युवराज के पापा के साथ ट्रेनिंग, वैभव में बहुत ताकत… अनाया बांगर का इंटरव्यू
Last Updated:
Anaya Bangar Interview: महिला क्रिकेटर अनाया बांगर ने न्यूज18 से खास बातचीत में कहा कि वह भविष्य में युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह के साथ कोचिंग लेने का प्लान बना रहीं हैं क्योंकि आगे उनके कठिन चुनौती है, ऐसे में सख्त कोच ही उन्हें इस चैलेंज के लिए तैयार कर सकते हैं. अनाया की माने तो वह 15 साल के वैभव सूर्यवंशी से काफी इम्प्रेस हैं क्योंकि उनके अंदर इतनी कम उम्र में बहुत ताकत है. अनाया ने अपनी और सरफराज खान की दोस्ती की कहानी भी बताई.
अनाया बांगर ने एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में खुलकर अपने दिल की बात रखी.
BCCI ने नहीं दिया साथ, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का धन्यवाद
अनाया बांगर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की महिला बिग बैश लीग (WBBL) में खेलने को लेकर उत्साहित हैं. अनाया का कहना है कि उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड और ICC से संपर्क किया, लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला. दूसरी ओर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उनकी मेडिकल रिपोर्ट की समीक्षा करने के बाद महिला क्रिकेट में खेलने के योग्य मान लिया. बकौल अनया उन्होंने अपने शरीर में आए बदलावों, हार्मोन रिप्लेसमेंट थेरेपी और मेडिकल जांच से जुड़े वैज्ञानिक प्रमाणों के साथ अलग-अलग क्रिकेट बोर्ड से संपर्क किया था. BCCI को भी मेल किया था, लेकिन वहां से कोई जवाब नहीं आया. अनाया के मुताबिक मार्च 2027 में उनका एक और ब्लड टेस्ट होना है, इसके बाद WBBL में किसी भी टीम से जुड़ने का फैसला उनकी पात्रता और प्रदर्शन पर निर्भर करेगा.
युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह अपनी ट्रेनिंग एकेडमी चलाते हैं.
युवराज सिंह के पिता योगराज के साथ ट्रेनिंग
अनाया बांगर फ्यूचर में युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह से भी कोचिंग लेना चाहती है. अनाया ने कहा कि वह धीरे-धीरे अपनी स्ट्रेंथ और स्टैमिना पर फोकस कर रहीं हैं. उनका कमबैक आसान नहीं है इसलिए उन्हें एक सख्त कोच की जरूरत है. वह अपने बचपन के दोस्त सरफराज खान और उनके पिता नौशाद खान के साथ भी ट्रेनिंग करना चाहती हैं. इंटरव्यू में उन्होंने सरफराज और उनके भाई मुशीर खान का भी जिक्र किया.
सरफराज को टीम में मौका नहीं मिलने से परेशान
अनाया बांगर और सरफराज खान ने मुंबई के लिए साथ में ही क्रिकेट खेलना शुरू किया था. दोनों के पिता रेलवे के लिए क्रिकेट खेलते थे, ऐसे में परिवारों की जान-पहचान ही उनकी दोस्ती की एक बड़ी वजह बनी. बचपन में दोनों साथ में ट्रेनिंग करने लगे. अनाया से जब सवाल पूछा गया तब जवाब में उन्होंने साफ कर दिया कि वह सरफराज को भारतीय टीम में लगातार मौके न मिलने से निराश हैं, अपने दोस्त के लिए उन्हें बुरा लगता है.
15 साल की उभरती सनसनी वैभव सूर्यवंशी
अनाया बोलीं- वैभव बहुत ताकतवर हैं
अनाया बांगर 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी से भी काफी प्रभावित हैं. उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में वैभव जिस तरह जोफ्रा आर्चर की 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली गेंदों के खिलाफ शॉट लगाते हैं, उससे मैं काफी प्रभावित हूं. वैभव बहुत ताकतवर हैं.
अभिषेक शर्मा और स्मृति मंधाना जैसी बल्लेबाजी
अपनी बैटिंग स्टाइल के बारे में बात करते हुए अनाया ने कहा कि उन्हें अभिषेक शर्मा और स्मृति मंधाना की शैली काफी पसंद है. उन्हें अपनी बैटिंग में भी इन दोनों की शैली की झलक नजर आती है. हालांकि, उन्होंने साफ किया कि वह स्मृति मंधाना की जगह नहीं लेना चाहतीं, बल्कि उनके साथ भारतीय टीम में खेलना चाहती हैं.