपी को गहने देती रहीं.

गहने वापस मांगे तो भेज दिया दुर्घटना का वीडियो
इस मामले में 19 अगस्त को बड़ा मोड़ आया. शारदा को ‘वरमहालक्ष्मी पूजा’ के लिए अपने सोने के गहनों की जरूरत थी. उन्होंने वेंकटेश से गहने वापस मांगे. इसी रात शारदा के मोबाइल पर वेंकटेश के नंबर से एक व्हाट्सऐप वीडियो आया. वीडियो में वह किसी दुर्घटना में घायल दिखाई दे रहा था. उसके साथ मौजूद एक व्यक्ति दावा कर रहा था कि वेंकटेश के सिर में गंभीर चोट आई है. वीडियो देखकर शारदा की बेटी को शक हुआ. उसे लगा कि यह वीडियो असली नहीं, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI की मदद से बनाया गया हो सकता है. इसके बाद जब शारदा ने वेंकटेश को फोन किया, तो उसका मोबाइल बंद मिला. यहीं से परिवार को ठगी का शक गहराने लगा.

पुलिस ने आरोपी से बरामद किए करीब 200 ग्राम सोने के गहने
मामले की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने वेंकटेश को हिरासत में ले लिया. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, आरोपी के पास से करीब 200 ग्राम सोने के गहने बरामद किए गए हैं. बाकी गहनों को बरामद करने की कोशिश की जा रही है. पुलिस की जांच में यह पता लगाने की कोशिश भी की जा सकती है कि आरोपी ने बाकी सोना कहां रखा या उसका क्या किया. फिलहाल, मामले में सबसे अहम सवाल यही है कि पूजा-पाठ के नाम पर लिया गया बाकी सोना कहां है और कथित दुर्घटना वाला वीडियो किस तरह तैयार किया गया था.

इस घटना से क्या सबक मिलता है?
यह मामला दिखाता है कि किसी की बीमारी, पारिवारिक परेशानी या भावनात्मक कमजोरी का फायदा उठाकर ठगी की जा सकती है. जब कोई व्यक्ति पूजा-पाठ या ज्योतिष के नाम पर कीमती सामान मांगता है और बाद में लौटाने का वादा करता है, तो सतर्क रहना जरूरी है.
– परिवार की परेशानी दूर करने के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति को सोने के गहने न दें.
– गहने या पैसे देने से पहले परिवार के दूसरे सदस्यों से सलाह लें.
– दुर्घटना, बीमारी या आपात स्थिति का वीडियो देखकर तुरंत भरोसा न करें. दूसरे तरीके से भी पुष्टि करें.
– ठगी का शक होने पर पुलिस को सूचना दें और व्हाट्सऐप चैट, फोन नंबर तथा वीडियो जैसे सबूत सुरक्षित रखें.

खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव

QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें

QR Code

login



Source link