Last Updated:
आगरा का शाह मार्केट मोबाइल फोन और एक्सेसरीज के लिए प्रसिद्ध है. यहां नए, पुराने फोन और रिपेयरिंग की सुविधा के लिए आगरा के अलावा अलीगढ़, मथुरा और फिरोजाबाद से भी लोग आते हैं. शाह मार्केट की खासियत यह है कि यहां मोबाइल से जुड़ी लगभग हर जरूरत का सामान आसानी से मिल जाता है. बाजार में लेटेस्ट स्मार्टफोन के साथ चार्जर, डाटा केबल, टेम्पर्ड ग्लास, बैक कवर और अन्य जरूरी एक्सेसरीज की कई दुकानें हैं.
आगरा: दुनियाभर में ताजमहल के लिए जाना जाता है, लेकिन यहां कई ऐसे बाजार भी हैं, जो अपनी खास पहचान रखते हैं. इन्हीं में से एक है आगरा का शाह मार्केट, जिसे मोबाइल फोन और उनसे जुड़ी एक्सेसरीज के लिए जाना जाता है. इस बाजार में दूर-दूर से लोग मोबाइल खरीदने, पुराने फोन बेचने और अपने मोबाइल की मरम्मत कराने पहुंचते हैं. शाह मार्केट की खासियत यह है कि यहां मोबाइल से जुड़ी लगभग हर जरूरत का सामान आसानी से मिल जाता है. बाजार में लेटेस्ट स्मार्टफोन के साथ चार्जर, डाटा केबल, टेम्पर्ड ग्लास, बैक कवर और अन्य जरूरी एक्सेसरीज की कई दुकानें हैं.
ग्राहक के लिए होते हैं कई विकल्प
ग्राहक अपनी पसंद और बजट के अनुसार अलग-अलग विकल्प तलाश सकते हैं. मोबाइल रिपेयरिंग के लिए भी यह बाजार काफी लोकप्रिय है. यहां कई दुकानों पर मोबाइल की स्क्रीन, बैटरी और अन्य खराबियों को ठीक कराने की सुविधा मिलती है. इसके अलावा कुछ दुकानों पर सेकंड हैंड मोबाइल फोन भी उपलब्ध हैं, जिन्हें ग्राहक अपने बजट के हिसाब से खरीद सकते हैं. यही वजह है कि शाह मार्केट आगरा में मोबाइल खरीदने और रिपेयरिंग कराने के लिए लोगों की पसंद बना हुआ है. हालांकि, खरीदारी करते समय कीमतों की तुलना करना, सेकंड हैंड फोन की स्थिति जांचना और बिल व वारंटी की जानकारी लेना जरूरी है.
दूसरे जिले भी आते हैं लोग
आगरा के शाह मार्केट में मोबाइल की दुकान पर काम करने वाले सलमान ने बताया कि इस बाजार में केवल आगरा ही नहीं, बल्कि आसपास के कई जिलों से भी लोग मोबाइल खरीदने और उनकी मरम्मत कराने पहुंचते हैं. उन्होंने बताया कि अलीगढ़, हाथरस, मथुरा और फिरोजाबाद समेत कई जिलों के ग्राहक यहां आते हैं. सलमान ने कहा कि शाह मार्केट की खास पहचान यहां मिलने वाले मोबाइल फोन और एक्सेसरीज की विविधता है. ग्राहकों को अपने बजट के अनुसार अलग-अलग मॉडल चुनने का विकल्प मिलता है. उन्होंने कहा कि कई ग्राहक कम कीमत में अच्छी क्वालिटी का मोबाइल खरीदने और पुराने फोन को ठीक कराने के लिए इस बाजार को प्राथमिकता देते हैं. यही वजह है कि शाह मार्केट की लोकप्रियता आसपास के जिलों में भी बनी हुई है.
कई ब्रांड के मोबाइल आसानी से हो जाते है उपलब्ध
आगरा के शाह मार्केट में मोबाइल खरीदने पहुंचे आकाश ने बताया कि वह रुनकता से यहां फोन खरीदने आए हैं. उन्होंने कहा कि इस बाजार की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां एक ही जगह पर मोबाइल की कई दुकानें मौजूद हैं. ऐसे में ग्राहक अपनी पसंद और बजट के अनुसार अलग-अलग दुकानों पर मोबाइल देखकर बेहतर विकल्प चुन सकते हैं. आकाश ने बताया कि वह बचपन से ही शाह मार्केट को देखते आ रहे हैं. यह बाजार आधुनिक और लेटेस्ट मोबाइल फोन के लिए काफी मशहूर है. हालांकि, उन्होंने बाजार की एक कमी की ओर भी ध्यान दिलाया. आकाश ने कहा कि यहां कोई जन सेवा केंद्र नहीं है, जिसकी सुविधा होने से लोगों को काफी सहूलियत मिल सकती है.