शर्मनाक! गुरुग्राम में ट्रक की जितनी कीमत नहीं…उससे ज्यादा चालान, 35.43 लाख रुपये के 242 चालान पैडिंग, पुलिस ने किया जब्त

शर्मनाक! गुरुग्राम में ट्रक की जितनी कीमत नहीं…उससे ज्यादा चालान, 35.43 लाख रुपये के 242 चालान पैडिंग, पुलिस ने किया जब्त


गुरुग्राम: ना कानून का डर, ना ही ट्रैफिक पुलिस की चिंता. सड़क पर ट्रक दौड़ा रहे चालक ने बेशर्मी की सारी हदें पार कर दी. मामला हरियाणा के गुरुग्राम का है, जहां पर पुलिस ने एक ट्रक को जब्त कर लिया. हैरानी की बात है कि इस ट्रक के 242 चालान पैंडिंग हैं और करीब 35 लाख रुपये का फाइन भी नहीं भरा गया है.

दरअसल, मंगलावर को साइबर सिटी गुरुग्राम में यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाया. इसी अभियान के तहत पुलिस ने एक ऐसे ट्रक को इंपाउंड किया है, जिस पर कुल 35 लाख 43 हजार 800 रुपये के 242 लंबित चालान पाए गए.

13 अक्टूबर को बिलासपुर चौक पर नियमित वाहन जांच के दौरान जोनल अधिकारी एएसआई प्रशांत ने एक ट्रक को जांच के लिए रोका. वाहन की जांच करने पर मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की विभिन्न धाराओं के तहत 242 चालान लंबित मिले. इन सभी चालानों की कुल जुर्माना राशि 35,43,800 रुपये थी.इतनी बड़ी संख्या में लंबित चालान सामने आने के बाद गुरुग्राम यातायात पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ट्रक को इंपाउंड कर लिया.

पुलिस ने बताया कि सबसे ज्यादा चालान राजस्थान और मुरादाबाद आरटीओ ने किए थे. जांच में पता चला कि डंपर मुरादाबाद की एसके बिल्डर फर्म के नाम रजिस्टर्ड है और इसमें राजस्थान से उत्तर प्रदेश तक रोड़ी-बजरी और मार्बल ढोया जा रहा था.

पुलिस के अनुसार अक्टूबर 2023 से सितंबर 2026 तक इस डंपर पर लगातार चालान हुए, लेकिन एक भी नहीं भरा गया. मोटर वाहन अधिनियम 1988 की विभिन्न धाराओं में ओवरलोड, बिना नंबर प्लेट, तेज रफ्तार और अन्य उल्लंघनों के चालान शामिल हैं. ऐसे में तीन साल तक सिस्टम में चालान जुड़ते रहे और सड़क पर डंपर दौड़ता रहा. गौर रहे कि इस ट्रक को 2023 में खरीदा गया था.

लंबित चालानों पर पुलिस की सख्ती

गुरुग्राम यातायात पुलिस लंबे समय से लंबित चालानों का भुगतान नहीं करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चला रही है. पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई जारी रहेगी. गुरुग्राम पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहन के जरूरी दस्तावेज अपडेट रखें और लंबित चालानों का समय पर भुगतान करें.

लगातार सामने आ रहे हैं ऐसे मामले

गौर रहे कि अगस्त से अक्टूबर 2026 के बीच गुरुग्राम में कई हैरान करने वाले मामले सामने आएं हैं, जहां पर लाखों रुपये के चालान नहीं भरे गए थे. एक स्कूटी के करीब 96 चालान पैडिंग थे और उस पर ट्रैफिक नियम तोड़ने के लिए करीब 10 लाख फाइन लगाया गया था. ऐसे ही एक बाइक पर भी साढ़े तीन लाख फाइन था.



Source link