बढ़ने लगा विवाद तो सुक्खू सरकार ने लिया यू-टर्न, कबड्डी खिलाड़ी रितु नेगी को भी मिलेगा 1 करोड़ रुपये इनाम

बढ़ने लगा विवाद तो सुक्खू सरकार ने लिया यू-टर्न, कबड्डी खिलाड़ी रितु नेगी को भी मिलेगा 1 करोड़ रुपये इनाम


शिमला. हिमाचल प्रदेश में अर्जुन पुरस्कार विजेता भारतीय महिला कबड्डी टीम की पूर्व कप्तान रितु नेगी को लेकर विवाद थम गया है. जापान में हाल ही में एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम की सदस्य ऋतु नेगी का नाम हिमाचल प्रदेश सरकार की पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ियों की सूची से हटा दिया गया था. हालांकि, लगातार मामला सुर्खियां बनन लगे तो सुक्खू सरकार बैकफुट में आ गई.

दरअसल, ऋतु हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र की रहने वाली हैं और उनकी शादी हरियाणा के पानीपत में हुई है. हिमाचल सरकार ने एक करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार के लिए पात्र खिलाड़ियों की सूची से अंतिम समय में उनका नाम हटा दिया, जिससे ऋतु और उनका परिवार निराश हो गया था.

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एशियाई खेलों में कबड्डी में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला टीम की सदस्य रही हिमाचल प्रदेश की तीन खिलाड़ियों पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर तथा भारतीय महिला क्रिकेटर रेणुका ठाकुर के लिए एक-एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि की घोषणा की थी.

ऋतु ने सरकार के इस कदम को बेहद अपमानजनक बताया. उन्होंने मीडिया से कहा, ‘‘एक सप्ताह पहले तक मैं हिमाचल की बेटी थी और मुख्यमंत्री ने फेसबुक पर बधाई संदेश साझा किया था, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और सांसद अनुराग ठाकुर ने मुझे बधाई देने के लिए फोन किया था. मेरी समझ में नहीं आ रहा है कि दो दिन में अचानक क्या बदल गया.’’

ऋतु ने कहा कि एक ऐसी खिलाड़ी के साथ इस तरह का व्यवहार क्यों किया जा रहा है जिसने लगातार तीन एशियाई खेलों में देश का प्रतिनिधित्व किया है और दो स्वर्ण पदक और एक रजत पदक जीता है. उन्होंने बताया कि वह भारतीय रेलवे में कार्यरत हैं, लेकिन उन्होंने घरेलू प्रतियोगिताओं में हरियाणा का नहीं बल्कि हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया है. उन्होंने पूछा, ‘‘मेरे करियर के इस पड़ाव पर हिमाचल प्रदेश सरकार मेरे साथ इस तरह का व्यवहार क्यों कर रही है.’’

भाजपा ने उठाए थे सवाल

ऋतु के पिता भवान सिंह नेगी ने सवाल उठाया कि क्या किसी लड़की की शादी दूसरे राज्य में हो जाने से वह अपने गृह राज्य की बेटी नहीं रह जाती. उन्होंने बताया कि ऋतु को 2023 एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के बाद हिमाचल सरकार से नकद पुरस्कार मिला था, जबकि उनकी शादी हरियाणा में हुई थी. पुरस्कारों की सूची से ऋतु का नाम हटाए जाने के मामले को भाजपा ने हिमाचल प्रदेश के गौरव और राज्य की बेटी के सम्मान से जोड़ दिया है.शिलाई के पूर्व भाजपा विधायक और भाजपा के राज्य प्रवक्ता बलदेव सिंह तोमर ने कहा कि हिमाचल सरकार ने न केवल हिमाचल की एक बेटी की गरिमा को ठेस पहुंचाई है, बल्कि पुरस्कार सूची से ऋतु का नाम हटाकर राज्य के गौरव को भी धूमिल किया है. उन्होंने हिमाचल सरकार को इस फैसले पर फिर से विचार करने के लिए कहा और ‘हिमाचल की बेटी’ को उचित सम्मान देने की अपील की थी. राज्य सरकार के सूत्रों ने बताया कि सरकार इस मामले पर हरियाणा सरकार के रुख पर बारीकी से नजर रख रही है.

उधर, हरियाणा सरकार ने अभी तक ऋतु के लिए किसी भी प्रकार के नकद पुरस्कार की घोषणा नहीं की है. हिमाचल प्रदेश के खेल मंत्री यादविंदर गोमा ने कहा कि नकद पुरस्कार पाने वाले हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ियों की सूची में बदलाव का कारण उन्हें पता नहीं है और वह इस मामले में मुख्यमंत्री से बात करेंगे.


कैबिनेट मीटिंग में सुक्खू सरकार का फैसला

हिमाचल प्रदेश सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि 20वें एशियाई खेल में पदक विजेता हिमाचली खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए अक्तूबर माह में ‘सम्मान समारोह’ का आयोजन किया जाएगा. प्रवक्ता ने बताया कि हाल ही में संपन्न हुए एशियाई खेल में स्वर्ण पदक विजेता कबड्डी टीम की खिलाड़ी रितु नेगी, पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को एक-एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी. पुरूष मैराथन में रजत पदक विजेता सावन बरवाल दो करोड़ 50 लाख रुपये और एथलैटिक्स में दस हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक विजेता सीमा कुमारी को एक करोड़ 50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी.

नौ करोड़ तीन लाख रुपये की पुरस्कार राशि बांटी जाएगी

क्रिकेट की स्वर्ण पदक विजेता टीम की खिलाड़ी रेणुका ठाकुर को एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी. जुड्डो में प्रतिभागिता के लिए खिलाड़ी ताखेलाम्बम इनुनगांबी को तीन लाख रुपये की राशि पुरस्कार के रूप में प्रदान की जाएगी. उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा इन खिलाड़ियों को कुल नौ करोड़ तीन लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी. हाल ही में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में प्रदेश सरकार ने खिलाड़ियों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं. अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाली भारतीय टीमों के खिलाड़ियों को दिए जाने वाले नकद पुरस्कारों के प्रावधानों में संशोधन को स्वीकृति प्रदान की गई है.

संशोधित प्रावधानों के अनुसार, पदक विजेता भारतीय टीम में शामिल हिमाचल प्रदेश के सभी पात्र खिलाड़ियों के बीच नकद पुरस्कार समान रूप से वितरित किया जा सकेगा. ऐसी स्थिति में प्रत्येक खिलाड़ी को व्यक्तिगत पदक विजेता के लिए निर्धारित राशि के बराबर पुरस्कार दिया जा सकेगा. इसके अतिरिक्त, पुरस्कार का वितरण आनुपातिक आधार पर भी किया जा सकेगा, जिसमें प्रत्येक खिलाड़ी के लिए व्यक्तिगत पदक विजेता के लिए निर्धारित नकद पुरस्कार की कम-से-कम 25 प्रतिशत राशि सुनिश्चित होगी. उन्होंने बताया कि प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी के पद सृजित करने को भी स्वीकृति प्रदान की गई है.उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन प्रदान करने के दृष्टिगत निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं.

कौन हैं रितु नेगी

रितु नेगी सिरमौर जिले के शिलाई की रहने वाली है और उनकी शादी पानीपत में हुई हैं. रितु के पति भी कबड्डी खिलाड़ी हैं.



Source link