Last Updated:
Shiva Sharma Shraddha Dubey Chat Viral: राजधानी लखनऊ में करोड़पति शिवा की 9 अक्टूबर के दिन चौथी मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी. मौत का आरोप उनकी गर्लफ्रेंड श्रद्धा दुबे पर लगाया जा रहा है. अब शिवा शर्मा और श्रद्धा दुबे के बीच हुई चैट सामने आई है. आइए जानते हैं दोनों के बीच क्या बातचीत हुई थी.
मृतक शिवा शर्मा और गर्लफ्रेंड श्रद्धा दुबे की तस्वीर.
लखनऊ: यूपी की राजधानी लखनऊ में कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में आए दिन नए खुलासे हो रहे हैं. शिवा की अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी. जिसकी गुत्थी पुलिस सुलझाने में जुटी हुई है. तो दूसरी तरफ मौत से पहले उनके और लिव-इन पार्टनर श्रद्धा दुबे के बीच हुई बातचीत चर्चा में है. सामने आई कथित WhatsApp चैट में श्रद्धा शिवा के बदले व्यवहार पर नाराजगी जताती दिख रही हैं. शिवा उन्हें समझाने की कोशिश करते हैं कि उनके प्यार में कोई कमी नहीं आई है. आखिर दोनों के बीच ऐसा क्या चल रहा था, जिसका जिक्र इस बातचीत में दिखाई देता है?
सामने आई कथित चैट में श्रद्धा शिवा से उनके व्यवहार को लेकर सवाल करती हैं. वह कहती हैं कि पहले शिवा उन्हें बार-बार फोन किया करते थे, लेकिन अब ऐसा क्या हो गया है कि उनका व्यवहार बदल गया है. बातचीत से दोनों के बीच नाराजगी और रिश्ते में चल रही खींचतान दिख रही है.
मेरे व्यवहार में कोई बदलाव नहीं
जवाब में शिवा कहते हैं कि उनके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया है और उनका प्यार भी कम नहीं हुआ है. बातचीत के दौरान वह अपनी कुछ परेशानियों का जिक्र करते हैं. इस पर श्रद्धा उनसे पूछती हैं कि आखिर उन्हें क्या परेशानी है. चैट में कुछ ऐसी बातें भी सामने आई हैं, जिनसे बातचीत का माहौल तनावपूर्ण नजर आता है.
चौथी मंजिल से गिरकर हुई थी शिवा की मौत
लखनऊ के हजरतगंज इलाके में स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से 9 अक्टूबर के दिन गिरने के बाद 28 वर्षीय कारोबारी शिवा शर्मा की मौत हो गई थी. वह श्रद्धा दुबे के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे. शिवा की मौत के बाद उनकी मां रंजना शर्मा ने श्रद्धा पर गंभीर आरोप लगाए.
मां ने लगाए गंभीर आरोप
उनका आरोप है कि उनके बेटे के साथ मारपीट और ब्लैकमेलिंग की जाती थी. मां ने यह भी आरोप लगाया कि श्रद्धा अपने प्रभावशाली संपर्कों का हवाला देकर शिवा पर दबाव बनाती थीं और उन्हें जेल भिजवाने की धमकी देती थीं. मां के द्वारा लगाए गए आरोपो की पुलिस जांच कर रही है.
हत्या का केस दर्ज, कई पहलुओं की जांच
शिवा की मां की शिकायत के आधार पर श्रद्धा दुबे, उनकी बहन, ड्राइवर और अन्य लोगों समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस मामले से जुड़े लोगों की भूमिका और घटना से पहले तथा बाद की गतिविधियों की जांच कर रही है. जांच में कथित WhatsApp चैट के साथ दूसरे सबूतों को भी अहम माना जा रहा है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के समय अपार्टमेंट में क्या हुआ था और शिवा की मौत किन परिस्थितियों में हुई.