बरेली-नैनीताल नेशनल हाइवे पर सड़क हादसा, तीन की मौत
बरेली नैनीताल नेशनल हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा. तेज रफ्तार बेकाबू बाइक हाईवे के किनारे खड़े डंपर से टकराई. बाइक सवार तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत. तीनों दोस्त डालचंद नन्हे और ओमेंद्र शहर की ओर जा रहे थे. डंपर हाईवे किनारे दुकान पर हवा चेक करवा रहा था. पुलिस ने तीनों शव कब्जा में लेकर पोस्टमार्टम को भेजें. थाना देवरनिया इलाके में कठर्रा ढाल के पास हादसा हुआ.
हापुड़ में एक साथ दिखे पांच तेंदुए
खबर हापुड़ से है जहां रात्रि में ग्रामीण मार्ग पर एक साथ पांच तेंदुए दिखाई दिए हैं. कार सवार कार को लेकर जा रहा था, तभी पहले कार सवार की सड़क किनारे झाड़ियों में छुपे दो तेंदुए पर नजर पड़ी. इसके बाद कार सवार रुक गया. जिसके बाद दोनों तेंदुए आगे सड़क की तरफ भागने लगे. कुछ ही दूरी पर तीन तेंदुए और निकलकर सड़क पर आ गए. कार सवार ने तेंदुओं की चहल कदमी का वीडियो अपने कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो सिंभावली क्षेत्र के नवादा नहर पुल के पास का बताया जा रहा है.
दही, रिफाइन से बना रहे थे आइसक्रीम, पड़ गया छापा
खबर हापुड़ से है, जहां तीन जनपदों की खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने क्रीम बनाने की फैक्ट्री पर छापेमारी की. जहां पर बड़ी मात्रा में क्रीम का निर्माण किया जा रहा था. खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी ने बताया है मौके पर छापेमारी के दौरान पाया गया है. यहां पर दही, रिफाइंड और वनस्पति मिलाकर क्रीम का निर्माण किया जा रहा है. लखनऊ मुख्यालय के अधिकारियों द्वारा निर्देश मिले थे, जिसके बाद यहां पर टीम बनाकर छापेमारी की गई है. यह छापेमारी हापुड़ के गांव लोधीपुर में स्थित क्रीम बनाने की फैक्ट्री पर की गई है. देव फ्रेस के नाम से यह क्रीम बनाने की फैक्ट्री संचालित है. फैक्ट्री पर जनपद मेरठ, सहारनपुर और संभल की टीम ने छापेमारी की है. सभी अधिकारी करीब आधा दर्जन गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे हैं. मौके पर वनस्पति, क्रीम दही और अन्य सामग्रियों के कुल 12 नमूने लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है. अब देखना यह होगा कि जांच रिपोर्ट में क्या सामने आता है और क्या कार्यवाही होगी और बताया है 20 कुंतल रिफाइंड और 10 कुंतल वनस्पति फैक्ट्री के अंदर रखा हुआ मिला है जिसे सीज कर दिया गया है.
मेरठ में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले आरोपी गिरफ्तार
मेरठ किनथाना भावनपुर पुलिस ने अवैध शस्त्र एवं कारतूसों की खरीद-फरोख्त में संलिप्त 04 अभियुक्त गिरफ्तार किये हैं. बरामदगी की कार्रवाई के दौरान पुलिस मुठभेड़ में 01 अभियुक्त घायल, अवैध पिस्टल .32 बोर, तमंचा .315 बोर एवं 46 जिंदा कारतूस बरामद. गौरतलब है कि थाना भावनपुर क्षेत्रान्तर्गत ग्राम ज्ञानपुर के जंगल में एक शख्स की मोटरसाइकिल रोककर 50,000/- रुपये लूटने की घटना के संबंध में थाना भावनपुर पर मुकदमा पंजीकृत किया गया था. उक्त अभियोग में पूर्व में गिरफ्तार अभियुक्त फैजान के मोबाइल फोन की जांच के दौरान अवैध शस्त्र एवं कारतूस की खरीद-फरोख्त से संबंधित तथ्य प्रकाश में आये. प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर अवैध शस्त्र एवं कारतूस की बरामदगी हेतु पुलिस टीम गठित की गयी.
रायबरेली: श्री श्यामा टुबैको इंडस्ट्रीज के ठिकानों पर GST की छापेमारी
रायबरेली में श्री श्यामा टुबैको इंडस्ट्रीज के ठिकानों पर GST की टीम ने छापेमारी की है. लखनऊ से पहुंची टीम शहर के छोटी बाजार, मछली मंडी और गुरुनानक नगर समेत चार से अधिक ठिकानों पर जांच कर रही है. फैक्ट्री, गोदाम और कार्यालय में दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं. जांच के दौरान कर्मचारियों के मोबाइल भी कब्जे में लेकर पड़ताल की जा रही है. GST अधिकारी मीडिया से दूरी बनाए हुए हैं और सभी ठिकानों के गेट बंद कर अंदर जांच की जा रही है. टीम कंपनी के अन्य उत्पादों और उनसे जुड़े GST रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है.
बुलंदशहर: रेप के आरोपी से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने से घायल
बुलंदशहर के खुर्जा देहात थाना क्षेत्र में रेप के मामले में फरार चल रहे आरोपी से पुलिस की मुठभेड़ हो गई. धपरा मोड़ के पास हुई मुठभेड़ में दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान शफीक पुत्र रफीक निवासी फैसलाबाद, बुलंदशहर नगर के रूप में हुई है. उसके कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया गया है.
झांसी: प्रेमिका की हत्या के 5 घंटे बाद आरोपी प्रेमी का एनकाउंटर
झांसी में प्रेमिका चंचल की हत्या के आरोपी कमल को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक एम्पायर के पास घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है. प्रेमिका की हत्या के करीब पांच घंटे बाद हुई इस मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया.
मेरठ: 1400 रुपये के किराए के विवाद में रिटायर्ड सूबेदार के घर में लगाई आग, दो गिरफ्तार
मेरठ के टीपी नगर थाना क्षेत्र के शिव कुंज में रिटायर्ड सूबेदार के घर आग लगाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक किराएदार और टेंट मालिक के बीच महज 1400 रुपये के विवाद को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद बाइक सवार युवकों ने घर में आग लगा दी. घटना में कई लोग झुलस गए थे. आग लगाने की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी. पुलिस ने फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
मेरठ: सड़क पर अश्लीलता का आरोप, महिलाओं ने युवकों को पकड़कर पीटा
मेरठ के जागृति विहार एक्सटेंशन में सड़क पर अश्लीलता करने के आरोप में महिलाओं ने कुछ युवकों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी. आरोप है कि युवक सड़क पर अश्लील गानों पर डांस कर रहे थे और महिलाओं पर आपत्तिजनक कमेंट कर रहे थे. महिलाओं ने एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि तीन आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है.
औरैया: अवैध पटाखा बनाने और भंडारण पर पुलिस की कार्रवाई, 258 किलो सामग्री बरामद
औरैया जिले में अवैध पटाखा बनाने और भंडारण करने वालों के खिलाफ फफूंद पुलिस ने कार्रवाई की है. पुलिस ने दो आतिशबाजों को गिरफ्तार किया है. उनके कब्जे से कुल 258 किलोग्राम विस्फोटक आतिशबाजी सामग्री बरामद की गई. इसमें 191 किलोग्राम निर्मित और अर्धनिर्मित पटाखा सामग्री, 46 किलोग्राम दफ्ती के खोखे और 21 किलोग्राम बारूद शामिल है. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
लखनऊ: दो युवकों की मारपीट का CCTV वायरल, जांच में जुटी विभूतिखंड पुलिस
लखनऊ के विभूतिखंड इलाके में दो युवकों के बीच मारपीट का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में युवकों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है. बताया जा रहा है कि घटना में शुभम पाठक नाम का युवक घायल हुआ है. देर रात का बताया जा रहा वीडियो सामने आने के बाद विभूतिखंड पुलिस ने फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है.
