AFG vs BAN: कप्तान रहमत शाह ने क्रीज पर गाड़ा खूंटा, बांग्लादेश के खिलाफ अफगानिस्तान का पलटवार


होमखेलक्रिकेट

कप्तान रहमत शाह ने क्रीज पर गाड़ा खूंटा, BAN के खिलाफ अफगानिस्तान का पलटवार

Last Updated:

Afghanistan Strong reply Bangladesh: अबू धाबी टेस्ट के दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक अफगानिस्तान ने अपनी पहली पारी में चार विकेट पर 211 रन बना लिए थे. इससे पहले बांग्लादेश की पहली पारी 346 रन पर सिमट गई थी. अफगानिस्तान की शुरुआत खराब रही और 139 रन तक उसके चार प्रमुख बल्लेबाज आउट हो गए थे. इसके बाद रहमत शाह और इकराम अलीखिल ने मोर्चा संभाला. स्टंप्स के समय रहमत 84 रन बनाकर नाबाद हैं और टीम अभी भी 135 रन पीछे है.

Top Deals Inside

कप्तान रहमत शाह ने क्रीज पर गाड़ा खूंटा,  BAN के खिलाफ अफगानिस्तान का पलटवारZoom

रहमत शाह 84 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं.

नई दिल्ली. अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच अबू धाबी के मैदान पर खेला जा रहा एकमात्र टेस्ट मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है. खेल के दूसरे दिन का पहला घंटा बांग्लादेश के नाम रहा, जहां पूरी टीम 346 रन पर सिमट गई. इसके जवाब में अफगान टीम ने दिन का खेल खत्म होने तक चार विकेट खोकर 211 रन बना लिए हैं. स्टंप्स के समय रहमत शाह 84 रन बनाकर नाबाद लौटे और अफगानिस्तान की टीम अभी भी पहली पारी के आधार पर 135 रन पीछे है. मैच की स्थिति फिलहाल पूरी तरह से संतुलित नजर आ रही है.

मैच के दूसरे दिन बांग्लादेश ने अपने कल के स्कोर 317 रन पर आठ विकेट से आगे खेलना शुरू किया. हालांकि, मेहमान टीम अपनी पहली पारी में केवल 29 रन ही और जोड़ सकी और पूरी टीम 346 रन पर ढेर हो गई. अफगान गेंदबाजों ने सुबह के सत्र में अनुशासित गेंदबाजी का प्रदर्शन किया. मोहम्मद सलीम साफी ने शुरुआती झटके देते हुए तैजुल इस्लाम को नौ रन पर पगबाधा आउट किया. सलीम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 82 रन देकर चार विकेट झटके. इसके बाद यामीन अहमदजई ने इबादत हुसैन को पॉइंट पर कैच आउट कराकर बांग्लादेश की पारी का अंत किया. यामीन ने 79 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए.

नईम हसन की करियर बेस्ट पारी
दूसरी ओर, नईम हसन ने एक छोर संभाले रखा और सूझबूझ भरी बल्लेबाजी करते हुए अपने टेस्ट करियर का सर्वोच्च स्कोर नाबाद 35 रन बनाया. उन्होंने कुछ बेहतरीन कट और ड्राइव शॉट लगाए जिसकी बदौलत बांग्लादेश का स्कोर 340 के पार पहुंच गया.

अफगानिस्तान की खराब शुरुआत
जवाबी पारी खेलने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत वैसी नहीं रही जैसी टीम ने उम्मीद की थी. पिच से मिल रहे असमान उछाल ने अफगान बल्लेबाजों को काफी परेशान किया, जिससे रन बनाना आसान नहीं था. सलामी बल्लेबाज सेदिकुल्लाह अटल को हसन महमूद ने 17 रन के निजी स्कोर पर विकेट के पीछे कैच आउट कराया. इसके बाद लंच के ठीक बाद इबादत हुसैन की एक खतरनाक शॉर्ट गेंद ने शहीदुल्लाह कमाल को भी पवेलियन का रास्ता दिखा दिया. शुरुआती झटकों के बाद अब्दुल मलिक और रहमत शाह ने पारी को संभालने की जिम्मेदारी उठाई.

मलिक-रहमत की 70 रन की साझेदारी
दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 70 रनों की बेहद महत्वपूर्ण साझेदारी हुई. अब्दुल मलिक ने धैर्य का परिचय देते हुए अपने टेस्ट करियर का पहला अर्धशतक पूरा किया और पूरी टीम को दोपहर के सत्र में सुरक्षित निकाला. हालांकि, चायकाल के तुरंत बाद खेल के पहले ही ओवर में मलिक अपना विकेट गंवा बैठे. इबादत हुसैन की गेंद पर एक ढीला शॉट खेलने के प्रयास में मलिक गेंद को एज कर बैठे और विकेटकीपर को कैच थमा बैठे.

शाहिदी के आउट होते ही बढ़ा संकट
अभी टीम इस झटके से संभली भी नहीं थी कि अगले ही ओवर में कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी भी महेंदी हसन मिराज की फिरकी में फंसकर स्टंप आउट हो गए. इस तरह 139 रन पर अफगानिस्तान के चार विकेट गिर गए और टीम संकट में नजर आने लगी.

रहमत और इकराम ने संभाली पारी
मुश्किल समय में रहमत शाह का साथ देने विकेटकीपर इकराम अलीखिल क्रीज पर आए. दोनों बल्लेबाजों ने इसके बाद बेहद सूझबूझ और संयम का परिचय दिया. उन्होंने दिन के बाकी बचे खेल में बांग्लादेशी गेंदबाजों को कोई भी मौका नहीं दिया और रक्षात्मक खेल अपनाते हुए स्टंप्स तक कोई और विकेट नहीं गिरने दिया. रहमत और इकराम के बीच पांचवें विकेट के लिए अब तक नाबाद 72 रनों की साझेदारी हो चुकी है. दिन का खेल समाप्त होने पर अफगानिस्तान ने 211 रन बना लिए हैं और वह पहली पारी की बराबरी से अभी भी 135 रन दूर है. रहमत शाह 84 रन पर टिके हुए हैं और तीसरे दिन टीम की सारी उम्मीदें उन्हीं पर टिकी होंगी.



Source link