नई दिल्ली (Fake Job Offer Letter). नौकरी ढूंढना जंग जीतने से कम नहीं है. महीनों की भागदौड़, ढेरों इंटरव्यू और रिजेक्शन के बाद अचानक किसी कहीं से ‘सिलेक्शन’ का मेल आता है तो खुशी का ठिकाना नहीं रहता. लगता है मानो जिंदगी की सारी मुश्किलें पलभर में हल हो गई हों. कई लोग बिना सोचे-समझे उस पर आंख मूंदकर भरोसा कर लेते हैं. ऑनलाइन जॉब पोर्टल्स और लिंक्डइन जैसे प्लेटफॉर्म्स के जरिए जॉब ढूंढना जितना आसान हुआ है, जालसाजों के लिए शिकार फंसाना भी उतना ही आसान हो गया है.
फर्जी जॉब ऑफर लेटर कैसे पहचानें?
नौकरी के उत्साह में अक्सर लोग बेसिक डिटेल्स को नजरअंदाज कर देते हैं. इसका फायदा शातिर स्कैमर्स उठाते हैं. जानिए ऐसे तरीके, जिनकी मदद से नकली ऑफर लेटर को चुटकियों में पकड़ सकते हैं.
1. पैसे मांगने का हथकंडा (ट्रेनिंग या रजिस्ट्रेशन फीस)
यह सबसे बड़ा और पक्का रेड फ्लैग है. दुनिया की कोई भी प्रतिष्ठित और जेन्युइन कंपनी नौकरी पर रखने के लिए किसी भी तरह की फीस, ट्रेनिंग चार्ज, लैपटॉप सिक्योरिटी या रजिस्ट्रेशन मनी की डिमांड नहीं करती. अगर HR या कंपनी जॉइनिंग से पहले रुपये जमा करने की डिमांड रखती है तो समझ लीजिए कि वह सौ फीसदी फर्जीवाड़ा है.
2. ईमेल आईडी और डोमेन की बारीक जांच करना
धोखेबाज अक्सर असली कंपनियों के नामों से मिलती-जुलती फर्जी ईमेल आईडी बनाते हैं. उदाहरण के लिए, अगर गूगल से ऑफर आ रहा है तो ईमेल का डोमेन @google.com होना चाहिए, न कि @gmail.com, @yahoo.co.in या @google-careers-hr.com जैसे अजीब से नाम. सेंडर की ईमेल आईडी की स्पेलिंग हमेश बहुत ध्यान से चेक करें.
3. बिना इंटरव्यू या बहुत आसान प्रक्रिया के डायरेक्ट ऑफर
अगर आपने किसी कंपनी में इंटरव्यू दिया ही नहीं या WhatsApp पर सिर्फ 2-4 सवालों के जवाब देकर सीधे लाखों का पैकेज वाला ऑफर लेटर थमा दिया गया है तो यह खतरे की घंटी है. कोई भी प्रोफेशनल कंपनी बिना विधिवत इंटरव्यू, टेक्निकल राउंड और एचआर डिस्कशन के नौकरी का पक्का लेटर नहीं देती है. यह फर्जीवाड़े का सबसे बड़ा संकेत है.
4. दबाव बनाना और जल्दबाजी दिखाना
फर्जी रिक्रूटर्स अक्सर आपको सोचने का मौका नहीं देते. वे ईमेल या मेसेज में लिखेंगे कि ‘यह ऑफर सिर्फ अगले 24 घंटे के लिए वैध है, जल्दी से साइन करके भेजो और पैसे ट्रांसफर करो.’ वे जानबूझकर ऐसा माहौल बनाते हैं कि आप दिमाग का इस्तेमाल किए बिना हड़बड़ाहट में गलत कदम उठा लें. कई बार लोग मौका हाथ से निकल जाने के डर से फटाफट शर्त मान लेते हैं.
5. लिंक पर क्लिक करवाना
कई फर्जी रिक्रूटर्स मेल के जरिए पोटेंशियल शिकारों को लिंक भेजते हैं. उसमें लिखा होता है कि लिंक पर क्लिक करके ऑफर लेटर खोलें या लिंक पर क्लिक करके कंपनी के बारे में जानें या लिंक पर क्लिक करके अपना जॉब रोल और सैलरी जैसी डिटेल्स चेक करें. लोग जल्दबाजी में बिना दिमाग लगाए लिंक पर क्लिक कर देते हैं. इससे उनका मोबाइल फोन, ईमेल आईडी या लैपटॉप हैक होने का रिस्क रहता है.
डिजिटल फ्रॉड से बचने की स्मार्ट स्ट्रैटेजी
साइबर युग में फेक जॉब ऑफर्स से खुद को बचाना बेहद जरूरी है. अगर किसी ऑफर पर थोड़ा भी शक है तो सबसे पहले उस कंपनी की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाएं और ‘Careers’ पेज पर एचआर विभाग से क्रॉस-चेक करें. लिंक्डइन पर उस कंपनी के असली एंप्लॉइज की प्रोफाइल खंगालकर देखें कि क्या वाकई वहां ऐसी कोई हायरिंग चल रही है. याद रखिए, नौकरी मिलना खुशी की बात है, लेकिन सतर्कता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है. सही रिसर्च फाइनेंशियल नुकसान और मानसिक तनाव से बचा सकती है.