नई दिल्ली. शेयर बाजार में जब किसी सेक्टर की चर्चा होती है, तो निवेशक अक्सर बेंचमार्क इंडेक्स के रिटर्न पर नजर डालते हैं. पिछले तीन वर्षों के दौरान निफ्टी फार्मा इंडेक्स ने निवेशकों को करीब 72% का रिटर्न दिया है. लेकिन इसी फार्मा स्पेस में एक ऐसा शेयर भी है, जिसने इंडेक्स को मीलों पीछे छोड़ते हुए उससे 10 गुना से भी मुनाफा पिछले तीन सालों में दिया है. यह मल्टीबैगर स्टॉक है फार्मा दिग्गज वॉकहार्ट (Wockhardt Ltd) का. इस मल्टीबैगर शेयर ने तीन साल में 776% का भारी-भरकम रिटर्न दिया है.
वॉकहार्ट शेयर में आई यह तेजी सिर्फ बाजार के सेंटिमेंट का खेल नहीं है, बल्कि इसके पीछे कंपनी के वित्तीय कायापलट (Financial Turnaround) का भी हाथ है. वित्त वर्ष 2022-23 (FY23) में वॉकहार्ट की कुल आय ₹2,773 करोड़ थी. कंपनी ₹621 करोड़ के भारी घाटे में डूबी हुई थी. लेकिन वित्त वर्ष 2025-26 तक आते-आते कंपनी मुनाफे में लौट आई. FY26 के अंत तक कंपनी का कुल रेवेन्यू बढ़कर ₹3,484 करोड़ और शुद्ध मुनाफा (PAT) ₹199 करोड़ हो गया. वित्तीय सुधार का असर बैलेंस शीट पर भी दिखा. वित्त वर्ष 2023 में ₹1,763 करोड़ के नेट डेट के मुकाबले मार्च 2026 तक कर्ज घटकर ₹1,463 करोड़ रह गया.
बिजनेस मॉडल बदला तो बदल गई किस्मत
वॉकहार्ट की इस जोरदार वापसी की सबसे अहम धुरी उसका बिजनेस मॉडल बदलना रहा. FY23 में जब कंपनी अमेरिकी बाजार में प्राइसिंग प्रेशर और जेनेरिक दबाव से जूझ रही थी, तब उसने एक कड़ा रणनीतिक फैसला लिया. कंपनी ने लो-मार्जिन अमेरिकी जेनेरिक बिजनेस से पूरी तरह बाहर निकलकर अपना पूरा फोकस नए एंटीबायोटिक्स, बायोटेक्नोलॉजी और इंसुलिन बेस्ड स्पेशियलिटी प्रोडक्ट्स पर केंद्रित कर दिया.
Zaynich बना गेमचेंजर
कंपनी की रिसर्च पाइपलाइन में सबसे बड़ा मील का पत्थर साबित हुआ इसका नया एंटीबायोटिक Zaynich, जिसे सुपरबग्स और दवा-प्रतिरोधी गंभीर संक्रमणों के इलाज के लिए तैयार किया गया है. FY26 में Zaynich को अमेरिकी फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (US FDA) और भारत के CDSCO दोनों से मंजूरी हासिल हुई. अब कंपनी अमेरिका, यूरोप, भारत और अन्य उभरते बाजारों में इसके बड़े पैमाने पर कमर्शियलाइजेशन की तैयारी कर रही है.
1 लाख के बन गए ₹8.76 लाख
वॉकहार्ट शेयर मंगलवार, 13 अक्टूबर को एक फीसदी की तेजी के साथ 1983.80 रुपये पर बंद हुआ है. अगर किसी निवेशक ने इस शेयर में तीन साल पहले एक लाख रुपये लगाते होते तो आज उसके निवेश की वैल्यू ₹8.76 लाख हो चुकी होती. पिछले छह महीनों में इस शेयर ने निवेशकों को 46 फीसदी रिटर्न दिया है.एक साल में यह मल्टीबैगर शेयर 42 फीसदी महंगा हुआ है.
क्या आगे भी बरकरार रहेगी तेजी?
जून 2026 से ही वॉकहार्ट शेयर ₹1,792 से ₹2,422 के दायरे में कंसोलिडेट कर रहा है. शेयर फिलहाल डिस्ट्रीब्यूशन फेज में दिख रहा है और फ्लैट एडीएक्स यह बताता है कि अभी किसी एक दिशा में मजबूत मोमेंटम नहीं है. तकनीकी स्तरों की बात करें तो ₹1,840–₹1,850 का दायरा शेयर के लिए अहम सपोर्ट का काम करेगा. अगर यह स्तर नीचे की तरफ टूटता है तो निकट अवधि में कमजोरी बढ़ सकती है. वहीं, ऊपर की ओर ₹2,340–₹2,350 का स्तर मजबूत रेजिस्टेंस है; इस बाधा को निर्णायक रूप से पार करने के बाद ही शेयर में नए सिरे से तेजी का अगला दौर शुरू होने के संकेत मिलेंगे.
(Disclaimer: यहां बताए गए स्टॉक्स ब्रोकरेज हाउसेज की सलाह पर आधारित हैं. यदि आप इनमें से किसी में भी पैसा लगाना चाहते हैं तो पहले सर्टिफाइड इनवेस्टमेंट एडवायजर से परामर्श कर लें. आपके किसी भी तरह की लाभ या हानि के लिए लिए News18 जिम्मेदार नहीं होगा.)