Last Updated:
फिल्मी पर्दे पर किरदार में ढलने के लिए कलाकार क्या-क्या नहीं करते. लेकिन आदित्य रॉय कपूर ने ‘आशिकी 2’ की शूटिंग के दौरान कुछ ऐसा किया कि काम बीच में ही रोकना पड़ा. फिल्म में शराबी सिंगर राहुल जयकर बने आदित्य ने असल में भी शराब पीकर देखी थी. इसका असर ऐसा हुआ कि उनके डायलॉग लड़खड़ाने लगे. सालों बाद उन्होंने करण जौहर के शो में इस किस्से का खुलासा किया.
‘आशिकी 2’ साल 2013 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों में शामिल हुई.
नई दिल्ली. बॉलीवुड में कई कलाकार अपने किरदार को पर्दे पर असली दिखाने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाते हैं. कोई अपने लुक पर मेहनत करता है तो कोई किरदार की आदतों को करीब से समझने की कोशिश करता है. लेकिन एक्टर आदित्य रॉय कपूर ने एक बार ऐसा कुछ कर दिया था कि फिल्म की शूटिंग ही रोकनी पड़ गई. फिल्म थी ‘आशिकी 2’, जिसमें उन्होंने शराब की लत से जूझते एक सिंगर का किरदार निभाया था. खुद आदित्य ने करण जौहर के चैट शो ‘कॉफी विद करण’ में यह दिलचस्प किस्सा सुनाया था.
‘कॉफी विद करण’ के उस शो में आदित्य रॉय कपूर के साथ उनकी को-स्टार श्रद्धा कपूर भी मौजूद थीं. शो के होस्ट और फिल्म निर्माता करण जौहर ने जब आदित्य से पूछा कि क्या उन्होंने फिल्म के कुछ सीन के लिए सचमुच शराब पी थी तो एक्टर ने इस बात का खुलकर जवाब दिया.
सेट पर नशे में धुत हुए आदित्य रॉय कपूर
आदित्य ने बताया कि उन्हें लगा कि किरदार को सही तरीके से निभाने के लिए ऐसा करना ठीक रहेगा. लेकिन इसका नतीजा यह हुआ कि एक दिन शूटिंग पैकअप करनी पड़ी. उन्होंने बताया कि शराब पीने के बाद उनके डायलॉग लड़खड़ाने लगे थे. श्रद्धा कपूर ने भी इस किस्से पर मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि आदित्य के बोलने का अंदाज पूरी तरह लड़खड़ा रहा था, लेकिन उन्हें यह देखकर मजा आ रहा था. इस बातचीत ने फिल्म के सेट से जुड़ा एक ऐसा किस्सा सामने ला दिया, जिसके बारे में बहुत से दर्शक नहीं जानते थे.
26 अप्रैल 2013 को रिलीज हुई ‘आशिकी 2’ में रिलीज हुई.
शराब की लत ने बर्बाद कर दी थी राहुल की जिंदगी
‘आशिकी 2’ में आदित्य ने राहुल जयकर नाम के एक मशहूर लेकिन परेशान सिंगर का किरदार निभाया था. वहीं, श्रद्धा कपूर आरोही केशव शिर्के के रोल में नजर आई थीं, जो एक उभरती हुई सिंगर होती है. राहुल आरोही की प्रतिभा को पहचानता है और उसे सफलता की राह पर आगे बढ़ने में मदद करता है. इसी दौरान दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो जाता है. लेकिन राहुल की शराब की लत, उसका गुस्सा और निजी जिंदगी की परेशानियां उनके रिश्ते को मुश्किल बना देती हैं. फिल्म में प्यार के साथ-साथ नशे की लत के विनाशकारी असर को भी दिखाया गया था. मोहित सूरी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में आदित्य और श्रद्धा की केमिस्ट्री दर्शकों को खूब पसंद आई.
15 करोड़ी फिल्म बनी भी ब्लॉकबस्टर
26 अप्रैल 2013 को रिलीज हुई ‘आशिकी 2’ में आदित्य और श्रद्धा के अलावा शाद रंधावा भी अहम रोल में थे. फिल्म का निर्माण भूषण कुमार और मुकेश भट्ट ने टी-सीरीज और विशेष फिल्म्स के बैनर तले किया था. बॉक्स ऑफिस इंडिया के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने भारत में करीब 78.64 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था. करीब 15 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म को ब्लॉकबस्टर घोषित किया गया.
फिल्म के हर गाना ब्लॉकबस्टर
कम बजट और नए कलाकारों के बावजूद यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक रूप से सफल रही और साल 2013 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों में शामिल हुई. फिल्म की कहानी के साथ-साथ इसके गाने भी ब्लॉकबस्टर साबित हुए. ‘तुम ही हो’, ‘सुन रहा है’, ‘चाहूं मैं या ना’ और ‘भुला देना’ जैसे गाने आज भी संगीत प्रेमियों के बीच लोकप्रिय हैं. खास तौर पर अरिजीत सिंह की आवाज में ‘तुम ही हो’ ने उन्हें देशभर में बड़ी पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई.