Last Updated:
Nawada News : बिहार के नवादा स्थित गांधी इंटर स्कूल मैदान में एमएलसी स्नातक और शिक्षक चुनाव को लेकर एनडीए की बड़ी चुनावी सभा हुई. इसमें स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार पहली बार नवादा पहुंचे. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी समेत कई नेता मंच पर मौजूद रहे. निशांत कुमार ने नीतीश कुमार के कार्यकाल में शुरू हुई साइकिल और पोशाक योजना सहित अन्य फैसलों का जिक्र कर एनडीए समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में वोट मांगे.
निशांत कुमार ने नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यकाल में शुरू की गई योजनाओं और सामाजिक बदलावों का जिक्र किया.
नवादा. बिहार के नवादा में 13 अक्टूबर (मंगलवार) को एमएलसी स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर एनडीए ने बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया. गांधी इंटर स्कूल के मैदान में आयोजित चुनावी सभा में एनडीए के कई बड़े नेता एक मंच पर जुटे और गठबंधन समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान की अपील की. सभा में सबसे अधिक चर्चा बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की रही. वह पहली बार नवादा पहुंचे थे और इस चुनावी सभा में उनकी मौजूदगी को लेकर समर्थकों में खास उत्साह देखने को मिला.
सभा में बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी, मंत्री श्रवण कुमार, दीपक प्रकाश और प्रमोद चंद्रवंशी समेत कई सांसद और मगध क्षेत्र के विधायक मौजूद रहे.
निशांत कुमार ने नीतीश सरकार के काम गिनाए
चुनावी सभा को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यकाल में शुरू की गई योजनाओं और सामाजिक बदलावों का जिक्र किया. उन्होंने छात्र-छात्राओं के लिए साइकिल योजना और पोशाक योजना के साथ शराबबंदी जैसे फैसलों का उल्लेख किया. उन्होंने लोगों से इन योजनाओं और सरकार के कामकाज को ध्यान में रखते हुए एनडीए समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करने की अपील की.
संजय सरावगी ने भी मांगे वोट
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू उम्मीदवार नीरज कुमार और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नवल किशोर यादव के पक्ष में वोट देने की अपील की. उन्होंने कहा कि जब एनडीए एकजुट होकर काम करता है, तो बिहार में विकास को गति मिलती है. सरावगी ने पूर्ववर्ती सरकारों और मौजूदा एनडीए सरकार के कामकाज की तुलना करते हुए लोगों से दोनों उम्मीदवारों को समर्थन देने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि बिहार में पिछले वर्षों में हुए विकास कार्यों को देखते हुए मतदाताओं को एनडीए उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करना चाहिए.
एमएलसी चुनाव में NDA ने दिखाई एकजुटता
नवादा की इस सभा में एनडीए के कई प्रमुख नेताओं की मौजूदगी को स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिहाज से अहम माना जा रहा है. एक ही मंच से गठबंधन के नेताओं ने उम्मीदवारों के समर्थन में वोट मांगे. सभा के जरिए एनडीए ने मगध क्षेत्र में अपनी एकजुटता और चुनावी तैयारी का संदेश देने की कोशिश की.अब इस चुनाव में देखना होगा कि एनडीए नेताओं की संयुक्त अपील का मतदाताओं पर कितना असर पड़ता है और गठबंधन समर्थित उम्मीदवारों को कितना समर्थन मिलता है.