Saudi Airport Attack News: सऊदी अरब की राजधानी रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार को दूसरा हमला हुआ है. एक अज्ञात प्रोजेक्टाइल यात्री टर्मिनल 4 पर गिरा, जिसके बाद वहां आग लग गई. यमन में हूती विद्रोहियों के खिलाफ लड़ रहे सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने इसकी जानकारी दी. गठबंधन के मुताबिक, एयरपोर्ट के पास एक क्रूज मिसाइल को भी एयर डिफेंस सिस्टम ने रोककर नष्ट कर दिया. इससे एक दिन पहले शनिवार को हुए हमले में 12 लोगों की मौत हुई थी और 309 लोग घायल हुए थे. घायलों में 11 भारतीय नागरिक भी शामिल हैं. हमले के बाद पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव का असर भारत से उड़ान भरने वाले विमानों पर भी पड़ा है. केरल के कोच्चि और कालीकट एयरपोर्ट से रविवार को कम से कम 13 उड़ानें रद्द कर दी गईं.
अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हमला एयरपोर्ट के उसी परिसर में हुआ, जहां घरेलू उड़ानों के लिए टर्मिनल 3 और 4 मौजूद हैं. हालांकि, ताजा हमले में किसी की मौत हुई है या कितने लोग घायल हुए हैं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है. पाकिस्तान का दावा है कि उसकी सेना और एयरफोर्स सऊदी में मौजूद है. हालांकि ये मिलकर भी सऊदी पर हमले को नहीं रोक सके हैं.
दूसरे हमले से पहले हूतियों ने दी थी चेतावनी
रियाद एयरपोर्ट पर लेटेस्ट अटैक से पहले यमन के हूती विद्रोहियों से जुड़े मीडिया संस्थानों ने रविवार को एक खबर दी थी. खबर में कहा गया था कि सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने हूतियों के कब्जे वाले इलाकों पर कई हवाई हमले किए. इनमें यमन की राजधानी सना का एयरपोर्ट भी शामिल था. हूती मीडिया ने बताया कि सना के उत्तर में स्थित अमरान प्रांत के हरफ सुफयान जिले में सात हवाई हमले किए गए. सना फिलहाल हूती विद्रोहियों के नियंत्रण में है. हालांकि, इन हमलों पर सऊदी अरब की ओर से तत्काल कोई बयान नहीं आया है.
इससे पहले सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने 10 अक्टूबर को एयरपोर्ट के यात्री टर्मिनल पर हुए हमले का कड़ा जवाब देने की बात कही थी. गठबंधन ने इस हमले को युद्ध अपराध बताया और इसके लिए यमन के हूती विद्रोहियों को जिम्मेदार ठहराया था. गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने कहा था कि हमले में आम नागरिकों की जान गई है. उन्होंने कहा कि गठबंधन की संयुक्त सेना कमान अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून के तहत इसका जवाब देगी.
सऊदी में 12 की मौत हुई
शनिवार को रियाद के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर हुए हमले में कम से कम 12 लोगों की मौत हुई और 309 लोग घायल हुए. सऊदी नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के मुताबिक, मृतकों में चार सऊदी नागरिक, बांग्लादेश के दो नागरिक और अमेरिका, जॉर्डन, फिलिस्तीन, सीरिया, सूडान तथा मिस्र का एक-एक नागरिक शामिल था. हमले के बाद किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन रोक दिया गया था. यह मई 2015 के बाद सऊदी अरब में सबसे ज्यादा मौतों वाला हमला बताया गया.
रियाद एयरपोर्ट हमले में 11 भारतीय घायल
रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि वह हमले के बाद से स्थानीय अधिकारियों के लगातार संपर्क में है. दूतावास के मुताबिक, हमले में 11 भारतीय नागरिक घायल हुए हैं. दूतावास ने कहा कि वह भारतीय नागरिकों की स्थिति की जानकारी लेने के लिए स्थानीय अधिकारियों से संपर्क कर रहा है. अधिकारियों ने अस्पताल प्रशासन से भी बात की है.
केरल से सऊदी की 13 उड़ानें रद्द
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर भारत और खाड़ी देशों के बीच हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है. केरल के कोच्चि और कालीकट एयरपोर्ट से रविवार को कम से कम 13 उड़ानें रद्द कर दी गईं. कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (CIAL) के मुताबिक, एयरलाइंस ने 11 से 13 अक्टूबर के बीच कोच्चि से सऊदी अरब, कतर और संयुक्त अरब अमीरात जाने वाली कुछ उड़ानों को रद्द करने की जानकारी दी. ये कैंसिलेशन रियाद एयरपोर्ट पर हुए घातक हमले के बाद सामने आए. कोच्चि एयरपोर्ट पर तीन दिनों के दौरान कुल 10 उड़ानें रद्द होने की जानकारी दी गई. इनमें अकासा एयर की पांच उड़ानें शामिल थीं.