Last Updated:
Chhapra News: छपरा से दिमाग घुमा देने वाली वारदात सामने आई. जहां एक परिवार ने बेटी के लापता होने का केस दर्ज कराया. उसके बाद एक लावारिस लाश को ही अपनी बेटी बता दिया. हत्या के आरोप में केस दर्ज कराते हुए एक युवक को अरेस्ट करा दिया. कुछ दिनों बाद लड़की का एक इंस्टाग्राम पोस्ट दिखा. जिसके बाद पूरी कहानी ही बदल गई. नाबालिग लड़की कोलकाता में जिंदा मिली.
पुलिस ने नाबालिग लड़की को कोलकाता से बरामद किया.
सारणः बिहार के छपरा से हैरान करने वाली कहानी सामने आई. जहां एक नाबालिग लड़की लापता हो गई. उसके बाद एक लावारिस लाश मिली, तो घरवालों ने उसकी पहचान बेटी के रूप में कर डाली. एक शख्स पर हत्या का आरोप लगाकर उसे गिरफ्तार भी करवा दिया. जब पुलिस की जांच आगे बढ़ी, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ. आरोपी के परिवार को अचानक एक इंस्टाग्राम पोस्ट में लड़की नजर आ गई. जब पुलिस ने लोकेशन निकालकर उसकी तलाश की, तो वह जिंदा मिली.
मामला गरखा थाना इलाके का है. कसिना गांव की मोनी (बदला हुआ नाम) की लड़की के कथित किडनैपिंग की FIR दर्ज कराई गई थी. कुछ दिनों बाद गोल्डेनगंज स्टेशन के पास एक लाश मिली, जिसकी पहचान परिवार ने चांदनी के रूप में की. इसके बाद पुलिस ने गांव के ही एक 19 साल के शख्स को नामजद करते हुए हत्या का मामला दर्ज कराया. जांच भी शुरू हो गई. लेकिन कहानी में बड़ा मोड़ तब आया, जब फोरेंसिक जांच में शव का डीएनए परिवार के डीएनए से मेल नहीं खाया. इस रिपोर्ट ने पुलिस के सामने कई सवाल खड़े कर दिए. आखिर जिस लड़की को मृत मान लिया गया था, क्या वह वास्तव में वही थी? पुलिस इन सवालों के जवाब तलाश ही रही थी कि सोशल मीडिया से एक अहम सुराग मिल गया.
इंस्टाग्राम पोस्ट बनी पुलिस का ‘क्लू’
जांच में इंस्टाग्राम की एक प्रोफाइल पर चांदनी की तस्वीर पोस्ट की गई. इसे कथित अपहरण मामले में आरोपित बनाए गए लोगों ने देखा और इसकी जानकारी पुलिस को दी. पुलिस ने प्रोफाइल की जांच की तो उसका लोकेशन हरियाणा के सोनीपत में मिला. पुलिस टीम वहां पहुंची, लेकिन तब तक लड़की वहां से जा चुकी थी. इसके बाद पुलिस ने डिजिटल सुरागों के आधार पर उसकी तलाश जारी रखी. जांच के दौरान लोकेशन दिल्ली और फिर कोलकाता में मिला. आखिरकार पुलिस टीम कोलकाता पहुंची और चांदनी को सकुशल बरामद कर लिया.
हत्या की गुत्थी या किसी बड़ी साजिश का शक?
पुलिस को आशंका है कि लड़की को गायब रखने के पीछे कोई साजिश हो सकती है. पूरे घटनाक्रम के जरिए कुछ निर्दोष लोगों को हत्या के मामले में फंसाने की कोशिश की गई हो सकती है. हालांकि, इस आशंका की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी. एसएसपी रौशन कुमार के अनुसार पुलिस ने लोकेशन ट्रेस करते हुए लड़की को कोलकाता से बरामद कर लिया. लड़की नाबालिग है और उसकी तीन बार शादी कराने की बात भी जांच में सामने आई है. फिलहाल पुलिस उसे न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया में जुटी है. उसके बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है.