Last Updated:
Alwar News: अलवर के रामगढ़ में पंचायत चुनाव के मद्देनजर पुलिस ने रेलवे फाटक के पास 3 घंटे सघन नाकाबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया. डीएसपी परमेश्वर यादव और थानाधिकारी अजीत सिंह बड़सरा के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में बिना हेलमेट और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 25 से अधिक चालान काटे गए. शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई की गई और संदिग्ध वाहन जब्त किए गए. पुलिस ने चुनाव के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया है.
Alwar Crime News: पंचायत चुनाव से पहले पुलिस की सख्ती, रामगढ़ में चालान कटे तो कई वाहन जब्त
अलवर: राजस्थान के अलवर जिले के रामगढ़ में पंचायत राज चुनावों की घोषणा होते ही पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है. निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार शाम रामगढ़ कस्बे में रेलवे फाटक के पास पुलिस ने अचानक सघन नाकाबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया. अचानक हुई इस सख्त नाकाबंदी से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया और कई वाहन चालक अपने रास्ते बदलते नजर आए. शाम 7 बजे से लेकर रात 10 बजे तक चले इस तीन घंटे के विशेष चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध वाहनों की गहनता से जांच की और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले लापरवाह चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की.
रामगढ़ डीएसपी परमेश्वर यादव और थानाधिकारी अजीत सिंह बड़सरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रेलवे फाटक के पास मोर्चा संभाला और सड़क से गुजरने वाले एक-एक वाहन की बारीकी से जांच की. बिना हेलमेट फर्राटा भर रहे दोपहिया वाहन चालकों और ओवरस्पीड वाहनों पर पुलिस ने विशेष सख्ती दिखाई. कार्रवाई के दौरान बिना हेलमेट, बिना दस्तावेज और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 25 से अधिक वाहन चालकों के मौके पर ही चालान काटे गए. इसके साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वाले (ड्रंक एंड ड्राइव) चालकों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की गई और जांच के दौरान संदिग्ध पाए गए कई वाहनों को जब्त कर थाने पहुंचाया गया.
सुरक्षा व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा
तीन घंटे तक चले इस गहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट और सख्त संदेश दिया कि आगामी पंचायत चुनावों के दौरान क्षेत्र की शांति और सुरक्षा व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस की इस अचानक हुई नाकाबंदी और सख्त रवैये के चलते पूरे कस्बे में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
चुनाव में कानून-व्यवस्था बनाए रखना मुख्य प्राथमिकता: डीएसपी
रामगढ़ डीएसपी परमेश्वर यादव ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आगामी पंचायत राज चुनावों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए यह विशेष नाकाबंदी की गई है. उन्होंने कहा कि संदिग्ध वाहनों की सघन जांच के साथ-साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालान की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का मुख्य उद्देश्य चुनाव के दौरान क्षेत्र में पूर्ण रूप से कानून-व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी प्रकार की संदिग्ध या आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना है. इस दौरान चेकिंग अभियान में एएसआई चंद्रपाल चौधरी, समुंदर सिंह मीणा, हेड कांस्टेबल बाबूलाल सहित भारी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे.