Last Updated:
मनीष पॉल आज फिल्मों में धाक जमा रहे हैं. उन्होंने कई फिल्मों में काम किया है लेकिन आज भी ज्यादातर लोगों के बीच वो बतौर होस्ट ही मशहूर हैं. न्यू ईयर के मौके पर शायद ही कोई ऐसा अवॉर्ड फंक्शन होता था जिसमें मनीष नजर नहीं आते थे. शाहरुख खान, सलमान खान और करण जौहर जैसे दिग्गजों के साथ मंच शेयर कर चुके मनीष ने अपना एक्सपीरियंस शेयर किया. वो कहते हैं कि जब वो नौसिखिया थे तब भी शाहरुख ने बहुत सहज महसूस कराया था.
मनीष पॉल ने किंग खान संग काम करने का अनुभव शेयर किया. (फोटो साभार इंस्टाग्राम iamsrk, Maniesh Paul)
नई दिल्ली. मनीष पॉल अब इंडस्ट्री में किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं. उन्होंने फिल्मों में अपनी अलग पहचान बनाई है लेकिन आज भी ज्यादातर लोग मनीष पॉल को बतौर होस्ट ही जानते हैं. टीवी से शुरुआत कर मनीष पॉल ने अवॉर्ड फंक्शन्स होस्ट कर अपनी खास जगह बनाई. हालिया इंटरव्यू में एक्टर और होस्ट ने इंडस्ट्री के दिग्गजों के साथ काम करने का अपना अनुभव शेयर किया. सलमान खान, शाहरुख खान और करण जौहर की तारीफों के पुल बांधते हुए मनीष पॉल ने कहा कि इन सितारों ने कभी भी अपना स्टार पावर फील नहीं होने दिया.
शाहरुख खान को देख नर्वस हो गए थे मनीष
शाहरुख खान के साथ शो होस्ट करने का अपना एक्सपीरियंस शेयर करते हुए मनीष पॉल कहते हैं कि किंग खान ने महेशा उन्हें सहज महसूस कराया है. एक्टर बताते हैं कि उन्होंने मुंबई पुलिस के कई कार्यक्रमों में किंग खान के साथ होस्टिंग की थी. उस समय मनीष इस काम में नए थे और शाहरुख खान जैसे बड़े सितारे के साथ मंच पर आने को लेकर नर्वस रहते थे.
किंग खान ने खुद पर मजाक बनाने की दी सलाह
मनीष ने बताया कि एक बार शाहरुख ने उन्हें अपनी वैनिटी वैन में बुलाया. वहां अभिनेता ने उनसे काफी गर्मजोशी से मुलाकात की और कार्यक्रम की स्क्रिप्ट पर नजर डाली. स्क्रिप्ट पढ़ते ही शाहरुख की नजर इस बात पर गई कि ज्यादातर डायलॉग और मजाक उनके लिए ही लिखे गए थे.
उस किस्से को याद करते हुए मनीष पॉल का कहना है कि इस पर उन्होंने सवाल उठाया कि अगर सारी मजेदार लाइनें उन्हें ही बोलनी हैं, तो मनीष को मंच पर खड़ा करने का क्या मतलब है? शाहरुख का यह अंदाज मनीष के लिए काफी हैरान करने वाला था, क्योंकि उन्होंने एक नए होस्ट को भी उतनी ही अहमियत दी. न्यूकमर संग पेश आने का शाहरुख खान का ये तरीका मनीष पॉल के दिल को छू गया.