मुरादाबाद: रेलवे स्टेशन के सामने गेस्ट हाउस में भीषण आग, यात्रियों ने बाहर निकलकर बचाई जान
मुरादाबाद में रेलवे स्टेशन के सामने विनायक गेस्ट हाउस में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगने की आशंका है. आग लगते ही गेस्ट हाउस में ठहरे यात्री समय रहते बाहर निकल आए, जिससे उनकी जान बच गई. जल्दबाजी में कई यात्री अपना सामान कमरों में ही छोड़कर बाहर भागे. आग की चपेट में दास पीसीओ और विनायक गेस्ट हाउस में भी नुकसान हुआ. सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और पांच दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया. मामला शहर कोतवाली क्षेत्र का है.
सुल्तानपुर में हत्या के प्रयास के आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर पथराव का आरोप
सुल्तानपुर में हत्या के प्रयास के मामले में वांछित आरोपी के भाई को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम के साथ हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पुलिस के मुताबिक धमौर पुलिस संजय यदुवंशी के भाई शिवा यादव को पकड़ने पहुंची थी. आरोप है कि इस दौरान परिवार के लोगों ने पुलिसकर्मियों को ईंट-पत्थर से हमला करने की धमकी दी और गाली-गलौज की. पुलिस का आरोप है कि आरोपी के पिता ने छत से ईंट-पत्थर बरसाकर कार्रवाई में बाधा डालने की कोशिश की. मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी है.
सुल्तानपुर में राहुल गांधी के खिलाफ 2018 के मानहानि मामले में आज होगी सुनवाई
सुल्तानपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट में राहुल गांधी के खिलाफ चल रहे 2018 के मानहानि मामले में आज सुनवाई होगी. केंद्रीय गृहमंत्री पर कथित टिप्पणी से जुड़े इस मामले में पिछली कार्यवाही अदालत में कंडोलेंस यानी शोक सभा के चलते नहीं हो सकी थी. अब अदालत में मामले की सुनवाई होनी है. इस मामले पर राजनीतिक और कानूनी दोनों स्तरों पर नजर बनी हुई है.
कांग्रेस आज मनाएगी ‘ब्लैक डे’, देशभर में प्रदर्शन का ऐलान
कांग्रेस ने 8 अक्टूबर को ‘ब्लैक डे’ मनाने का ऐलान किया है. पार्टी की ओर से प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन किए जाएंगे. कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने PCC, DCC और BCC अध्यक्षों को पत्र जारी कर प्रदर्शन करने के निर्देश दिए हैं. पार्टी का आरोप है कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और INDIA ब्लॉक के सांसदों के साथ जंतर-मंतर जाते समय बदसलूकी और लाठीचार्ज किया गया. कांग्रेस ने चुनाव आयोग से जवाबदेही की मांग करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग भी दोहराई है.
एटा में शादी का झांसा देकर युवती से होटल में दुष्कर्म का आरोप, केस दर्ज
एटा के कोतवाली नगर क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोप सामने आया है. पीड़िता के मुताबिक नोएडा में नौकरी के दौरान उसकी आरोपी सीटू से दोस्ती हुई थी. आरोप है कि शादी का भरोसा देकर आरोपी ने उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए. पीड़िता ने 30 सितंबर को होटल प्रेसिडेंट में दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया है. लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है. मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है. कोतवाली से कुछ ही दूरी पर होटल में घटना के आरोप के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.
महोबा में खेत की झोपड़ी में 3 साल की मासूम से दुष्कर्म, आरोपी हिरासत में
महोबा के कबरई थाना क्षेत्र के एक गांव में तीन साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है. आरोप है कि माता-पिता खेत में फसल काट रहे थे और बच्ची पास की झोपड़ी में सो रही थी. इसी दौरान युवक ने अकेली बच्ची को देखकर उसके साथ दरिंदगी की. परिजनों के पहुंचने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी. सूचना पर पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम मौके पर पहुंची. एएसपी वंदना सिंह और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का जायजा लेकर साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने आरोपी चंदन सिंह के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है. पीड़िता को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.