Last Updated:
Munger News : बिहार में दुर्गापूजा के दौरान सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर पुलिस और प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा. इसी कड़ी में मुंगेर प्रशासन की ओर से अफवाह फैलाने, विवाद पैदा करने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों को जेल भेजने की चेतावनी दी गई है. वहीं, दुर्गापूजा के दौरान डीजे बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा.
सदर एसडीएम कुमार अभिषेक आनंद ने जानकारी साझा की.
मुंगेर. दुर्गापूजा को लेकर जमालपुर में पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर पुलिस और प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा. अफवाह फैलाने, विवाद उत्पन्न करने या माहौल खराब करने वालों को सीधे जेल भेजने की चेतावनी दी गई है. विसर्जन को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा का पूरा खाका तैयार कर लिया है. इसी को लेकर फैसला लिया गया है कि आगामी 22 अक्टूबर की रात विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें मां दुर्गा और मां काली की 10-10 प्रतिमाएं शामिल होंगी. इसी क्रम में सभी पूजा समितियों को निर्धारित समय पर विसर्जन जुलूस निकालने का निर्देश दिया गया है. समय में देरी करने वाली समितियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. वहीं, प्रशासन ने डीजे पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया है.
दुर्गा पूजा शांतिपूर्व संपन्न हो इसको लेकर आदर्श थाना जमालपुर परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता इंस्पेक्टर शिव अमित प्रकाश कौशिक ने की, जबकि संचालन थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने किया. बैठक में सदर एसडीएम कुमार अभिषेक और एसडीपीओ अभिषेक आनंद ने पूजा समितियों के सदस्यों के साथ सुरक्षा व्यवस्था और विसर्जन की तैयारियों पर चर्चा की.
सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर प्रशासन सख्त
एसडीएम कुमार अभिषेक आनंद ने स्पष्ट किया कि दुर्गापूजा के दौरान अफवाह फैलाने, विवाद उत्पन्न करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. किसी घटना को सामाजिक या राजनीतिक रंग देकर माहौल खराब करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी. देवी जागरण समेत अन्य समारोह आयोजित करने के लिए जिला प्रशासन से अनुमति लेना अनिवार्य होगा. नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विजय शील गौतम ने स्पष्ट किया कि दुर्गापूजा के दौरान डीजे बजाने पर प्रतिबंध रहेगा.
भाईचारे के साथ पूजा मनाने की अपील
वहीं, पूजा समिति के सदस्यों ने विसर्जन के दौरान अस्थायी शौचालय, सीसीटीवी कैमरे, बैरिकेडिंग और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की मांग की. यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने और भीड़ नियंत्रण के लिए भी आवश्यक कदम उठाने पर चर्चा हुई. बैठक में जमालपुर बीडीओ श्वेता कुमारी, सीओ प्रीति कुमारी समेत कई जनप्रतिनिधि और पूजा समिति के सदस्य मौजूद रहे. प्रशासन ने सभी से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ दुर्गापूजा मनाने की अपील की है.