IIM MBA Admission 2026 : आईआईएम अहमदाबाद से बिजनेस एनालिटिक्स में करें ब्लेंडेड MBA, शुरू हो गया एडमिशन

IIM MBA Admission 2026 : आईआईएम अहमदाबाद से बिजनेस एनालिटिक्स में करें ब्लेंडेड MBA, शुरू हो गया एडमिशन


IIM MBA Admission 2026 : आईआईएम अहमदाबाद ने बिजनेस एनालिटिक्स और AI में अपने दो वर्षीय ब्लेंडेड एमबीए प्रोग्राम के दूसरे बैच में एडमिशन की घोषणा कर दी है. इस प्रोग्राम को वर्किंग प्रोफेशनल्स और उद्यमियों के लिए तैयार किया गया है. इसका मकसद डेटा और AI आधारित व्यावसायिक निर्णय लेने में सक्षम लीडरशिप तैयार करना है. प्रोग्राम की जानकारी और आवेदन के लिए ऑफिशियल वेबसाइट iima.ac.in पर विजिट करें.

इसकी घोषणा आईआईएम अहमदाबाद परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में की गई. इसमें संस्थान के निदेशक प्रो. भारत भास्कर, डीन (प्रोग्राम्स) प्रो. दीप्टेश घोष, BPGP: BA & AI के चेयरपर्सन प्रो. अनिंद्य एस. चक्रवर्ती और कृष्णमूर्ति टंडन स्कूल ऑफ AI के चेयरपर्सन प्रो. अंकुर सिन्हा मौजूद रहे. वहीं, आईआईएम अहमदाबाद के 1975 बैच की पूर्व छात्रा, बिजनेस लीडर और ग्रैमी पुरस्कार विजेता संगीतकार चंद्रिका टंडन कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से शामिल हुईं. उन्होंने संस्थान में कृष्णमूर्ति टंडन स्कूल ऑफ AI की स्थापना के लिए आर्थिक सहयोग दिया है.

आईआईएम अहमदाबाद के निदेशक प्रो. भारत भास्कर ने कहा कि संस्थान में विद्यार्थियों को किसी समस्या का समाधान निकालने से पहले उसका गहराई से विश्लेषण करना सिखाया जाता है. आज मैनेजर के पास उन्नत एनालिटिकल टूल्स उपलब्ध हैं, लेकिन उन्हें इन टूल्स से मिलने वाले परिणामों की मान्यताओं और सीमाओं को भी समझना जरूरी है. उन्होंने कहा कि इस प्रोग्राम के दूसरे बैच के माध्यम से तकनीकी दक्षता, स्वतंत्र सोच और प्रबंधकीय जिम्मेदारी के बीच संतुलन विकसित करने पर जोर दिया जाएगा.

प्रोग्राम के चेयरपर्सन प्रो. अनिंद्य एस. चक्रवर्ती के अनुसार, इसके पाठ्यक्रम में गणितीय मॉडलिंग, प्रोग्रामिंग और मशीन लर्निंग को फाइनेंस व स्ट्रैटेजी जैसे मैनेजमेंट विषयों के साथ जोड़ा गया है. केस स्टडी, कैपस्टोन असाइनमेंट और एक्शन-लर्निंग प्रोजेक्ट के माध्यम से प्रतिभागियों को विश्लेषण के आधार पर व्यावसायिक निर्णय लेना सिखाया जाएगा.

छह टर्म में पूरी होगी पढ़ाई

दो वर्षीय यह प्रोग्राम छह टर्म में पूरा होगा. इसमें लाइव ऑनलाइन कक्षाओं के साथ परिसर में तीन मॉड्यूल भी होंगे, ताकि नौकरी या कारोबार करने वाले लोग पढ़ाई जारी रख सकें. पाठ्यक्रम में मैनेजमेंट, स्टैटिस्टिक्स, एनालिटिकल मॉडलिंग, मशीन लर्निंग और एडवांस्ड AI शामिल हैं.

प्रतिभागियों को प्रेडिक्टिव और प्रिस्क्रिप्टिव एनालिटिक्स, प्रोडक्ट मैनेजमेंट, फाइनेंस और रिस्क मैनेजमेंट, ह्यूमन-AI कोलैबोरेशन, AI एथिक्स, पॉलिसी एंड रेगुलेशन, सप्लाई चेन डिजिटाइजेशन, जनरेटिव AI और एजेंटिक AI जैसे विषयों में वैकल्पिक पाठ्यक्रम चुनने का अवसर मिलेगा.

प्रोग्राम के दौरान प्रतिभागियों को आईआईएम अहमदाबाद की शैक्षणिक और शोध संबंधी सुविधाओं का रिमोट एक्सेस भी मिलेगा. इनमें विक्रम साराभाई लाइब्रेरी, कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और विभिन्न डेटाबेस शामिल हैं. पहले वर्ष के बाद प्रोग्राम छोड़ने का विकल्प भी उपलब्ध है. इस स्थिति में पात्र प्रतिभागियों को बिजनेस एनालिटिक्स एंड AI में पोस्टग्रेजुएट डिप्लोमा दिया जाएगा. दो वर्षीय MBA पूरा करने वाले प्रतिभागी संस्थान के वैश्विक पूर्व छात्र नेटवर्क का हिस्सा बनेंगे.

कौन कर सकता है आवेदन?

आवेदन के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक डिग्री या समकक्ष CGPA होना चाहिए. CA, CS, ICWA या CMA जैसी समकक्ष व्यावसायिक योग्यताएं रखने वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं.

तीन वर्षीय ग्रेजुएशन डिग्री के बाद कम से कम तीन साल का पूर्णकालिक कार्य अनुभव जरूरी है. चार वर्षीय ग्रेजुएशन डिग्री  के बाद कम से कम दो साल का पूर्णकालिक कार्य अनुभव होना चाहिए. कार्य अनुभव की गणना 31 मार्च 2027 तक की जाएगी.

उम्मीदवारों के पास पिछले पांच वर्षों के भीतर प्राप्त वैध CAT, GMAT या GRE स्कोर होना चाहिए. इसके लिए परीक्षा की तारीख 1 जनवरी 2022 या उसके बाद की होनी चाहिए. GMAT के क्लासिक और फोकस एडिशन, दोनों के स्कोर स्वीकार किए जाएंगे. इसके विकल्प के तौर पर उम्मीदवार पहले राउंड की IIMA एडमिशन टेस्ट प्रक्रिया में भी शामिल हो सकते हैं.



Source link