Last Updated:
Jaipur Dandiya Festival Controversy: जयपुर में डांडिया उत्सव के दौरान गैर हिंदुओं के प्रवेश को लेकर विवाद सामने आया है. चित्रकूट इलाके में सनातन सुरक्षा मंच के कार्यकर्ताओं ने गरबा पंडाल के बाहर प्रदर्शन किया और प्रवेश पर रोक से जुड़े पोस्टर लगाए. संगठन ने गरबा समितियों को पहचान की जांच के बिना प्रवेश देने पर विरोध की चेतावनी दी है.
जयपुर में गरबा पंडालों में गैर हिंदुओं के प्रवेश का विरोध
जयपुर: जयपुर में शारदीय नवरात्रि के दौरान गरबा और डांडिया आयोजनों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. शहर में आयोजित होने वाले गरबा पंडालों में गैर-हिंदुओं के प्रवेश को लेकर हिंदूवादी संगठन अब खुलकर विरोध पर उतर आए हैं. इस गरबा सीजन के शुरू होते ही आयोजनों की सुरक्षा और पवित्रता के नाम पर राजनीतिक व धार्मिक गरमागरमी देखने को मिल रही है, जिससे पुलिस और स्थानीय प्रशासन भी सतर्क हो गया है.
राजधानी जयपुर के पॉश इलाके चित्रकूट में गरबा पंडाल के बाहर हिंदूवादी ‘सनातन सुरक्षा मंच’ के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने पंडाल के बाहर गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने वाले बड़े-बड़े होर्डिंग और पोस्टर चस्पा कर दिए हैं. इस दौरान उन्होंने सरकार और आयोजकों के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की.
शहर की सभी गरबा समितियों को सख्त चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान सनातन सुरक्षा मंच के कार्यकर्ताओं ने शहर की सभी गरबा समितियों को सख्त चेतावनी दी है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि यदि किसी भी पंडाल में आने वाले व्यक्ति की आधार कार्ड और पहचान की ठीक से जांच किए बिना प्रवेश दिया गया, तो उनका संगठन कड़ा विरोध दर्ज कराएगा. आयोजनों को सुचारू रखने के लिए संगठन ने निगरानी समितियों का गठन किया है. ये समितियां विभिन्न गरबा पंडालों में प्रत्यक्ष रूप से जाकर यह जायजा लेंगी कि कहीं कोई गैर-हिंदू व्यक्ति नियमों के विरुद्ध पंडाल के अंदर तो प्रवेश नहीं कर रहा है.
पवित्रता और संस्कृति की मर्यादा को बनाए रखना
इस विरोध प्रदर्शन को लेकर चलाए जा रहे अभियान को एक कदम और आगे बढ़ाते हुए संगठन के कार्यकर्ताओं ने अनोखी तैयारी शुरू कर दी है. सनातन सुरक्षा मंच के सदस्यों ने घोषणा की है कि वे गरबा पंडालों के मुख्य द्वार पर अपनी निगरानी रखेंगे और पंडाल में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु पर प्रवेश से पहले शुद्धिकरण के लिए गंगाजल का छिड़काव करने की योजना बना रहे हैं. उनका मानना है कि इस तरह के धार्मिक आयोजनों की पवित्रता और संस्कृति की मर्यादा को बनाए रखना उनका मुख्य दायित्व है.
पंडालों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए
चित्रकूट के अलावा जयपुर शहर के अन्य कई इलाकों में भी जगह-जगह ऐसे होर्डिंग और पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें गैर-हिंदुओं के प्रवेश निषेध की बात लिखी गई है. इस तरह के आयोजनों में बढ़ते तनाव और धार्मिक बयानों को देखते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा और गरबा पंडालों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.