वो तो हंसता नहीं है… ईशान के बारे में अभिषेक की बात सुनकर आप ही हंस पड़ेंगे!
Last Updated:
Abhishek Sharma on Ishan Kishan: दुनिया में सबसे तेज दो हजार टी-20 रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम करने वाले अभिषेक शर्मा से जब ईशान किशन के साथ बॉन्डिंग पर सवाल पूछा गया तो बाएं हाथ के इस विस्फोटक बैटर ने मजेदार जवाब दिया. अभिषेक शर्मा ने कहा कि ईशान के साथ आईपीएल की जुगलबंदी का भी फायदा मिलता है, वह पिच पर तभी आता है, जब कोई विकेट गिरा हो, ऐसे में उसे प्रेशर फ्री रखना मेरा काम है.
अभिषेक शर्मा ने ईशान किशन के साथ अपनी जुगलबंदी पर जवाब दिया है.
इंदौर: भारत ने दूसरे टी-20 में वेस्टइंडीज को 14 रन से हराते हुए पांच मैच की टी-20 सीरीज में 2-1 की लीड बना ली. रिकॉर्ड 18 गेंद में अर्धशतक जमाने वाले विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा जीत के बाद मीडिया से बात करने आए. ईशान किशन के साथ 40 गेंद में 108 रन की शानदार पार्टनरशिप के बारे में अभिषेक से जब सवाल पूछा गया तो उन्होंने मजेदार जवाब दिया.
दुनिया के नंबर-2 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने 30 गेंद में पांच छक्के और छह चौके की मदद से 69 रन बनाए जबकि नंबर-1 टी-20 बल्लेबाज ईशान किशन ने 18 गेंद में छह चौके और एक छक्के की मदद से 37 रन कूटे. एक रिपोर्टर ने ये पूछ लिया कि आप दोनों बैटिंग के दौरान हमेशा मुस्कुराते क्यों दिखते हैं. इसके जवाब में अभिषेक ने कहा:
नहीं सर, पहली बात तो ये कि ईशान बैटिंग करते समय इतनी आसानी से हंसता नही है इसलिए मुझे उसे हंसाना पड़ता है और थोड़ा रिलैक्स करना पड़ता है क्योंकि जब वह बैटिंग करने आता है तो उसे अपने जोन में रहना पसंद होता है, लेकिन मुझे लगता है कि हमारी बॉन्डिंग और हमारी कई साझेदारियों (IPL में भी) की वजह से हम एक-दूसरे को बहुत अच्छी तरह समझते हैं.
पुराने दोस्त हैं अभिषेक-ईशान
आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने कई मैच विनिंग साझेदारियां की है. अभिषेक से जब ईशान के साथ उनकी केमिस्ट्री और आपसी समझ के बारे में सवाल पूछा गया तब इस विस्फोटक बल्लेबाज ने कहा कि ईशान जब भी बैटिंग करने आते हैं तो वह उन पर से दबाव कम करने की जिम्मेदारी लेते हैं.
ईशान आमतौर पर तब आते हैं जब कोई विकेट गिरता है. जाहिर है, शुरुआती तीन-चार गेंदों में उन पर थोड़ा दबाव होता है, इसलिए मेरी कोशिश रहती हैं कि मैं उन्हें प्रेशर फ्री रखूं. और वह बस वैसे ही खेलें जैसे हमेशा खेलते हैं. हम मैदान पर हालात वगैरह के बारे में ज्यादा बात नहीं करते. हम बस एक-दूसरे की बैटिंग का आनंद लेते हैं और एक-दूसरे की तारीफ करते हैं.”
भारत के 224 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज सात विकेट पर 209 रन ही बना पाया. शिमरोन हेटमायर ने सिर्फ 26 गेंदों में 43 रन की शानदार पारी खेली. छह चौके, दो छक्के जमाए जबकि कामिल पूरन के बल्ले से 27 गेंद में 42 रन निकले. उन्होंने तीन छक्के, तीन चौके जमाए. अंत में शमार स्प्रिंगर ने 11 गेंद में चार छक्के, दो चौके की मदद से नाबाद 35 की तूफानी पारी खेली, लेकिन फिर भी कैरेबियन टीम जीत नहीं पाई. भारत के लिए अर्शदीप सिंह ने 44 रन पर तीन जबकि नमन धीर ने 39 रन पर दो विकेट शिकार किए.
मैच के दौरान अभिषेक शर्मा टी-20 इंटरनेशनल में सबसे तेज 2 हजार रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए.
शाई होप ने बताया कितने खतरनाक थे ईशान-अभिषेक
वेस्टइंडीज की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए शाई होप ने मैच के बाद कहा कि शुरुआत से ही अभिषेक और किशन की जोड़ी काफी खतरनाक थी, लेकिन रोस्टन चेज ने कुछ विकेट दिलाए और हमने मुकाबले में वापसी करते हुए स्थिति संभाल ली, लेकिन आज हमारा दिन नहीं था. दोनों टीम के बीच चौथा मुकाबला 14 अक्टूबर को हैदराबाद में खेला जाएगा.