लिटन दास ने टेस्ट में रचा इतिहास, 9 शिकार और सेंचुरी से बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
Last Updated:
बांग्लादेश के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास ने अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच में इतिहास रच दिया. लिटन ने अपने जन्मदिन के मौके पर टेस्ट क्रिकेट में एक ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया जो आज किसी विकेटकीपर बल्लेबाज ने नहीं किया था. लिटन ने एक टेस्ट में 9 डिसमिसल के साथ सेंचुरी लगाने का अद्भुत कारनामा किया.
बांग्लादेश के विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास
नई दिल्ली: बांग्लादेश और अफगानिस्तान के बीच खेला गया एकमात्र टेस्ट मैच ड्रॉ हो गया है. हालांकि, इस मैच में जीत और हार तय नहीं हो सकी, लेकिन बांग्लादेश के विकेटकीपर-बल्लेबाज लिटन दास ने इसे अपने करियर के लिए यादगार बना दिया. अपने 32वें जन्मदिन के मौके पर लिटन दास ने टेस्ट क्रिकेट में एक वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया. लिटन दास ने बांग्लादेश के लिए पहली पारी में 52 रनों की अर्धशतकीय पारी खेलने के बाद, दूसरी पारी में 102 रन बनाकर अपना शतक पूरा किया.
इसके अलावा, लिटन ने विकेटकीपिंग में बांग्लादेश के लिए शतकीय पारी खेलने के साथ-साथ 9 डिसमिसल भी किए. इस तरह, लिटन दास टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहले ऐसे विकेटकीपर-बल्लेबाज बने, जिन्होंने एक मैच में शतक लगाने के साथ 9 शिकार भी किए. मैदान पर इस खास उपलब्धि के साथ लिटन दास ने अपने जन्मदिन को भी यादगार बनाया. लिटन दास को उनके दमदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
रोमांचक रहा अफगानिस्तान-बांग्लादेश का मुकाबला
अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच खेला गया एकमात्र टेस्ट मैच रोमांचक अंदाज में खत्म हुआ. मैच में बांग्लादेश की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी में टॉप ऑर्डर के दमदार खेल की बदौलत 346 रन का स्कोर खड़ा किया. टीम के लिए पारी में शादमान इस्लाम ने 67, तंजीद हसन ने 83 और लिटन दास ने 53 रनों की शानदार पारियां खेलीं. वहीं, अफगानिस्तान की तरफ से गेंदबाजी में मोहम्मद सलीम सैफी ने 4 और यामीन अहमदजई ने 3 विकेट अपने नाम किए.
पहली पारी में बांग्लादेश के 346 रनों के जवाब में अफगानिस्तान की टीम, कप्तान रहमत शाह के 105 और अब्दुल मलिक के 62 रनों के बावजूद, केवल 240 रन ही बना पाई, जिससे बांग्लादेश को 106 रनों की बढ़त मिली. इसके बाद बांग्लादेशी टीम ने अपनी दूसरी पारी 372 रन बनाकर घोषित कर दी, जिससे चौथी और अंतिम पारी में अफगानिस्तान के सामने 479 रनों का विशाल लक्ष्य रखा गया. खेल के अंतिम दिन अफगानिस्तान की टीम 8 विकेट पर 346 रन बनाने में सफल रही, लेकिन बांग्लादेश जीत के लिए जरूरी 2 विकेट नहीं निकाल सकी, जिससे यह मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ.