लखनऊः उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम का मिजाज बदल गया है. आज राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में सुबह से हल्की बारिश और बादल छाए रहे. बारिश के साथ तेज हवाएं चलने से तापमान में भी गिरावट महसूस की गई. मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, आंधी, आकाशीय बिजली और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है.
लखनऊ समेत इन जिलों में तेज बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, अयोध्या, कानपुर देहात, उन्नाव, लखनऊ और बाराबंकी में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है. इन इलाकों में मौसम अचानक बदलने और तेज हवाएं चलने की संभावना है.
इन जिलों में बिजली और ओलावृष्टि का अलर्ट
हरदोई, सीतापुर, बहराइच, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती और लखीमपुर खीरी के आसपास के इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने के साथ कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है. लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर न रहने की सलाह दी गई है.
पूर्वांचल के इन जिलों में भी बारिश की संभावना
सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, प्रयागराज, गाजीपुर, जौनपुर, प्रतापगढ़ और कौशांबी में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं फतेहपुर, आजमगढ़, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, गोरखपुर, संत कबीरनगर, बस्ती, कन्नौज और फर्रुखाबाद में मेघगर्जन और आकाशीय बिजली के आसार हैं.
पश्चिमी यूपी में भी तेज हवाओं का अलर्ट
शाहजहांपुर, बरेली, पीलीभीत, रामपुर, मुरादाबाद और बिजनौर में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है. प्रभावित इलाकों में हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है, जबकि कुछ जगहों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटे या उससे अधिक की झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है.
अगले दो दिन तापमान में गिरावट
पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले दो दिनों तक मौसम में नरमी बनी रह सकती है. इस दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने का अनुमान है. हालांकि इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने से बारिश की गतिविधियों में कमी आने के संकेत हैं. मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, यूपी के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण मौसम में यह बदलाव आया है. अगले दो दिनों तक कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है.