लाल किले की रामलीला में दिखेगा मीनाक्षी मंदिर, हवा में होगा सीता हरण और युद्ध
Last Updated:
दिल्ली के लाल किला मैदान की रामलीला में इस बार मदुरै के मीनाक्षी मंदिर जैसा भव्य मंच दिखेगा. सीता हरण और राम-रावण युद्ध के दृश्य हवा में क्रेन और एरियल स्टंट की मदद से दिखाए जाएंगे. दर्शकों को तकनीक और आधुनिक लाइट-साउंड का अनोखा अनुभव मिलेगा. इसकी भव्य तैयारियां जोरों पर हैं.
नई दिल्लीः दिल्ली के लाल किले में हर साल होने वाली लव कुश रामलीला में इस बार दर्शकों को कुछ नया देखने को मिलेगा. रामलीला कमेटी के अध्यक्ष श्री अर्जुन कुमार के मुताबिक, इस बार मंच को खास तरीके से तैयार किया गया है. भव्य मीनाक्षी देवी मंदिर से लेकर हवा में होने वाले रोमांचक दृश्यों तक, रामलीला में कई ऐसी चीजें होंगी, जो दर्शकों का ध्यान खींचेंगी. इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था और युवाओं को रामलीला से जोड़ने पर भी खास ध्यान दिया गया है.
140 फीट लंबे मंच पर बनेगा मीनाक्षी देवी मंदिर
लव कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष श्री अर्जुन कुमार ने बताया कि इस बार मंच को 140 फीट लंबा, 60 फीट चौड़ा और 45 फीट ऊंचा बनाया गया है. मंच पर मीनाक्षी देवी मंदिर की भव्य आकृति तैयार की गई है.यह मंदिर 113 फीट लंबा और 24 फीट ऊंचा होगा.इसकी सजावट और गुंबद को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि दर्शकों को मंदिर का भव्य रूप देखने को मिले.
इस मंदिर को तैयार करने के लिए हैदराबाद, मुंबई, दिल्ली, वृंदावन और मथुरा के कारीगर पिछले दो महीने से काम कर रहे हैं.कमेटी का कहना है कि मंदिर की बनावट और रंग-रोगन इस बार रामलीला के खास आकर्षणों में शामिल होंगे.
तीन मंजिलों पर एक साथ होगी रामलीला
इस बार रामलीला में तीन मंजिलों वाला मंच तैयार किया गया है.इसमें नीचे, बीच और ऊपर तीन अलग-अलग स्तर होंगे.इन तीनों मंचों पर कलाकार एक ही समय में रामलीला के अलग-अलग प्रसंगों को प्रस्तुत करेंगे.
भगवान राम, लक्ष्मण, माता सीता, हनुमान और रावण का किरदार निभाने वाले कलाकार मुंबई से आएंगे.उनके कपड़े और मेकअप की व्यवस्था भी वहीं से की जा रही है.
हवा में दिखेंगे सीता हरण और जटायु युद्ध के दृश्य
इस बार रामलीला में तकनीक और रोमांच का खास मेल देखने को मिलेगा. अर्जुन ने बताया कि सीता हरण और जटायु युद्ध जैसे प्रसंगों को हवा में दिखाने की तैयारी की गई है.इसके अलावा राम-रावण युद्ध के दौरान भी खास तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा.युद्ध के दृश्य को रोमांचक बनाने के लिए दोनों तरफ बड़ी क्रेन लगाई जाएंगी.इनकी मदद से रथों को ऊपर उठाया जाएगा.युद्ध के दौरान तलवारों की टक्कर और बिजली जैसी आवाजों के जरिए दृश्य को प्रभावशाली बनाने की कोशिश की जाएगी.
सुरक्षा के लिए लगाए गए करीब 200 CCTV कैमरे
लाल किले में होने वाली रामलीला में बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं.ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था भी अहम है.कमेटी अध्यक्ष के मुताबिक, परिसर में आने-जाने के लिए छह गेट बनाए गए हैं.सुरक्षा पर नजर रखने के लिए करीब 200 CCTV कैमरे लगाए गए हैं.इसके अलावा कमेटी के लगभग 500 कार्यकर्ता भी व्यवस्था संभालने में मदद करेंगे.
उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था में मौजूद रहेगी.कमेटी का कहना है कि दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तैयारियां की जा रही हैं.
जेन जी को जोड़ने के लिए 21 अक्टूबर को होगा खास कार्यक्रम
लव कुश रामलीला कमेटी इस बार युवाओं को भी अपने साथ जोड़ने की कोशिश कर रही है.इसके लिए 21 अक्टूबर को एक विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है.अर्जुन के मुताबिक, कार्यक्रम में रामायण धारावाहिक में हनुमान का किरदार निभाने वाले अभिनेता और गायक सुनील लहरी को आमंत्रित किया गया है.उनके साथ उनकी टीम भी कार्यक्रम में शामिल होगी.
इस दौरान बैंड, संगीत और डांस जैसी गतिविधियां होंगी, ताकि युवा भी रामलीला से जुड़ सकें.इसके अलावा कमेटी ने 5100 तुलसी के पौधे बांटने की भी योजना बनाई है.इन पौधों को मंच से लोगों को दिया जाएगा.