Last Updated:
Patna Protest: बिहार में विपक्ष सड़कों पर उतर गया. एसआईआर के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया जा रहा है. विधानसभा नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव कार्यकर्ताओं के साथ मार्च निकाल रहे थे. इसी बीच पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया. साथ ही अन्य नेताओं को भी डिटेन किया गया.
पटना में प्रोटेस्ट. (फोटो साभारः PTI)
पटनाः बिहार में SIR के विरोध में विपक्ष का हल्ला बोल जारी है. पटना में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की अगुवाई में महागठबंधन के नेता राजभवन मार्च के लिए सड़क पर उतरे. तेजस्वी यादव समेत कई राजद नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया. प्रदर्शन को देखते हुए पटना में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. पांच लेयर की बैरिकेडिंग के साथ RAF और बड़ी संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती की गई है. वाटर कैनन की गाड़ियां भी मौके पर मौजूद हैं.
- तेजस्वी यादव को हिरासत में लेकर जिस गाड़ी में बैठाया गया, उसके आसपास राजद कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट गई. कुछ कार्यकर्ता गाड़ी के ऊपर चढ़ गए और वाहन को क्षतिग्रस्त करने की कोशिश करते नजर आए. इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की. प्रदर्शन के दौरान कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
पांच लेयर की बैरिकेडिंग
विपक्ष के मार्च को देखते हुए पुलिस ने कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की है. संवेदनशील जगहों पर पांच लेयर की बैरिकेडिंग की गई है. किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पटना पुलिस के साथ RAF और केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है. प्रदर्शनकारियों के राजभवन की ओर बढ़ने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में जवानों को लगाया गया है. कई जगहों पर पुलिस की अतिरिक्त टीम भी तैनात की गई है.
वाटर कैनन भी तैनात
प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने वाटर कैनन की गाड़ियां भी मौके पर उतारी हैं. पुलिस की ओर से प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी तैयारियां की गई हैं. महागठबंधन की ओर से पहले ही इस मार्च का ऐलान किया गया था. इसके तहत 7 अक्टूबर को बिहार के सभी 534 प्रखंड मुख्यालयों पर आक्रोश मार्च निकाला गया था. इसके बाद 8 अक्टूबर को जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन और पटना में राजभवन मार्च का कार्यक्रम रखा गया.
SIR को लेकर विपक्ष का विरोध
विपक्ष SIR की प्रक्रिया और चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर लगातार सवाल उठा रहा है. महागठबंधन का कहना है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े मुद्दों पर उसकी आपत्तियों को दूर किया जाना चाहिए. राजभवन मार्च के जरिए विपक्ष अपनी मांगों से जुड़ा ज्ञापन राज्यपाल को सौंपने की तैयारी में है. मार्च में इंडिया गठबंधन के कई दलों के नेता, सांसद, विधायक, विधान पार्षद और कार्यकर्ता शामिल हैं. पटना में प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन की चुनौती भी बढ़ गई है. एक तरफ विपक्ष अपनी मांगों को लेकर राजभवन तक पहुंचने की तैयारी में है, वहीं पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं.